)
'गरबा क्वीन' के नाम से मशहूर फाल्गुनी पाठक नवरात्रि 2026 के दौरान एक बार फिर चर्चा में हैं. लेकिन इस बार वो अपने गानों को लेकर नहीं बल्कि अपनी फीस को लेकर चर्चा में बनी हैं. खबरें हैं कि उनके हर इवेंट की परफॉर्मेंस फीस 20-25 लाख रुपये के आसपास रही है. हालांकि, 40 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान अभी कन्फर्म नहीं हुआ है. वहीं, मुंबई में उनके गरबा कॉन्सर्ट्स में 2.04 लाख रुपये तक के VIP टिकट पैकेज भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.
दरअसल, गरबा पसंद करने वालों के लिए नवरात्रि का जश्न सिंगर फाल्गुनी पाठक की जबरदस्त परफॉर्मेंस के बिना अधूरा है. 'डांडिया क्वीन' के नाम से मशहूर फाल्गुनी ने दशकों से 'मैंने पायल है छनकाई', 'चूड़ी जो खनकी' और 'मेरी चुनर उड़-उड़ जाए' जैसे मशहूर गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया है. नवरात्रि 2026 के जश्न के बीच यह सिंगर एक बार फिर चर्चा में हैं. सिंगर न सिर्फ अपनी परफॉर्मेंस के लिए, बल्कि त्योहार के मौसम में उनकी भारी कमाई के लिए भी मशहूर हैं. हर साल उनके कॉन्सर्ट में हजारों फैंस के शामिल होने के चलते फाल्गुनी नवरात्रि के दौरान सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली परफॉर्मर्स में से एक बनी हुई हैं.
मीडिया की पुरानी रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाल्गुनी पाठक नवरात्रि के दौरान एक गरबा परफॉर्मेंस के लिए लगभग 20 लाख से 25 लाख रुपये चार्ज करती हैं. वहीं, महाराष्ट्र टाइम्स की 2025 की एक रिपोर्ट में उनकी अनुमानित फीस इसी रेंज में बताई गई थी. इसके अलावा गरबा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के बढ़ने पर फाइनेंशियल एक्सप्रेस की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि टॉप आर्टिस्ट अपने साथ परफॉर्म करने वाले कलाकारों को मिलाकर प्रति दिन लगभग 25 लाख रुपये तक चार्ज करते हैं.
हालांकि, प्रीमियम परफॉर्मेंस के मामले में कभी-कभी 40 लाख रुपये तक की रकम की चर्चा होती है. लेकिन इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है कि फाल्गुनी अभी एक रात के लिए इतनी रकम लेती हैं. सिंगर ने नवरात्रि 2026 के लिए अपनी ऑफिशियल परफॉर्मेंस फीस के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है.
नवरात्रि का समय फाल्गुनी के लिए साल का सबसे व्यस्त समय होता है, क्योंकि उनके कॉन्सर्ट में भारी भीड़ उमड़ती है. पहले की रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सिंगर नौ दिन के त्योहार के दौरान लगभग 1.4 करोड़ रुपये कमाती थीं. हर परफॉर्मेंस के लिए लगभग 20 लाख से 25 लाख रुपये की रुपये का अंदाजा लगाए तो नौ अलग-अलग कार्यक्रमों की कुल फीस 1.8 करोड़ से 2.25 करोड़ रुपये के बीच होगी. हालांकि, ये 2026 की फिक्स कमाई नहीं, बल्कि सिर्फ एक अनुमान है. उनकी असल कमाई कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों, परफॉर्मेंस की संख्या, उससे जुड़े खर्चों और दूसरी कमर्शियल शर्तों पर भी निर्भर करता है.
इस साल, फाल्गुनी पाठक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक होने वाले 'वेस्ट एवेन्यू रियल्टी नवरात्रि उत्सव 2026' में परफॉर्म कर रही हैं. नौ रातों तक चलने वाला यह इवेंट अपने महंगे टिकटों की वजह से चर्चा में है. टिकट की जानकारी के अनुसार, बुकिंग के समय के आधार पर सिंगल एंट्री पास लगभग 2,000 रुपये से 2,400 रुपये तक में मौजूद हैं. वहीं, एक रात के लिए खास VIP पॉड पैकेज की कीमत 2.04 लाख रुपये है. इस प्राइवेट पैकेज में 12 लोग शामिल हो सकते हैं और इसमें 10,000 रुपये का खाने-पीने का वाउचर भी मिलता है.
इस इवेंट में लाइव म्यूज़िक, महा आरती, एयर-कंडीशंड इनडोर वेन्यू और बड़ा डांस फ्लोर जैसी सुविधाएं हैं. फाल्गुनी ने 1990 के दशक में अपना म्यूज़िक करियर शुरू किया था और अपने इंडिपेंडेंट म्यूज़िक एल्बम से घर-घर में मशहूर हो गईं. उनके गाने, जैसे 'मैंने पायल है छनकाई', 'चूड़ी जो खनकी' और 'मेरी चुनर उड़-उड़ जाए', आज भी लोगों के बीच बहुत पसंद किए जाते हैं. बॉलीवुड से ऑफर मिलने के बावजूद फाल्गुनी ने पहले बताया था कि वह अपने म्यूज़िक एल्बम और लाइव परफॉर्मेंस पर ध्यान देना ज्यादा पसंद करती थीं.
उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक पुराने इंटरव्यू में कहा था, 'मैंने कभी बॉलीवुड को सीरियस से नहीं लिया. मुझे ऑफर मिले थे, लेकिन जब आप बॉलीवुड में जाते हैं. तो आपको दोगुनी मेहनत करनी पड़ती है. मैं अपने शो और एल्बम करके खुश थी.' जैसे-जैसे नवरात्रि 2026 का जश्न चल रहा है. मुंबई में फाल्गुनी के कॉन्सर्ट लोगों के लिए मुख्य आकर्षण बने हुए हैं, जो गरबा और डांडिया के शौकीनों के बीच उनकी लोकप्रियता को दिखाते हैं.