एक की मौत, दूसरी की तलाश... शनाया कपूर की 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में इस बार खूनी खेल; ट्रेलर रिलीज
शनाया कपूर स्टारर 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. इस ट्रेलर में शनाया कपूर डबल किरदार में नजर आ रही हैं. जहां एक बहन की मौत हो जाती है और दूसरी बहन उसका सच जानने की कोशिश में लग जाती है. इस 2 मिनट के ट्रेलर में आपको जबरदस्त रोमांचक मर्डर मिस्ट्री देखने को मिलेगी.
बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर करण जौहर की मोस्ट पॉपुलर फ्रेंचाइजी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' अब एक नए और डार्क अंदाज में दर्शकों के सामने धमाका मचाने वाली है. जियोहॉटस्टार की अपकमिंग वेब सीरीज 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का हाल ही में ट्रेलर रिलीज हो चुका है. इसमें 'सेंट टेरेसा' की जानी-पहचानी दुनिया को एक कैंपस मर्डर मिस्ट्री के रूप में पेश किया गया है. सीरीज में शनाया कपूर डबल किरदार में नजर आएंगी. इस बार दर्शकों को सेंट टेरेसा कॉलेज के गलियारों में केवल ग्लैमर, दोस्ती और कॉम्पिटिशन ही नहीं, बल्कि एक रहस्यमयी मौत और कातिल की तलाश भी देखने को मिलेगी.
करण जौहर की इस सीरीज में आपको शनाया कपूर जबरदस्त डबल किरदार में नजर आएंगी. शनाया के अलावा सीरीज में अभिनव सिंह, दिविक शर्मा, मान्या ग्रोवर, दीया दमानी, आदि मलिक, शीबा चड्ढा और विवेक गोम्बर भी नजर आएंगे. 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का ट्रेलर देखने के बाद आपकी एक्साइटमेंट बढ़ जाएगी.
जुड़वां बहन की मौत से होती है ट्रेलर की शुरूआत
शनाया कपूर की मर्डर मिस्ट्री सीरीज के ट्रेलर की शुरुआत अदिति की जुड़वां बहन आयशा मलिक की मृत बॉडी मिलने से होती है. आयशा इलाके के मशहूर सेंट टेरेसा हेरिटेज स्कूल में पढ़ती थी. यह एक बहन की इंसाफ की लड़ाई है, जो सच का पता लगाने के लिए उसी स्कूल में पहुंचती है. कहानी में संदिग्ध हैं, सबूत हैं और साथ ही कई सवाल भी हैं कि आयशा के साथ आखिर क्या हुआ था?
यहां देखें 2 मिनट का 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का धमाकेदार ट्रेलर
ओटीटी डेब्यू कर रही शनाया कपूर
बता दें कि 'तू या मैं' और 'आंखों की गुस्ताखियां' जैसी फिल्में देने के बाद शनाया कपूर ओटीटी डेब्यू करने जा रही हैं. इस सीरीज में शनाया बेहद खूबसूरत लग रही हैं. सीरीज में पहले के मुकाबले उनके अंदर काफी आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है. वह अपने किरदार में काफी जच रही हैं. हालांकि, कई जगह ऐसा महसूस होता है कि उन्हें अपनी डायलॉग डिलीवरी पर थोड़ा और काम करने की जरूरत है.
क्या है इस सीरीज की कहानी?
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' के ट्रेलर की शुरुआत में आप देखेंगे कि आयशा मलिक (शनाया कपूर) की बॉडी बाराखली लेक से बर्फ में जमी हुई मिली है. वह सेंट टेरेसा हेरिटेज स्कूल में पढ़ने जाती थी. शुरुआती कुछ सेकेंड में एक अजीब-बिगड़े हुए वॉइस ओवर से हमें यह एहसास हो जाता है कि स्कूल में सबकुछ ठीक नहीं है. यहां बच्चे आधी रात को कुछ ऐसे गेम्स खेलते हैं, जो जानलेवा होते हैं. अपनी बहन आयशा की मौत का सच जानने के लिए उसकी दूसरी बहन पूरी कोशिश में जूट जाती है. आप देखेंगे कि सबके पास आयशा की कुछ न कुछ यादें तो हैं, लेकिन क्लियर किसी के पास नहीं है.
बता दें कि 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' अगले महीने 13 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.