SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Coldplay गाए तो वाह-वाह, दिलजीत दोसांझ गाए तो हाय-हाय... अहमदाबाद कॉन्सर्ट में फूटा सिंगर का गुस्सा, इन 4 गानों पर छिड़ा संग्राम

सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सिंगर का पारा हाई हो गया. अपने गानों पर लगी पाबंदी को लेकर उन्होंने कोल्डप्ले का नाम लेते हुए डबल स्टैंडर्ड पर तीखा हमला बोला. आखिर सिंगर के किन 4 गानों को लेकर चेतावनी मिली थी और उन्होंने मंच से क्या-क्या कहा, चलिए बताते हैं.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 22, 2026, 07:22 IST | Updated: Nov 22, 2026, 08:38 IST
Image Credit: अहमदाबाद कॉन्सर्ट में फूटा दिलजीत दोसांझ का गुस्सा
Join

वैसे तो देश-दुनिया में मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ अपने शोज और कॉन्सर्ट्स को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार वजह उनके गानों पर लगने वाली पाबंदियां हैं. हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में मौजूद दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्मेंस के दौरान दिलजीत का गुस्सा साफ नजर आया. उन्होंने स्टेज से ही उन लोगों को बिना नाम लिए करारा जवाब दिया, जो उनके गानों में शराब और नशे जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर लगातार ऐतराज जताते हैं. दिलजीत ने साफ शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कलाकारों की आजादी को इस तरह रोकना ‘बिल्कुल गलत’ है.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से दिलजीत दोसांझ के कई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने गानों पर लगी पाबंदियों को लेकर बात कर रहे हैं. मंच से हजारों फैंस की भीड़ के साथ अपने दिल की बात साझा करते हुए दिलजीत ने बेहद बेबाक अंदाज में ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले का जिक्र किया. उन्होंने सवाल उठाया कि जब विदेशी कलाकार भारत आकर नशे और शराब से जुड़े गाने गाते हैं, तो किसी को कोई दिक्कत नहीं होती. कोई उनके गानों पर पाबंदियां नहीं लगाता, लेकिन जब एक देसी कलाकार ऐसा करता है तो बवाल मच जाता है. दिलजीत का ये बयान अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.

कोल्डप्ले के गाने का उदाहरण देकर पूछा तीखा सवाल

दिलजीत ने कॉन्सर्ट की शुरुआत में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने को अपना एक सपना पूरा होने जैसा बताया. उन्होंने कहा कि वे वेम्बली जैसे बड़े स्टेडियम में भी गा चुके हैं, लेकिन इस मैदान पर आने की उनकी हमेशा से ख्वाहिश थी. इसके बाद उन्होंने पिछले साल इसी स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट को याद किया. 

दिलजीत ने कहा कि उस दिन ही उन्होंने ठान लिया था कि वे भी यहां परफॉर्म करेंगे. उन्होंने आगे कहा, ‘जब कोल्डप्ले यहां आकर ‘आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई’ गाता है, तो किसी को कोई परेशानी नहीं होती. मुझे भी वो गाना पसंद है, लेकिन जब दिलजीत ऐसा करता है तो सबको परेशानी होने लगती है’.

बॉडी शेमिंग पर फूट-फूटकर रोईं एक्ट्रेस: पाकिस्तानी लाइव शो में वीना मलिक ने उतारी हील्स-पोंछा मेकअप; इंडियन फैंस का मिला जबरदस्त सपोर्ट

विदेशी बनाम देसी कलाकार की छेड़ी बहस

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दिलजीत दोसांझ ने खुद को विदेशी बताए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘लोग कहते हैं मैं विदेश से आया हूं, लेकिन मेरा जन्म यहीं भारत में हुआ है, होनोलूलू में नहीं’. उन्होंने अपने पीछे खड़े बैंड मेंबर्स की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये सभी भारतीय हैं और यहीं पैदा हुए हैं. 

दिलजीत ने कहा कि वे दुनिया भर में घूमकर भारतीय और पंजाबी म्यूजिक का नाम रोशन करते हैं, फिर भी उन पर ही पाबंदियां लगाई जाती हैं. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें पाबंदी लगाने वालों से कोई पर्सनल शिकायत नहीं है और वे उन लोगों को भी अपना प्यार भेजते हैं.

शायरी के जरिए दी चेतावनी, बोले- ‘मुझे उकसाओ मत’ 

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने एक पंजाबी शेर भी सुनाया और तंज कसते हुए कहा कि इसके बाद क्या पता शायरी पर भी बैन लग जाए. उन्होंने अपने अंदाज में कहा, ‘जो होना तय है उसे कोई रोक नहीं सकता और एक बार बात शुरू हो गई तो इतनी आसानी से खत्म नहीं होगी’. 

दिलजीत ने अपने विरोधियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें उकसाएगा तो वे जवाब जरूर देंगे. उन्होंने कहा, ‘अगर तुम मुझे छेड़ोगे तो मैं ट्रेंड कर जाऊंगा भाई, इसलिए मुझे मत उकसाओ’. उन्होंने साफ किया कि वे सिर्फ अपना काम करने, टैक्स भरने और दुनिया भर में पंजाबी संगीत फैलाने आए हैं.

इन चार गानों पर जताई गई थी कड़ी आपत्ति

दरअसल, दिलजीत दोसांझ की ये नाराजगी चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 कॉलेज में समाजशास्त्र पढ़ाने वाले एसोसिएट प्रोफेसर डॉक्टर पंडित राव धरेन्नावर की एक चेतावनी के बाद सामने आई है. अहमदाबाद में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले प्रोफेसर धरेन्नावर ने मांग रखी थी कि दिलजीत स्टेज पर अपने चार हिट गाने ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्चो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्ते फायर करदा’ बिल्कुल न गाएं. 

उनका कहना है कि इन गानों के बोल युवाओं और बच्चों के बीच शराब, नशे और बंदूक वाले कल्चर को बढ़ावा देते हैं, जिससे समाज पर गलत असर पड़ता है. इतना ही नहीं, प्रोफेसर ने बात न मानने पर गुजरात हाईकोर्ट में अवमानना का केस दर्ज कराने की धमकी भी दी थी.

दिया सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का हवाला

प्रोफेसर धरेन्नावर ने अपनी इस नाराजगी के पीछे साल 2019 के एक पुराने मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों का जिक्र किया. उनका कहना है कि कोर्ट ने पहले ही ये बात साफ कर दी थी कि लाइव शो के दौरान मंच से शराब और नशे को बढ़ावा देने वाले गाने बिल्कुल नहीं गाए जाने चाहिए, लेकिन इसके बावजूद दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली में हुए अपने कॉन्सर्ट में ऐसे गाने गाए. 

धरेन्नावर ने केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की याद दिलाते हुए कहा कि जब पूरा देश नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने में लगा हुआ है, तब बच्चों के सामने इस तरह के गाने गाना न सिर्फ नैतिक रूप से गलत है, बल्कि कानून के भी खिलाफ है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES