मुंबई की फिल्म सिटी से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. सोमवार शाम को यहां रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ के सेट पर अचानक आग भड़क उठी. ये हादसा गोरेगांव ईस्ट फिल्म सिटी में प्राइम फोकस और रिलायंस मीडिया वर्क्स के पीछे बने एक टेंपरेरी सेट पर हुआ. देखते ही देखते सेट से काले धुएं का भारी गुबार आसमान में उठने लगा, जिससे वहां मौजूद क्रू मेंबर्स और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में भारी तनाव फैल गया. राहत की बात ये रही कि इस भयानक हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और जानमाल का बड़ा नुकसान टल गया. घटना की जगह पर मौजूद लोगों ने फौरन इसकी जानकारी लोकल एडमिनिस्ट्रेशन और फायर डिपार्टमेंट को दी. चश्मदीदों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि कुछ ही मिनटों में चारों तरफ अफरातफरी मच गई और वहां सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने लगे और चीख-पुकार मच गई.
A fire broke out at a temporary shooting set linked to director Nitesh Tiwari’s ‘Ramayana’ at Film City in Goregaon East on Monday evening. According to the BMC Fire Brigade, the blaze was reported at 4:02 pm and brought under control by 4:55 pm. No injuries were reported. pic.twitter.com/4azYGy6KLZ
— Visshal Singh (@VishooSingh) October 5, 2026
BMC के मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक, ये आग लेवल-वन की थी और इसके बारे में शाम करीब 4 बजकर 2 मिनट पर सूचना मिली थी. कंट्रोल रूम को खबर मिलते ही BMC मुंबई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, स्थानीय पुलिस, BMC वार्ड कंट्रोल की टीम और 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं. दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचते ही मोर्चा संभाला और आग बुझाने के काम में पूरी ताकत झोंक दी. करीब 1 घंटे की भारी मशक्कत के बाद शाम 4 बजकर 55 मिनट पर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया.
फायर डिपार्टमेंट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, ये आग प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने एक टेंपरेरी सेट की पीसीआर यूनिट में लगी थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग मैनली बिजली की वायरिंग, केबल और दूसरे तकनीकी इंस्टॉलेशन तक थी, जिसमें सेट पर लगे दरवाजे, लकड़ी के बड़े तख्ते, एसी यूनिट, बांस, प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा काफी सामान जलकर राख हो गया. गनीमत ये रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया.
इस आग का असर केवल नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि पास के स्टूडियो में चल रहे दूसरे दो बड़े प्रोजेक्ट्स भी इसकी चपेट में आ गए. बताया जा रहा है कि पास ही बने फेमस शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ और रैप शो ‘एमटीवी हसल 5’ के सेट पर भी इसका असर पड़ा. दोनों प्रोजेक्ट्स की शूटिंग वहां चल रही थी, लेकिन आग भड़कने और धुआं फैलने के चलते तुरंत काम रोकना पड़ा. सेट पर मौजूद कलाकारों और तकनीकी टीम को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया और सब बच गए.
शुरुआती जानकारियों में ये भी बात सामने आ रही है कि आग सबसे पहले ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के सेट पर भड़की थी और फिर धीरे-धीरे फैलते हुए ‘एमटीवी हसल 5’ की तरफ बढ़ गई. हालांकि, अभी तक प्रोड्यूसर्स या चैनल की तरफ से इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई है कि इन दोनों सेटों को असल में कितना नुकसान हुआ है. फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन अब आग लगने की असली वजह तलाशने में जुटा हुआ है, ताकि भविष्य में फिल्म सिटी के अंदर इस तरह की खतरनाक घटनाओं को होने से रोका जा सके.