इंस्टाग्राम फीड बना सिरदर्द: एल्गोरिदम के जाल में फंसे करण जौहर, मजेदार अंदाज में सुनाई आपबीती
फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर मजेदार पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उनके सोशल मीडिया एल्गोरिदम को थेरेपिस्ट की जरूरत है. इसके अलावा उन्होंने मुंबई में प्रिंस विलियम से हुई अपनी खास मुलाकात के अनुभव भी शेयर किए.
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी बेबाक व मजेदार बातों से फैंस का ध्यान खींचते हैं. मंगलवार को करण ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसी बात शेयर की है, जिससे आज का हर यूथ खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेगा. केजो ने बताया कि इन दिनों उनके सोशल मीडिया एल्गोरिदम का उनकी मेंटल हेल्थ पर गहरा असर पड़ रहा है और अब उनके फीड को किसी थेरेपिस्ट की सख्त जरूरत है.
क्यों अपने एल्गोरिदम से परेशान हैं करण जौहर?
करण जौहर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बेहद मजेदार लेकिन सच्चा नोट लिखा है. आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, करण ने शिकायत की कि उनका एल्गोरिदम उन्हें ऐसे अनजान लोगों के रिश्तों में इमोशनली उलझा रहा है, जिन्हें वह जानते तक नहीं हैं. इसके अलावा, फीड में दिखने वाले विज्ञापनों और रील्स की वजह से उनके अंदर ऐसी चीजें खरीदने की इच्छा जाग रही है, जिनका उनकी जिंदगी में कोई इस्तेमाल ही नहीं है. करण ने आगे लिखा कि सोशल मीडिया उन्हें उन बातों को लेकर भी गुस्सा और उदास कर रहा है, जिन पर उनका कोई बस नहीं है. अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने चुटकी ली कि कुल मिलाकर उनके फीड को थेरेपी की जरूरत है.
मुंबई में प्रिंस विलियम से हुई खास मुलाकात
सोशल मीडिया की इस मजेदार शिकायत के अलावा करण जौहर एक बेहद खास और शाही मुलाकात को लेकर भी चर्चा में रहे. दरअसल, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम अपने मुंबई दौरे के दौरान करण जौहर के ऑफिस पहुंचे थे. इस रॉयल मेहमान की मेजबानी करने पर गर्व जताते हुए करण ने मीडिया को बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद शानदार रहा. दोनों के बीच फिल्मों और फिल्ममेकिंग की बारीकियों पर लंबी बातचीत हुई. करण ने बताया कि भारतीय फिल्में अब विदेशों में भी जबरदस्त कमाई कर रही हैं और यूनाइटेड किंगडम में हमारी फिल्मों का बहुत बड़ा मार्केट है, जो अक्सर ग्लोबल टॉप 10 लिस्ट में अपनी जगह बनाता है.
आईएएनएस की खबर के अनुसार, करण जौहर ने प्रिंस विलियम के साथ अपनी आइकॉनिक फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का भी जिक्र किया था, जो इस साल 14 दिसंबर को अपनी रिलीज के 25 साल पूरे करने जा रही है. चूंकि इस फिल्म का बड़ा हिस्सा यूके में शूट हुआ था, इसलिए दोनों ने इस खास कनेक्शन पर बात की. इसके साथ ही बातचीत में क्रिकेट का जिक्र भी छिड़ा, क्योंकि सैफ अली खान और प्रिंस विलियम दोनों के परिवारों का क्रिकेट से पुराना और गहरा नाता रहा है.
(इनपुट आईएएनएस से भी)