Hanuman Ansh की सफलता का जश्न मनाने मंदिर पहुंचे कार्तिक आर्यन, भक्ति में डूबे एक्टर का Video Viral!
फिल्म 'हनुमान अंश' के 100 दिन पूरे होने पर मेकर्स ने मुंबई के जुहू इस्कॉन मंदिर में अनोखी सक्सेस पार्टी रखी, जिसमें कार्तिक आर्यन भक्ति में लीन दिखे. धीमी शुरुआत के बाद 453 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली ये फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सोनी लिव पर रिलीज होगी.
बॉलीवुड में अक्सर किसी फिल्म की सफलता का जश्न आलीशान फाइव-स्टार होटल या महंगे क्लब में मनाया जाता है, जहां ग्लैमर और शोर-शराबा आम बात होती है. लेकिन फिल्म 'हनुमान अंश' के मेकर्स ने इस शो ऑफ को छोड़ते हुए एक बेहद अनोखी और आध्यात्मिक राह चुनी. थिएटर में फिल्म के 100 दिन पूरे होने की खुशी में मुंबई के जुहू स्थित इस्कॉन मंदिर में एक खास सक्सेस पार्टी रखी गई, जिसमें बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन भी शामिल हुए.
जुहू के इस्कॉन मंदिर में आयोजित इस जश्न ने अपनी सादगी और अनोखे अंदाज से हर किसी का ध्यान खींचा. इस कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें कार्तिक आर्यन मंदिर परिसर में प्रवेश करते और फिल्म की पूरी टीम से आत्मीयता से मिलते नजर आ रहे हैं.
शराब या नॉन वेज नहीं, सात्विक भोजन से मनाया जश्न
कार्तिक ने वहां आयोजित भजन और आरती में भी पूरे मन से हिस्सा लिया. मंदिर की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए पार्टी में शराब या नॉन-वेज के बजाए मेहमानों को पूरी तरह से शुद्ध शाकाहारी और सात्विक भोजन परोसा गया. एक वीडियो में कार्यक्रम के होस्ट कार्तिक से बॉलीवुड में भी इस तरह के सात्विक जश्न को बढ़ावा देने की बात कहते दिखे.
धीमी शुरुआत के बाद बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस जर्नी किसी चमत्कार से कम नहीं रही है. रिलीज के पहले हफ्ते में फिल्म ने भारत में महज 1.08 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया था, जबकि दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई गिरकर करीब 40 लाख रुपये रह गई थी. उस समय ऐसा लग रहा था कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से उतर जाएगी.
लेकिन तीसरे हफ्ते से ऑडियंस का ऐसा प्यार उमड़ा कि टिकट खिड़की पर रफ्तार थमने का नाम ही नहीं ले रही है. फिल्म ने भारत में 342.86 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में 453.33 करोड़ रुपये ग्रॉस की हिस्टोरिकल कमाई कर डाली है और 100 दिन पूरे होने के बाद भी ये कुछ सिनेमाघरों में लगी हुई है.
ओटीटी पर दस्तक देगी 'हनुमान अंश'
सिनेमाघरों में ऐतिहासिक सफलता का परचम लहराने के बाद अब 'हनुमान अंश' डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऑडियंस का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है. ये फिल्म 27 नवंबर, 2026 को पॉपुलर ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम होने जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की जबरदस्त पॉपुलैरिटी को देखते हुए मेकर्स ने इसके ओटीटी और टीवी राइट्स सोनी को लगभग 60 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में बेचे हैं, हालांकि इस डील की ऑफिशियल अनाउंसमेंट होना अभी बाकी है.
कार्तिक आर्यन के फिल्मी करियर पर एक नजर
कार्तिक आर्यन के करियर की बात करें तो, उन्होंने साल 2011 में फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और अपने दमदार मोनोलॉग से रातों-रात युवाओं के बीच मशहूर हो गए. इसके बाद 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'लुका छुपी' और 'भूल भुलैया 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद सितारों की कतार में खड़ा कर दिया. 'चंदू चैंपियन' और 'भूल भुलैया 3' के बाद अब कार्तिक आने वाले साल 2027 में 'नागजिला', 'लड़ाकू', 'कैप्टन इंडिया' और अनुराग बसु की रोमांटिक फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर धमाल मचाने की तैयारी में हैं.