सिर्फ 6 दिन और धुआंधार कमाई: बॉक्स ऑफिस पर हर दिन इतिहास रच रही Drishyam 3; दुनियाभर में बज रहा डंका
Drishyam 3 Collection Day 6: ‘हनुमान अंश’ के बाद इस समय बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ राज कर रही है और धमाकेदार कमा कर रही है. सिर्फ 6 दिनों में इस फिल्म ने अपने बजट के कई गुना ज्यादा कमाई कर मेकर्स को मालामाल कर दिया. चलिए बताते हैं इस फिल्म ने अपने छठे दिन कितनी कमाई.
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी. ये उनकी फेमस सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी का तीसरा और आखिरा पार्ट है, जहां विजय सालगांवकर की पूरी कहानी को एक पक्के मुकाम पर पहुंचाया गया है. इस बार भी इसकी डायरेक्तशन का जिम्मा अभिषेक पाठक ने संभाला है, जिन्होंने इससे पहले दूसरा पार्ट भी डायरेक्ट किया था. इस फिल्म की सबसे दिलचस्प बात ये है कि ये पुरानी फिल्मों की तरह मलयालम का हूबहू रीमेक नहीं है, बल्कि हिंदी ऑडियंस के सामने इसे बिल्कुल नई कहानी के साथ बड़े पर्दे पर उतारा गया है.
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर अपने परिवार को पुलिस से बचाने वाले विजय सालगांवकर के रोल में नजर आ रहे हैं. साथ ही तब्बू मीरा देशमुख के रोल में लौटी हैं. उनके साथ श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और रजत कपूर ने भी अपने पुराने किरदारों में नजर आ रहे हैं. इस पार्ट का सबसे बड़ा सरप्राइज जयदीप अहलावत की एंट्री है, जो क्राइम ब्रांच के तेज-तर्रार ऑफिसर बनकर विजय की मुश्किलें बढ़ाते दिखते हैं. साथ में प्रकाश राज और सौरभ शुक्ला जैसे मंझे हुए कलाकारों ने भी स्क्रीन पर रंग जमाया है. नए और पुराने स्टार्स की ये टोली पर्दे पर जबरदस्त रोमांच पैदा करती है.
कहानी का नया मोड़ और लोगों की राय
‘दृश्यम 3’ की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां पिछला पार्ट खत्म हुआ था. विजय भले ही अपने परिवार को पुलिस से बचा चुका था, मगर उसका बीता हुआ कल अब भी उसका पीछा कर रहा है. नया जांच अफसर पुराने सुरागों को एकदम नए ऐंगल से परखता है और विजय के बनाए जाल को तोड़ने में लग जाता है. यहीं से दोनों के बीच दिमाग की असली जंग छिड़ती है. सिनेमाघरों से निकल रहे ऑडियंस की तरफ से फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अजय और जयदीप के आमने-सामने वाले सीन्स की खूब तारीफ हो रही है, हालांकि कुछ लोगों को ढाई घंटे की ये फिल्म बीच में थोड़ी खिंची हुई लगी.
बजट और पहले वीकेंड का धमाका
फिल्म ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, करीब 100 से 110 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही तगड़ा धमाका कर दिया है. सैकनिल्क के आंकड़ों की मानें तो पहले दिन यानी 2 अक्टूबर को इसने 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. दूसरे दिन फिल्म ने 53.50 करोड़ और तीसरे दिन संडे को 61 करोड़ रुपये बटोरे. इस तरह शुरुआती तीन दिनों में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 176.50 करोड़ रुपये पहुंच गई. शुरुआती तीन दिनों में सिनेमाघरों में ऑडियंस की भारी भीड़ देखी गई, जहां थिएटरों में औसतन 50 से 60 फीसदी तक सीटें भरी नजर आईं.
वीकडेज में भी जारी रहा जलवा
वीकेंड के बाद आम दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कमाई थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन रफ्तार फिर भी मजबूत बनी रही. सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि सोमवार को फिल्म ने भारत में 21 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया. इसके बाद मंगलवार को 19.50 करोड़ और बुधवार को लगभग 15.50 करोड़ रुपये खाते में आए. 6 दिनों के अंदर फिल्म की कुल नेट कमाई 232.50 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई. सैकनिल्क के इस हिसाब से देखें तो फिल्म ने अपने 110 करोड़ के बजट से दोगुने से भी ज्यादा का कारोबार सिर्फ 6 दिनों के अंदर भारत के थिएटर्स से ही निकाल लिया है.
वर्ल्डवाइड कलेक्शन और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश के साथ-साथ विदेशों में भी दर्शक इस सस्पेंस ड्रामे को देखने टूट पड़े हैं. 6 दिनों में फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 279 करोड़ रुपये रहा, वहीं इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म ने लगभग 87.50 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की. इस तरह पूरी दुनिया में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 366.50 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है. अगर 110 करोड़ के कुल बजट से तुलना करें तो फिल्म ने बजट से तीन गुना से भी ज्यादा का वर्ल्डवाइड बिजनेस कर लिया है. इन शानदार नतीजों से साफ है कि विजय सालगांवकर की विदाई दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.