'जेलर 2' के क्लाइमैक्स में मोहनलाल के बॉडी डबल ने किया स्टंट? एक्शन डायरेक्टर ने बताया सच
'जेलर 2' के क्लाइमैक्स में मोहनलाल के कार स्टंट को लेकर सवाल उठ रहे हैं. क्या यह सीन सुपरस्टार ने खुद किया या बॉडी डबल की मदद ली गई? अब एक्शन डायरेक्टर ने इस सीन के पीछे का सच बताया है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
रजनीकांत की 'जेलर 2' में मोहनलाल के नजर आने को लेकर फैंस के बीच कई सवाल उठ रहे हैं. खासकर तब से जब दर्शकों ने उनके बहुत कम स्क्रीन टाइम और फिल्म के एक अहम हिस्से में 'बॉडी डबल' के इस्तेमाल की संभावना को लेकर चिंता जताई. इसपर फिल्म के एक्शन डायरेक्टर चेतन रामशी डिसूजा और मलयालम सुपरस्टार के लिए 'स्टैंड-इन' के तौर पर काम करने वाले जोबी कोडकारा ने इन अफवाहों पर सफाई दी है और बताया है कि असल में क्या हुआ था.
यह अटकलें तब और तेज हो गईं जब फैंस ने सवाल उठाना शुरू किया कि क्या फिल्म के क्लाइमैक्स के एक सीन में रजनीकांत के साथ खुद मोहनलाल मौजूद थे. कुछ दर्शकों का मानना था कि शायद किसी 'बॉडी डबल' का इस्तेमाल किया गया हो. जबकि कुछ अन्य लोगों ने सोचा कि क्या इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कोई रोल हो सकता है.
चेतन ने सिनेमैटोग्राफर विजय कार्तिक कन्नन के साथ इंस्टाग्राम पर शेयर की गई एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में इस बात का जवाब दिया. यह पोस्ट फिल्म में सिनेमैटोग्राफर के काम की तारीफ करने के लिए थी. एक फैन ने इस मौके का फायदा उठाते हुए पूछा कि मोहनलाल इंट्रोडक्शन छोटा क्यों कर दिया गया है और यह भी पूछा कि कार वाले सीन में खुद मोहनलाल थे या उनकी जगह किसी 'डुप' (हमशक्ल/स्टंट डबल) का इस्तेमाल किया गया था.
'जेलर 2' के क्लाइमैक्स में किसने चलाई कार?
एक फैन ने पूछा, 'सर, मेरे दो सवाल हैं. मोहनलाल सर का इंट्रोडक्शन छोटा क्यों कर दिया गया है? मुझे लगता है कि स्टार्स के कुछ और सीन भी काटे गए हैं. दूसरा सवाल यह है कि कार वाले सीन में मोहनलाल ने खुद एक्टिंग की है या किसी 'डुप' ने? ऐसी चर्चा है कि उस सीन में किसी 'डुप' का इस्तेमाल हुआ है.'
हालांकि, चेतन ने इंट्रोडक्शन छोटा किए जाने वाले सवाल का कोई जवाब नहीं दिया. लेकिन उन्होंने कास्टिंग को लेकर चल रही अटकलों पर एक छोटी-सी सफाई देते हुए कहा, 'यह वही हैं.' उनके इस जवाब से साफ हो जाता है कि उस सीन में मोहनलाल ने खुद काम किया है, जिससे उन दावों का खंडन होता है जिनमें कहा जा रहा था कि उनकी जगह किसी 'डुप' (हमशक्ल/स्टंट डबल) का इस्तेमाल किया गया था.
मोहनलाल के स्टैंड-इन के बारे में की बात
बता दें की जोबी कोडकारा को 'जेलर 2' में मोहनलाल के स्टैंड-इन (डबल) के रूप में बताया है. उन्होंने भी यह साफ किया है कि उनका काम किस हद तक था. 'जैंगो स्पेस' यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनका काम केवल कुछ ऐसे शॉट्स तक सीमित था, जिनमें अभिनेता के हाथ और पैर दिखाई देते हैं.
सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें शेयर करने के बाद इन अफवाहों ने जोर पकड़ लिया. मोहनलाल की तरह कपड़े पहने होने के चलते दर्शकों के बीच यह अटकलें लगने लगीं कि क्या वह फिल्म के कुछ अहम दृश्यों में भी नजर आए हैं.
जोबी ने साफ किया कि उनका काम केवल क्लाइमेक्स के दौरान एयरपोर्ट वाले हिस्से के कुछ शॉट्स तक ही सीमित था. इनमें गाड़ी चलाते समय गियर बदलने और एक्सीलरेटर दबाने वाले क्लोज-अप शॉट्स शामिल थे.
उन्होंने बताया कि फिल्म में उनका चेहरा कहीं भी नहीं दिखता है. साथ ही, उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि क्लाइमेक्स वाले हिस्से में दर्शकों ने जिसे देखा था. वह वही व्यक्ति थे.
न कोई इंटरव्यू, न कोई प्रमोशन! 'धुरंधर' के प्रचार से दूर क्यों रहे रणवीर सिंह? मार्केटिंग एक्सपर्ट ने समझाई खास रणनीति
उन्होंने कहा, 'फिल्म में मुझे दिखाने वाले केवल एक या दो शॉट हैं. सच कहूं तो, इसमें मेरे केवल हाथ और पैर ही दिखाई देते हैं. ये क्लाइमैक्स के दौरान एयरपोर्ट वाले सीन में आते हैं. एक शॉट में कोई गाड़ी चलाते हुए गियर बदल रहा है, और दूसरे में कोई एक्सीलरेटर दबा रहा है.' उन्होंने आगे कहा, 'बस इतना ही है. वे दुनिया के बेहतरीन अभिनेताओं में से हैं, इसलिए शायद शेड्यूल या समय की कमी की वजह से मुझे लिया गया होगा. मेरा चेहरा कहीं भी नहीं दिखाया गया है. क्लाइमैक्स में जिस चेहरे के दिखने का लोग दावा कर रहे हैं, वह मेरा नहीं है. मुझे इस बात का पूरा यकीन है.'
जोबी ने पर्दे के पीछे की तस्वीरें शेयर करने पर अफसोस भी जताया और कहा कि उन तस्वीरों को पोस्ट करना ही उनकी एकमात्र गलती थी.
'जेलर 2' के बारे में
'जेलर 2' में रजनीकांत ने टाइगर मुथुवेल पांडियन का किरदार निभाया है, जो मूर्तियों की तस्करी करने वाले एक गिरोह की जांच करते हैं. फिल्म की कास्ट में विद्या बालन, एसजे सूर्या, राम्या कृष्णन, मिथुन चक्रवर्ती और सूरज वेंजारामूडु भी शामिल हैं. मोहनलाल, शिव राजकुमार और ऋतिक रोशन ने इसमें गेस्ट रोल निभाए हैं. फिल्म को नेल्सन दिलीपकुमार ने लिखा और निर्देशित किया है. यह फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है.
ठीक नहीं है अमिताभ बच्चन की तबीयत? 84 साल के बिग बी की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता; डॉक्टरों ने दी सलाह