हमने समझाया था लेकिन टाइगर को बात समझ नहीं आई... फायरिंग के बाद वायरल ऑडियो में बिश्नोई गैंग ने क्या कहा?
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जुहू में गोलीबारी हुई है. सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें लॉरेन्स बिश्नोई ग्रुप ने हमले की जिम्मेदारी ली है. इंटरनेट पर ऑडियो वायरल हो रहा है.
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है. जुहू में गोलीबारी हुई है. हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है. वायरल ऑडियो में कहा जा रहा है कि एक्टर पर गोलीबारी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने की है. अनिल पंडित और हरमन संधू ने एक्टर पर हमला किया है.
अनिल पंडित का वायरल ऑडियो
इंटरनेट पर अनिल पंडित का ऑडियो वायरल हो रहा है. वायरल ऑडियो में अनिल पंडित बोलते हैं- राम सारे भाईयां ने, मैं अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई, मुंबई में जो टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और बड़ा भाई हरमन संधू लेते हैं. इसको हमने समझाया था लेकिन इसको समझ नहीं आया, जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमने अलग होकर या सलमान खान के साथ मिलकर काम करेगा उसको हम मार देंगे. यह पहली और आखिरी चेतावनी है.
ऑडियो में सलमान खान को धमकी दी है. धमकी देते हुए बोला कि- सलमान खान ध्यान से सुन अगर तुने मेरे बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई या बिश्वोई समाज से माफी नहीं मांगी तो तेरे घर में किसी को नहीं छोड़ेंग. पूरे परिवार का नाश कर देंगे. इसके अलावा ऑडियो में कहा है कि जो लोग हमारे नाम से फेम रहे हैं उनका भी नंबर आएगा.
लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के मेंबर अनिल पंडित इस समय अमेरिका में हैं. वह हरियाणा के रहने वाले हैं इससे पहले वह कई हमलों की जिम्मेदारी ले चुके हैं. अनिल पंडित के भाई हरमन संधू भी विदेश में हैं. एक्टर पर उन्होंने विदेश से हमला करवाया है.
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस से ली जानकारी
CM देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली.उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
सुरक्षित हैं टाइगर श्रॉफ
इस गोलीबारी हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित है. एक्टर को गोली लगने से चोट नहीं आई है. मुंबई पुलिस मामले क जांच कर रही हैं. एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला शाम के समय हुआ जब वह फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे. रिपोर्ट्स के अनुसार बाइक पर कुछ अज्ञात हमलावर आए और एक्टर की BMW कार पर 5 राउंड फायरिंग की. इस फायरिंग से एक्टर को सुरक्षित है लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लग गई है, ड्राइवर को इलाज के लिए नानावती अस्पताल में एडमिट कराया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में हैं. टाइगर पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है वहीं इस घटना को काफी गंभीरता से लिया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 15 स्पेशल टीम बनाई है जो जांच कर रही है.रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले साल अप्रैल में टाइगर श्रॉफ को जान से मारने की धमकी मिली थी.
जी न्यूज इस ऑडियो और फेसबुक पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है.