SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

प्राइवेट डेट के लिए खाली करा दिया था पूरा वेन्यू... अनन्या बिड़ला ने 'कॉफी विद करण' पर खोले ऐसे ही कई राज; फैन्स भी भौचक्के

'कॉफी विद करण 9' के लेटेस्ट एपिसोड में अनन्या बिड़ला ने रणवीर सिंह की जॉम्बी फिल्म 'प्रलय' को एक ग्रैंड स्पेक्टेकल बताया है. इसके साथ ही उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की बॉक्स ऑफिस सक्सेस और अनन्या पांडे संग मजेदार गेम राउंड पर भी खुलकर बात की.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 19, 2026, 10:23 IST | Updated: Nov 19, 2026, 10:39 IST
Image Credit: अनन्या बिड़ला ने कॉफी विद करण पर किया मजेदार खुलासा (PC- Koffee With Karan)
Join

करण जौहर के पॉपुलर चैट शो 'कॉफी विद करण' के नौवें और आखिरी सीजन में इस बार दो खास मेहमानों ने जमकर महफिल लूटी. शो के लेटेस्ट एपिसोड में सिंगर और प्रोड्यूसर अनन्या बिड़ला के साथ एक्ट्रेस अनन्या पांडे काउच पर नजर आईं. इस दौरान दोनों ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर अपकमिंग प्रोजेक्ट्स तक पर कई मजेदार खुलासे किए. खास तौर पर अनन्या बिड़ला ने रणवीर सिंह की अगली बड़ी फिल्म 'प्रलय' को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिससे फैंस की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है.

बॉलीवुड के एनर्जी किंग रणवीर सिंह बहुत जल्द जॉम्बी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. वह जय मेहता के डायरेक्शन में बन रही बड़े बजट की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'प्रलय' में नजर आएंगे. 'कॉफी विद करण 9' के मंच पर जब करण जौहर ने इस फिल्म को लेकर सवाल किया, तो इसकी प्रोड्यूसर अनन्या बिड़ला ने इसे एक 'स्पेक्टेकल' यानी शानदार विजुअल अनुभव करार दिया. शो के दौरान अनन्या बिड़ला ने कहा कि यह फिल्म वाकई कमाल की होने वाली है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि दर्शकों को यह प्रोजेक्ट बेहद पसंद आएगा. उन्होंने आगे कहा कि अपनी तरफ से पूरी मेहनत करने के बाद अब सब कुछ भगवान और जनता के हाथ में है.

मुंबई की रियल लोकेशन पर चल रही है शूटिंग

फिल्म 'प्रलय' से जुड़ी बाकी जानकारी फिलहाल मेकर्स ने सीक्रेट रखी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की जबरदस्त कामयाबी के बाद यह रणवीर सिंह की पहली रिलीज होगी. इस फिल्म में रणवीर एक्टिंग करने के साथ-साथ इसे प्रोड्यूस भी कर रहे हैं. उनके साथ साउथ सिनेमा की एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी, जिन्हें फिल्म 'लोकाह' से बड़ी पहचान मिली थी. कई महीनों के टेक्निकल प्री-प्रोडक्शन के बाद अब फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है. मेकर्स ने इसके लिए मुंबई और आसपास के इलाकों की रियल लोकेशंस को चुना है.

 

 

'मैं वापस आऊंगा' की बॉक्स ऑफिस सक्सेस पर की बात

बातचीत के दौरान करण जौहर ने अनन्या बिड़ला के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की भी जमकर तारीफ की. करण ने इसे इस साल की सबसे बड़ी 'स्लीपर हिट' फिल्मों में से एक बताया, जिसने धीमी शुरुआत के बाद बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया. इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म पर अनन्या बिड़ला ने कहा कि पहले दिन फिल्म ने करीब 1 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था, लेकिन उसके बाद इसने इतिहास रच दिया. उन्होंने इम्तियाज अली जैसे डायरेक्टर के साथ काम करने पर गर्व जताया.

ट्रेड ट्रैकर 'सैकनिल्क' के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 1.15 करोड़ रुपये की नेट ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने दुनिया भर में 99.39 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है. इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिका में हैं.

पापा की बायोपिक में शाहरुख खान को देखना चाहती हैं अनन्या बिड़ला

'कॉफी विद करण 9' के इसी एपिसोड में एक बेहद खास और इमोशनल पल भी देखने को मिला. बातचीत के दौरान होस्ट करण जौहर ने अनन्या बिड़ला से सवाल किया कि अगर कभी उनके पिता और आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरपर्सन कुमार मंगलम बिड़ला की बायोपिक बनती है, तो वह पर्दे पर उनका किरदार निभाने के लिए किस एक्टर को कास्ट करना चाहेंगी. इस पर अनन्या ने बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान का नाम लिया. इसकी वजह बताते हुए अनन्या ने बेहद प्यारा जवाब दिया और कहा कि वह शाहरुख को इसलिए चुनेंगी क्योंकि वह सिनेमा के बादशाह हैं, और उनके पापा उनकी जिंदगी के बादशाह हैं.

 

 

अनन्या पांडे ने मिलाया अपने एक्स-बॉयफ्रेंड्स को फोन

शो में मस्ती का तड़का तब लगा जब दोनों अनन्या ने गेम राउंड खेला और पर्सनल सवालों के जवाब दिए. अनन्या पांडे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें दुनिया की हर दूसरी अनन्या से चिढ़ है, सिवाय अनन्या बिड़ला के. वहीं 'सिप इट इफ यू हैव डन इट' राउंड में अनन्या बिड़ला ने खुलासा किया कि एक बार उन्होंने अपनी प्राइवेट डेट के लिए पूरा वेन्यू ही खाली करवा दिया था. इसके अलावा जब उनसे पूछा गया कि उनमें सबसे 'अन-बिड़ला' वाली आदत क्या है, तो उन्होंने बताया कि वह कभी अपने साथ कैश या पैसे लेकर नहीं चलतीं.

दूसरी तरफ, गेम के दौरान अनन्या पांडे ने आदित्य रॉय कपूर, ईशान खट्टर और कार्तिक आर्यन को फोन मिलाया, जिस पर अनन्या बिड़ला ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने सभी एक्स को कॉल कर लिया है.

शनाया कपूर की सरप्राइज एंट्री

एपिसोड में शनाया कपूर ने भी सरप्राइज एंट्री मारी और अनन्या पांडे के साथ मिलकर रणवीर सिंह के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की. याद दिला दें कि अनन्या पांडे इससे पहले सीजन 8 में सारा अली खान के साथ नजर आई थीं, जहां करण ने कार्तिक और आदित्य को लेकर उनसे कई तीखे सवाल पूछे थे. गौरतलब है कि अक्टूबर में शुरू हुआ 'कॉफी विद करण' का यह नौवां सीजन इस शो का आखिरी सीजन है. खुद करण जौहर ने इसे कन्फर्म किया है. इस सीजन के पहले मेहमान सलमान खान बने थे, जिसके बाद रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा, करीना कपूर-सैफ अली खान और कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे बड़े सितारे शो पर आ चुके हैं.

यह भी पढ़ें: पोस्ट डालो, बवाल करवाओ, फिर डिलीट कर दो... अपने ही फैंस को कितना बेवकूफ समझते हैं सितारे? दीया-नवाजुद्दीन के मजाक ने खोली बॉलीवुड की पोल‌
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES