SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बॉलीवुड की कैबरे क्वीन हेलेन की दर्दभरी कहानी, फिल्मों में चंद मिनट का रोल, लेकिन डांस पर थिरकता था पूरा हिंदुस्तान

बॉलीवुड की फेमस आइटम गर्ल 'हेलन' को तो आप जानते ही होंगे. दशकों बाद भी उनके लाखों चाहने वाले हैं. उन्होंने हिंदी सिनेमा में एक अलग ही पहचान बनाई है. 'पिया तू अब तो आजा', 'आओ ना गले लग जाओ ना', 'ये मेरा दिल', 'आ जाने जा', 'महबूबा' जैसे सुपरहिट गानों से उन्होंने एक अलग ही पहचान बनाई है.

Written By Kajol Gupta
Published: Oct 20, 2026, 10:35 PM IST | Updated: Oct 20, 2026, 10:49 PM IST
Image Credit: बॉलीवुड की पहली 'आइटम गर्ल'
Join

हिंदी सिनेमा की सबसे पहली और पॉपुलर कैबरे डांसर क्वीन कही जाने वाली हेलेन ने अपनी खूबसूरती और अलग डांस स्टाइल से लाखों लोगों के दिलों पर राज किया है. 'पिया तू अब तो आजा', 'आओ ना गले लग जाओ ना', 'ये मेरा दिल', 'आ जाने जा', 'महबूबा' जैसे सुपरहिट गाने तो आपने बहुत बार सुने होंगे. इनके गानों पर लोग आज भी थिरकते हैं. हेलेन ने अपने सुपरहिट गानों पर अपनी एनर्जी से डांस को नए पैमाने पर पहुंचाया है. यह उस जमाने की बात है, जब फिल्मों में नाच-गाना करने वाली हीरोइनों को सम्मान से नहीं देखा जाता था.

एक दौर था, जब हेलेन की एक नजर पाने के लिए फैंस की ऐसी भीड़ उमड़ती थी कि उन्हें बचने के लिए बुर्का पहनना पड़ता था और छिपते-छिपाते कहीं निकलना पड़ता था. आपको जानकर हैरानी होगी कि यह रुतबा हिंदी सिनेमा के इतिहास में किसी और डांसर के पास नहीं था. एक वक्त ऐसा भी आया, जब टाइपकास्ट होने के बाद हेलेन पर व्हाइट स्किन वेस्टर्न वैंप का ठप्पा लगा था.

बॉलीवुड की पहली 'आइटम गर्ल' कही जाने वाली हेलेन को दर्शकों ने दशकों तक सिर-आंखों पर बिठाए रखा था. उनकी कला का लोग आज भी सम्मान करते हैं. आज भले ही हेलेन चकाचौंध भरी दुनिया से दूर हों, लेकिन उनकी कला के कद्रदान आज भी उनका सम्मान करते हैं. उन्होंने 'मेरा नाम चिन चिन चू', 'यम्मा-यम्मा', 'ओ हसीना जुल्फों वाली', 'मोनिका, ओ माय डार्लिंग' जैसे आइटम नंबर्स दिए हैं.

दर्दनाक था हेलेन का भारत पहुंचना

हेलेन का जन्म 21 अक्टूबर 1938 को बर्मा में हुआ था. उनका पूरा नाम हेलेन ऐन रिचर्डसन है. मूल रूप से उनकी मां बर्मा की थीं और पिता का निधन हो चुका था. उनके परिवार में मां के अलावा एक भाई और एक सौतेली बहन जेनिफर थीं. उनकी मां ने एक ब्रिटिश सैनिक से दूसरी शादी की थी, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध में उनकी भी मौत हो गई थी. जापान ने बर्मा पर कब्जा कर लिया था, तो हेलेन के पूरे परिवार ने मुंबई आकर बसने का फैसला किया था. इस यात्रा के दौरान उन्हें जंगलों और गांवों से गुजरना पड़ा था. एक्ट्रेस की मां और भाई-बहन बुरी तरह भूख से बिलख रहे थे और उस वक्त ग्रामीण लोगों ने उन्हें अपने घर में रखा और खाना दिया था. कभी-कभी किसी ब्रिटिश जवान को भी उनकी हालत पर तरस आ जाता था, तो वह भी उनकी मदद कर देता था. सभी के पैरों में चलते-चलते छाले तक पड़ गए थे, लेकिन मंजिल अभी भी उनसे काफी दूर थी. न जाने कितने ही मासूम लोगों ने चलते-चलते अपनी जान गंवा दी थी.

कैसे शुरू हुआ था फिल्मी सफर?

हेलेन का फिल्मी सफर फिल्म 'शबिस्तान' से शुरू हुआ था. इस ग्रुप डांसिंग में हेलेन ने अपने डांस से सभी का दिल जीत लिया था. धीरे-धीरे उस भीड़ के साथ डांस करते-करते उन्हें फिल्मों में सोलो डांस के ऑफर आने लगे. इसके बाद उन्होंने फिल्म 'अलिफ लैला' और 'हूर ए अरब' में सोलो डांस किया, जिसमें उन्हें देखने के बाद मेकर्स ने दांतों तले उंगलियां दबा ली थीं. फिर उन्होंने 'हावड़ा ब्रिज', 'चाइना टाउन', 'कश्मीर की कली', 'एन इवनिंग इन पेरिस', 'आराधना', 'अमर प्रेम' जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम किया. 'हावड़ा ब्रिज' में हेलेन को एक आइटम सॉन्ग मिला था, जिसका नाम 'चिन चिन चू' था. इस एक गाने से उन्हें इतना ज्यादा फेम मिला कि वह देखते ही देखते पहली आइटम गर्ल बन गईं.

1980 में हेलेन ने सलीम से की शादी

प्यार के रास्ते अजीब होते हैं, लेकिन आखिरकार वह अपनी मंजिल तक पहुंच ही जाता है. यह बात एक्ट्रेस हेलेन और सलमान खान के पिता, लेखक सलीम खान के मामले में बिल्कुल सटीक बैठती है. जब सलीम ने 1980 में एक्ट्रेस हेलेन से शादी करने का फैसला किया, तब वह पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे. उस समय सलीम की उम्र 45 साल और हेलेन की उम्र 42 साल थी, जो शादी के लिए कोई आम उम्र नहीं मानी जाती. लेकिन उनका रिश्ता समय के साथ और भी मजबूत होता गया था. शादी ने बस इस रिश्ते को एक औपचारिक रूप दे दिया और समाज की मंजूरी दिला दी.

बीच में हेलेन ने छोड़ी अपनी पढ़ाई

हेलेन की मां एक नर्स के तौर पर काम करती थीं और अपनी कमाई से घर का खर्च नहीं चला पाती थीं. इसी वजह से हेलेन को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी और परिवार की मदद के लिए काम खोजना पड़ा. हेलेन ने सलीम खान से शादी की और उनकी दूसरी पत्नी बनीं. सलीम की पहली शादी पहले ही हो चुकी थी और उनकी पहली पत्नी से उनके बेटे सलमान, अरबाज और सोहेल खान हैं. बाद में, अपनी कोई संतान न होने पर हेलेन और सलीम ने अर्पिता खान को गोद ले लिया.

1962 में फिल्म के सेट पर हुई थी मुलाकात

कहा जाता है कि हेलेन की मुलाकात 1962 में 'काबिल' फिल्म के दौरान सलीम खान से हुई थी. 17 साल की उम्र में हेलेन को 'हावड़ा ब्रिज' फिल्म में एक बड़ा ब्रेक मिला और उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. 2009 में भारत सरकार ने हेलेन को पद्म श्री से सम्मानित किया. इसके अलावा, 1999 में उन्हें फिल्मफेयर का 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' और 1980 में फिल्म 'लहू के दो रंग' के लिए 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस' का अवॉर्ड मिला था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES