SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलविदा प्रोफेसर X : खामोश हुई 'कैप्टन पिकार्ड' की आवाज, 86 साल की उम्र में पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन, फैंस में शोक की लहर

हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार और 'एक्स-मेन' फेम पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में लॉस एंजिल्स में निधन हो गया है. वो काफी समय से अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 30, 2026, 07:30 AM IST | Updated: Oct 30, 2026, 08:00 AM IST
Image Credit: पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन
Join

हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. 'एक्स-मेन' (X-Men) और 'स्टार ट्रेक' (Star Trek) जैसी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी में अपनी शानदार एक्टिंग  से दुनिया भर के लोगों के दिलों पर राज करने वाले लीजेंड्री एक्टर सर पैट्रिक स्टीवर्ट अब हमारे बीच नहीं रहे. बुधवार को लॉस एंजिल्स स्थित उनके घर पर उनका निधन हो गया. एक्टर की टीम ने उनके ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल के जरिए 29 गुरुवार, 2026 को इस मनहूस खबर की जानकारी दी, जिससे पूरी दुनिया में उनके चाहने वाले शोक में डूब गए हैं.

एक्टर की फैमिली और टीम द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इमोशनल स्टेटमेंट बताया गया कि पैट्रिक पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे. बयान में आगे कहा गया कि अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी बीमारियों के साथ उनकी ये छोटी सी जंग काफी दर्दनाक रही. हालांकि, अपने आखिरी समय में वो अकेले नहीं रहे.

परिवार के साथ गुजरे आखिरी पल

इस पोस्ट में आगे कहा गया कि लॉस एंजिल्स स्थित एक्टर के घर पर उनकी समर्पित पत्नी सनी की देखरेख में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली. परिवार ने बताया कि उनके जाने का ये सफर भले ही मुश्किल रहा, लेकिन ये प्यार और अपनेपन से भरपूर था. पैट्रिक स्टीवर्ट के आखिरी पलों को याद करते हुए परिवार ने शेयर किया कि उस दौरान उनके घर का माहौल काफी इमोशनल और सुकून भरा था. उनके परिवार के लोग और करीबी दोस्त उनके आसपास मौजूद थे.

आगे कहा बताया गया कि उनके आसपास लाइव म्यूजिक बज रहा था, अपनों की आंखें नम थीं, चेहरे पर पुरानी यादों की मुस्कान और आंसुओं का सैलाब था. ये वही फीलिंग्स थीं, जिन्हें पैट्रिक ने अपनी पूरी जिंदगी में अपने काम और पर्सनैलिटी से लोगों के दिलों में जगाया था. उनके परिवार में उनकी पत्नी सनी ओजेल के अलावा उनकी पहली शादी से हुए दो बच्चे बेटा डेनियल और बेटी सोफी एलेक्जेंड्रा-स्टीवर्ट हैं.

विलियम शैटनर-ह्यू जैकमैन ने दी श्रद्धांजलि

पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन की खबर मिलते ही हॉलीवुड और उनके को-स्टार्स में शोक की लहर दौड़ गई. 'स्टार ट्रेक' में उनके साथ काम करने वाले दिग्गज एक्टर विलियम शैटनर ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा कि ये हफ्ता बेहद दिल तोड़ने वाला है. उन्होंने पैट्रिक को एक बेहतरीन दोस्त और शानदार कलाकार बताया, जिन्होंने अपने हर किरदार में अपने टैलेंट और इंसानियत की गहरी छाप छोड़ी है. वहीं, 'एक्स-मेन' फिल्मों में उनके साथ स्क्रीन शेयर करने वाले मशहूर एक्टर   ह्यू जैकमैन ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि आज हमने सिनेमा की दुनिया का एक चमकता सितारा और एक बेहद नेक इंसान खो दिया है.

कैरी एल्वेस की पुरानी यादें

फिल्म 'लेडी जेन' और 'रॉबिन हुड: मेन इन टाइट्स' जैसी फिल्मों में पैट्रिक के साथ काम कर चुके एक्टर कैरी एल्वेस ने भी पुरानी यादों को ताजा किया. उन्होंने याद किया कि कैसे 1984 में सेट पर पहली मुलाकात के बाद ही वो पैट्रिक की पर्सनैलिटी के कायल हो गए थे. उन्होंने कहा कि पैट्रिक न केवल अपने लाजवाब सेंस ऑफ ह्यूमर और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे, बल्कि स्क्रीन पर उनकी मजबूत आवाज और दमदार प्रजेंस हर किसी को दीवाना बना देती थी. कैरी ने अपने प्यारे दोस्त को नम आंखों से याद करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

एक युग का अंत, जो हमेशा यादों में रहेंगे

सर पैट्रिक स्टीवर्ट का जाना केवल उनके परिवार या करीबी दोस्तों के लिए ही नहीं, बल्कि ग्लोबल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए एक दुख की खबर है. थिएटर की दुनिया से लेकर बड़े पर्दे तक, उन्होंने अपनी कला से जो मुकाम हासिल किया, वो आने वाली जनरेशन को इंस्पायर करेगा. 'प्रोफेसर एक्स' और 'कैप्टन पिकार्ड' के रूप में उनके निभाए गए किरदार हमेशा अमर रहेंगे. हालांकि वो अब इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन उनकी यादें, उनका काम और उनके चाहने वालों के दिलों में उनकी जगह हमेशा बनी रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES