)
बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान अक्सर अपनी फिल्मों और बेबाक बातों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं. वो अपनी सोच को अक्सर खुलकर लोगों के सामने रख देती हैं. हाल ही में फराह ने आज के नए कलाकारों के काम करने के तरीके को लेकर सवाल उठाए हैं. फराह का मानना है कि सुपरस्टार्स का दौर खत्म हो चुका है.
हाल ही में फराह खान ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में बातचीत के दौरान नए कलाकारों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ये कलाकार फिल्म निर्माण के अलग-अलग पहलुओं जैसे कोरियोग्राफी, संगीत और कास्टिंग में दखल देते हैं. फराह के अनुसार, निर्देशकों पर उनका भरोसा न होना, असल में उनकी अपनी असुरक्षा और खुद पर आत्मविश्वास की कमी को दर्शाता है.
वहीं, फराह ने आज के कलाकारों की मानसिकता पर भी सवाल उठाए है. उन्होंने कहा, 'समस्या यह है कि आज के कलाकारों को किसी पर भी भरोसा नहीं होता है. इतना ही नहीं, उन्हें निर्देशक पर भी भरोसा नहीं हता. वे अपने गानों को खुद ही कोरियोग्राफ करना चाहते हैं.'
उन्होंने आगे कहा कि जो कलाकार खुद पर भरोसा रखते हैं, वे पूरी प्रक्रिया पर भी विश्वास करते हैं. उन्होंने सुपरस्टार्स का उदाहरण देते हुए कहा, 'जब मैंने 'मैं हूं ना' के लिए सुष्मिता सेन को लेने की बात कही, तो शाहरुख ने कास्टिंग में कभी कोई दखल नहीं दिया, जबकि उस समय सुष्मिता कोई बहुत बड़ी हीरोइन नहीं थीं. उन्होंने कोई सवाल नहीं उठाया. जब मैंने कहा कि 'ओम शांति ओम' में मुझे कोई नई लड़की चाहिए, तब भी उन्होंने कोई सवाल नहीं किया. उन्होंने बस (दीपिका पादुकोण की) फोटो देखी और कहा, 'अगर तुम्हें ठीक लगता है, तो मुझे भी ठीक है.'
फराह ने आगे बताया कि वे मैगजीन कवर के लिए शूट करना चाहते हैं और अवॉर्ड फंक्शन में जाना चाहते हैं, लेकिन उनके पास करने के लिए कोई अच्छी फिल्म नहीं होती. फराह ने आगे कहा कि सुपरस्टार बनने के लिए खुद पर विश्वास और कड़ी मेहनत बहुत जरूरी है.
फराह ने सेट पर आकर बदलाव की मांग करने वाले एक्टर्स को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, 'यह आपका काम नहीं है. आप अपना काम करें. पहले अपनी लाइन्स याद करना सीखें. सेट पर आने से पहले आपको अपनी लाइन्स पता होनी चाहिए, जो आप कर नहीं पाते. यह बहुत चिढ़ाने वाला होता है. मैंने ऐसा होते देखा है. मैंने एक्टर्स की पहली फिल्म में उनके साथ काम किया है और फिर पांचवीं फिल्म के बाद उन्हें लगने लगता है कि वे सब कुछ जानते हैं. वे हमेशा लोगों से घिरे रहते हैं. सुपरस्टार्स का दौर अब खत्म हो चुका है. वे (सलमान, शाहरुख, अमिताभ, अक्षय) इस दौर के आखिरी सुपरस्टार्स हैं. जब तक वे काम कर रहे हैं, तब तक उनका आनंद लें.'
फराह खान ने बताया है कि वह 2026 के आखिर में, जब उनके बच्चे कॉलेज चले जाएंगे, तब अपने अगले निर्देशन प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने की योजना बना रही हैं. अपने एक व्लॉग में उन्होंने कहा कि वह इस फिल्म का निर्देशन तभी करेंगी, जब इसमें शाहरुख खान काम करेंगे. वरना, वह इंतजार करना ही बेहतर समझेंगी.