तुलसी बनकर स्मृति ईरानी ने फिर जीता दिल, DPIFF 2026 में बनीं बेस्ट टीवी एक्ट्रेस; डिटेल में देखें पूरी लिस्ट
स्मृति ईरानी ने दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस इन अ टेलीविजन सीरीज का अवॉर्ड जीता है. तुलसी विरानी के रूप में उनकी वापसी को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है.
इंडियन टेलीविजन के इतिहास में 'तुलसी विरानी' का किरदार एक ऐसा नाम है, जिसे आज भी हर घर में याद किया जाता है. अब इसी आइकॉनिक किरदार में शानदार वापसी करने वाली स्मृति ईरानी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 (DPIFF) में स्मृति ईरानी को उनके पॉपुलर शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस इन अ टेलीविजन सीरीज' के अवॉर्ड से नवाजा गया है. यह सम्मान शो की कहानी में उनके योगदान और तुलसी के रूप में उनकी यादगार वापसी को देखते हुए दिया गया है.
ऑफिशियल जानकारी के मुताबिक, यह अवॉर्ड 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में स्मृति ईरानी की बेहतरीन परफॉर्मेंस को देखते हुए दिया गया है. भारतीय टीवी के इतिहास से जुड़े इस मशहूर किरदार में लौटते हुए स्मृति ईरानी ने पुरानी यादों और आज के दौर के आत्मविश्वास का शानदार तालमेल दिखाया है. उनकी एक्टिंग में तुलसी की वही पुरानी नैतिक मजबूती नजर आती है, साथ ही बदलते समय के साथ बढ़ती जिम्मेदारियों को भी उन्होंने बखूबी निभाया है. जब परिवार की नई पीढ़ी एक अलग दुनिया और नए विचारों के साथ आगे बढ़ रही है, तब परिवार को एकजुट रखने के दबाव और प्यार को उन्होंने बहुत संजीदगी से पर्दे पर उतारा है.
यादगार किरदार की नई शुरुआत
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय की जोड़ी एक बार फिर तुलसी और मिहिर विरानी के रूप में नजर आ रही है. इसके साथ ही शो में नई पीढ़ी के किरदारों और नए पारिवारिक मुद्दों को भी शामिल किया गया है. यह सीरीज विरासत, पेरेंटिंग, रिश्तों और बदलाव के दौर में आने वाली भावनात्मक चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है. स्मृति ईरानी की वापसी इस शो को इसके पुराने इतिहास से सीधे जोड़ती है, जिससे पुराने दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं और किरदार भी लगातार आगे बढ़ता दिखता है.
कब और कहां देख सकते हैं शो?
बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बना हिंदी टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' जुलाई 2025 में स्टार प्लस पर प्रीमियर हुआ था और इसे जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा रहा है. इस शो की वापसी टीवी और स्ट्रीमिंग की दुनिया का एक ऐसा बड़ा इवेंट है, जो शो के पुराने फैंस को आज की नई पीढ़ी के दर्शकों से जोड़ता है. आयोजकों ने भी कहा कि बेस्ट एक्ट्रेस का यह सम्मान तुलसी विरानी के रूप में स्मृति ईरानी की इमोशनल और असरदार वापसी का जश्न है.
क्या है दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल?
DPIFF अवॉर्ड्स 2026 की ऑफिशियल लिस्ट में भारतीय सिनेमा, टेलीविजन, वेब सीरीज, म्यूजिक और इंटरनेशनल सिनेमा के कुल 41 सम्मान शामिल किए गए हैं. बता दें कि भारतीय सिनेमा के जनक श्री धुंडिराज गोविंद फाल्के की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की नींव 2012 में रखी गई थी और 2016 में इसकी स्थापना हुई. यह मंच भारतीय फिल्मों, टीवी और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जुड़े कलाकारों के काम को पहचान देता है और नए फिल्ममेकर्स को आगे बढ़ने का मौका देता है.