Kaali Kheti Review: फुल पैसा वसूल है जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की 'काली खेती, नए लेवल पर पहुंची ये हॉरर फिल्म
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की हॉरर फिल्म 'काली खेती' दर्शकों को डर और रोमांच का नया अनुभव देती है. फिल्म की कहानी, कलाकारों की दमदार एक्टिंग और डरावने सीन्स इसे खास बनाते हैं. अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपका पूरा मनोरंजन कर सकती है.
फिल्म: काली खेती
निर्देशक: हारिस इम्तियाज खान
कलाकार: जैकी श्रॉफ, शरद केलकर और नेहा सरगम
अवधि: 1 घंटा 49 मिनट
कहां देखें: सिनेमाघरों में
रेटिंग: 4
Kaali Kheti Review: फिल्म काली खेती,बॉलीवुड के टेम्पलेट पर बनने वाली सभी हॉरर फिल्मों से अलग है,ये फ्रेश है, नई है और इसको पेश करने का अंदाज भी नया है.सबसे पहले बात फिल्म की कहानी की करते हैं.कहानी एक परिवार की है.जो एक गांव में रहता है. रोहित (शरद केलकर), अपनी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और राजू (स्पंदन) के साथ गांव में रहता है. किसी वजह से रोहित को अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ)को गांव बुलाना पड़ता है. किशन जब गांव आते हैं तो धीरे-धीरे उन्हें समझ आता है कि यहां कुछ काफी अलग चल रहा है.रोहित भी कई बार कहता है कि खेती बदल गई है,नई खेती है.अब इसके बाद जो कुछ भी फिल्म में देखने को मिलता है,उसे आपको जरूर देखना चाहिए.
जैकी और शरद का दमदार रोल
बात अगर एक्टिंग की करें तो जैकी श्रॉफ इस फिल्म की जान हैं.हर फ्रेम में, हर डायलॉग में, हर बार जैकी ये साबित करते हैं कि क्यों वो आइकॉनिक कहलाते हैं. जग्गू दादा हर फिल्म के साथ बतौर एक्टर अपनी रेंज साबित कर रहे हैं.वहीं फिल्म में शरद केलकर भी कड़क दिखे हैं और अपने हिस्से की अदाकारी के साथ पूरा इंसाफ करते हैं.इसके अलावा नेहा सरगम के किरदार में जो लेयर्स हैं,उन्हें खूबसूरती के साथ निभाया है.वहीं शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना का भी काम अच्छा है.इन सभी कलाकारों के साथ ही स्पंदन ने भी संजीदगी के साथ अपने किरदार को निभाया है और वो फिल्म में जान डालते दिखते हैं.
बेहतरीन फिल्म
इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हारिस इम्तियाज खान हैं. सिर्फ डायरेक्शन ही नहीं बल्कि डायलॉग्स और स्क्रीनप्ले का क्रेडिट भी उनको ही जाता है. फिल्म तकनीकी पहलुओं पर कसी हुई है. कैमरा से लेकर साउंड डिजाइन तक, सब कुछ परफेक्ट है. फिल्म का वीएफएक्स भी बजट के हिसाब से बढ़िया है. सिनेमैटोग्राफी, बैकग्राउंड स्कोर, बैकग्राउंड म्यूजिक सहित अन्य टेक्निकल चीजों पर भी फिल्म अच्छी है. हालांकि फिल्म की लंबाई पर थोड़ी सी मेहनत हो सकती थी, तो और क्रिस्प हो जाती. सबसे कमाल बात ये है कि ये पूरी फिल्म देखने के बाद ये विश्वास करना थोड़ा सा मुश्किल हो जाता है कि बतौर डायरेक्टर हारिस की ये पहली फिल्म है, क्योंकि उनका काम वाकई काबिल-ए-तारीफ है.
ये हॉरर थोड़ा अलग है
इस फिल्म की खासियत यही है कि ये कोई नॉर्मल टिपिकल बॉलीवुड हॉरर फिल्म नहीं है,बल्कि ये कुछ नया एक्सप्लोर करती हैं. ऐसा हॉरर आपने पहले कभी नहीं देखा होगा. फिल्म के नाम का मतलब भी आपको आखिर में समझ आ जाएगा.