Chhath Puja 2026: महाव्रत छठ पर इमोशनल हुए सिद्धार्थ मल्होत्रा, Vvaan की शूटिंग के दिनों को याद कर कही दिल छू लेने वाली बात
बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने अपनी हालिया फिल्म 'द व्वान' के जरिए छठ पूजा की संस्कृति को बड़े पर्दे पर जिंदा किया है. इस महापर्व पर अपनी गहरी आस्था शेयर करते हुए फैंस के लिए एक स्पेशल नोट शेयर किया है.
लोक आस्था और सूर्य उपासना के पावन पर्व 'छठ पूजा' की गूंज इस बार न केवल घर-परिवारों और घाटों पर, बल्कि बॉलीवुड गलियारों में भी पूरी भव्यता के साथ सुनाई दे रही है. हर साल की तरह इस बार भी इस महापर्व ने देश-दुनिया के करोड़ों लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ा. लेकिन इस बार का जश्न और भी खास बन गया, जब बॉलीवुड के जाने-माने सितारों ने इस संस्कृति को बड़े पर्दे से जोड़ते हुए अपने खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने अपनी हालिया फिल्म 'द व्वान' के जरिए इस सांस्कृतिक धरोहर को एक नया आयाम दिया है.
छठ पूजा के इस शुभ अवसर पर एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस के साथ एक बेहद खूबसूरत और पुरानी यादों से जुड़ा इमोशनल नोट शेयर किया है. उन्होंने अपनी फिल्म ' द व्वान' के शूटिंग के दिनों को याद करते हुए लिखा कि कुछ कहानियां कैमरा बंद होने के बाद भी कलाकार के जेहन में हमेशा जिंदा रहती हैं और ये फिल्म सचमुच उनमें से एक है.
हिंदी सिनेमा में छठ पूजा का अनोखा रूप
सिद्धार्थ ने पोस्ट में अपने दिल की बात रखते हुए कहा कि हमारे देश की लोककथाओं और गहरी परंपराओं से जुड़ी इस फिल्म पर काम करने के दौरान उन्हें ये गहराई से महसूस हुआ कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक रस्में कितनी ताकत के साथ पीढ़ियों को एक धागे में पिरोकर रखती हैं. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस बात पर भी खुशी जाहिर की कि देश भर के लोग पहली बार हिंदी सिनेमा में इतनी प्रमुखता से आ रही छठ पूजा की इस असली भावना और परंपरा से जुड़ रहे हैं.
एक्टर ने कहा कि सिल्वर स्क्रीन पर अपनी संस्कृति के इस रूप की सराहना होते देखना उनके लिए एक बेहद खास और यादगार अनुभव रहा है. इसके साथ ही उन्होंने अपने सभी चाहने वालों और देशवासियों को छठ पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हुए हाथ जोड़ने वाला इमोजी शेयर किया, जिसे फैंस ने सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया.
छठी मैया से तमन्ना का गहरा लगाव
इस फिल्म में सिद्धार्थ के साथ नजर आने वालीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने भी छठ पूजा से जुड़े अपने पर्सनल और खास एक्सपीरियंस को शेयर किया. उन्होंने बताया कि फिल्म के खास गाने 'छठी मैया' की शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने इस प्राचीन रस्म के महत्व को गहराई से समझने में काफी समय बिताया था.
तमन्ना ने शेयर किया कि उन्होंने बिहार और पटना में इस महापर्व को मनाए जाने के तौर-तरीकों को पढ़ा और परखा है. उनके के अनुसार, इस दौरान छठी मैया के साथ उन्होंने जो एक अजीब और अलौकिक जुड़ाव महसूस किया, उसे वो शब्दों में पूरी तरह बयां नहीं कर सकतीं, क्योंकि इस पवित्र परंपरा में एक असीम आत्मीय शक्ति छिपी है.
फिल्म के बारे में
दीपक मिश्रा के निर्देशन में बनी और अरुणाभ कुमार द्वारा रचित कहानी पर आधारित 'द ववान' 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में मनु आनंद ने सिनेमैटोग्राफी और विजुअल डायरेक्शन की कमान संभाली थी. शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी जैसे जाने-माने निर्माताओं के बैनर तले बनी इस फिल्म ने अपनी कहानी और प्रस्तुति से लोगों के दिलों में एक अलग जगह बनाई है, जो अब त्योहारों के इस मौसम में खास चर्चा में है.