स्लो मोशन का पहला बड़ा एक्सपेरिमेंट और आमिर खान की हजार बार प्रैक्टिस; जानिए 'पहला नशा' गाने के पीछे की कहानी
फराह खान ने बताया कि 1992 की फिल्म जो जीता वही सिकंदर के गाने पहला नशा को बिना मॉनिटर के पूरे स्लो मोशन में शूट किया गया था. जानिए आमिर खान की मेहनत और इस आइकॉनिक गाने की दिलचस्प कहानी.
1992 की सुपरहिट फिल्म जो जीता वही सिकंदर का गाना पहला नशा आज भी लोगों की प्लेलिस्ट और दिलों में खास जगह रखता है. कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने इस गाने से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि यह गाना पूरे स्लो मोशन में शूट होने वाला पहला गाना था और उस वक्त सेट पर मॉनिटर भी नहीं था.
कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान रियलिटी शो कौन होनार करोड़पति में नजर आईं. शो की होस्ट माधुरी दीक्षित ने उनसे उनके करियर के पहले गाने को लेकर सवाल पूछा. इसी बातचीत के दौरान फराह खान ने 1992 में आई फिल्म जो जीता वही सिकंदर के गाने पहला नशा की यादें ताजा कीं. उन्होंने बताया कि यह उनके करियर का पहला कोरियोग्राफ किया हुआ गाना था और इसे बनाना उनके लिए काफी खास रहा.
बिना मॉनिटर के शूट करने का चैलेंज
फराह खान के मुताबिक, पहला नशा को पूरे स्लो मोशन में शूट करना आसान नहीं था. आज के दौर में फिल्मों के सेट पर मॉनिटर आसानी से मिल जाते हैं जिससे सीन तुरंत देखा जा सकता है. लेकिन उस जमाने में ऐसी सुविधा नहीं थी. फराह ने कहा कि उस वक्त उनके पास मॉनिटर ही नहीं था, इसलिए हर शॉट का अंदाजा लगाकर काम करना पड़ता था.
आमिर खान की हजार बार प्रैक्टिस
फराह खान ने बताया कि बिना मॉनिटर के काम करने के बावजूद चीजें आसान हो गईं क्योंकि लीड एक्टर आमिर खान बेहद मेहनती थे. उन्होंने कहा कि आमिर हर मूव को एकदम सही करने के लिए बार-बार प्रैक्टिस करते थे. फराह के शब्दों में, किस्मत अच्छी थी कि वहां आमिर थे जो हजार बार प्रैक्टिस करते थे और आखिर में बिल्कुल सटीक शॉट दे देते थे.
देखें वीडियो-
पहला नशा को हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार रोमांटिक गानों में गिना जाता है. इसका ड्रीमी स्लो मोशन अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था. इस गाने में आमिर खान के साथ आयशा जुल्का नजर आई थीं. फिल्म जो जीता वही सिकंदर का डायरेक्शन मंसूर खान ने किया था और इसमें दीपक तिजोरी तथा पूजा बेदी भी अहम रोल में थे.
म्यूजिक और सिंगर्स ने बनाया यादगार
इस फिल्म का म्यूजिक जतिन-ललित ने तैयार किया था. वहीं पहला नशा गाने को उदित नारायण और साधना सरगम ने अपनी आवाज दी थी. यह गाना 90 के दशक के सबसे पॉपुलर रोमांटिक गानों में शामिल हुआ और आज भी नए और पुराने दोनों तरह के दर्शक इसे बड़े चाव से सुनते हैं.