SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अनिरुद्ध-काव्या के वेडिंग रिसेप्शन में उमड़ा दिग्गजों का सैलाब, CM विजय ने रजनीकांत और एमके स्टालिन से की खास मुलाकात; Photos Viral

म्यूजिशियन अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के चेन्नई रिसेप्शन में सीएम विजय, रजनीकांत और एमके स्टालिन के एक साथ आने की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. ग्रीस में शादी के बाद हुए इस बड़े इवेंट में सिनेमा और सियासत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 21, 2026, 21:01 IST | Updated: Nov 21, 2026, 21:28 IST
Join

म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के भव्य वेडिंग रिसेप्शन की चर्चा पूरे सोशल मीडिया पर हो रही है. लेकिन इस शाम की सबसे बड़ी सुर्खियां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने बटोरीं. रिसेप्शन में पहुंचते ही हर किसी की नजरें सीएम विजय पर टिक गईं और वहां से वायरल हुई तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी. इन तस्वीरों में सीएम विजय नए जोड़े अनिरुद्ध और काव्या को फूलों का गुलदस्ता देकर नई जिंदगी की शुभकामनाएं देते नजर आए. ग्लैमर, म्यूजिक और सियासत के इस संगम ने इस रिसेप्शन को बेहद खास बना दिया.

इस पूरे रिसेप्शन की जो तस्वीर सबसे ज्यादा वायरल हो रही हैं, उसने फैंस और राजनीतिक गलियारों दोनों का ध्यान खीच लिया. इस स्पेशल फ्रेम में सीएम विजय सुपरस्टार रजनीकांत और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ नजर आए, जहां विजय मुस्कुराते हुए दोनों का अभिवादन कर रहे थे. इससे पहले तमिलनाडु चुनाव में विजय की जीत के बाद ऐसी बातें उठी थीं कि रजनीकांत नतीजों से खुश नहीं हैं, तब रजनीकांत ने चेन्नई स्थित अपने घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया था कि वो पुरानी दोस्ती के चलते एमके स्टालिन से मिले थे और जीत को लेकर चल रही अटकलों पर भी बोले थे.

अफवाहों से लेकर शादी तक की अनिरुद्ध-काव्या की जर्नी

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन के रिश्ते की शुरुआत कब हुई, ये तो पक्के तौर पर सामने नहीं आया. लेकिन 2025 से दोनों की शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं. शुरुआती दौर में साथ दिखने के बावजूद अनिरुद्ध ने इन खबरों को खारिज किया था. हालांकि इस साल उनके चाचा वाई जी महेंद्रन के एक साइन ने परिवार में शादी की खबरों को हवा दी. इसके बाद दोनों का रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' की स्क्रीनिंग में साथ पहुंचना इस रिश्ते की मजबूती को और साफ कर गया.

रेवंत रेड्डी के खुलासे के बाद ग्रीस में हुई शादी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अनिरुद्ध और काव्या की शादी की बात का जिक्र करते हुए 21 नवंबर,2026 को चेन्नई में रिसेप्शन होने की जानकारी दी थी. इसके बाद इस शादी को लेकर कोई पर्दा नहीं रहा और काव्या के माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन ने खुद फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति की बड़ी हस्तियों को न्योता भेजा. शादी से जुड़ी रस्मों की शुरुआत 10 नवंबर, 2026 को ग्रीस में हुई और अगले ही दिन ये जोड़ी शादी के बंधन में बंध गई.

चेन्नई के रिसेप्शन में सजी सितारों-दिग्गजों की महफिल

ग्रीस में हुई शादी के जश्न के बाद 21 नवंबर, 2026 को चेन्नई में हुए इस वेडिंग रिसेप्शन ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींचा. नए जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए सिनेमा जगत के बड़े चेहरों के साथ-साथ बड़ी राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की चमक बढ़ा दी. सीएम विजय, रजनीकांत और एमके स्टालिन के एक साथ आने वाले पलों ने इस रिसेप्शन को यादगार बना दिया और इसकी तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से री-शेयर की जा रही हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES