Celina Jaitly: 'मेरी अस्थियों को...', बेटे शमशेर की याद में फिर इमोशनल हुईं सेलिना जेटली, बताई अपनी आखिरी इच्छा
Celina Jaitly: बॉलीवुड एक्टर सेलिना जेटली ने साल 2017 में जुड़वां बेटों को जन्म दिया. लेकिन उनकी खुशियां ज्यादा समय तक नहीं टिक सकीं. जन्म के कुछ समय बाद ही उनके एक बेटे शमशेर की दिल से जुड़ी गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई. इस दुख ने सेलिना की जिंदगी पर गहरा असर डाला, जो आज भी बना हुआ है.
बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने गुरुवार को अपने दिवंगत बेटे शमशेर को उसके जन्मदिन पर बेहद इमोशनल अंदाज में याद किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसे उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रिया की जर्नी के दौरान रिकॉर्ड किया था. इस वीडियो के साथ सेलिना ने अपने दिल की ऐसी बात लिखी, जिसे पढ़कर हर मां का दिल भर आए. उन्होंने बताया कि उन्हें नहीं पता कि वो दोबारा ऑस्ट्रिया कब लौट पाएंगी, इसलिए उन्होंने वहां रहते हुए अपने लिए और अपने बेटे की याद में एक ऐसा पल रिकॉर्ड कर लिया, जो हमेशा उनके साथ रहेगा.
सेलिना ने अपनी पोस्ट में सिर्फ अपने बेटे को याद नहीं किया, बल्कि एक मां के तौर पर अपनी सबसे गहरी इच्छा भी जाहिर की. उन्होंने लिखा, 'मेरी इच्छा है कि जब मेरा जीवन समाप्त हो जाए, तो मेरा अंतिम संस्कार मेरी जन्मभूमि भारत में किया जाए और मेरी अस्थियों को मेरे बेटे शमशेर के साथ ऑस्ट्रिया में दफनाया जाए. एक मां की ये इच्छा है कि वो उस बच्चे के करीब रहे जिसे वो लंबे समय तक अपनी गोद में नहीं ले सकी.'
शमशेर को याद कर बोलीं- 'मम्मी मजबूत हैं'
सेलिना ने शमशेर को याद करते हुए बताया कि ऑस्ट्रिया की उस सफर के दौरान वो उसके भाइयों से नहीं मिल पाईं. ये बात उनके लिए बेहद तकलीफदेह थी. उन्होंने अपने बेटे से सीधे बात करते हुए लिखा, 'उस मुलाकात के दौरान मुझे तुम्हारे भाइयों से मिलने का मौका नहीं मिला. मम्मी का दिल टूट गया है, मेरे बेटे, लेकिन मम्मी मजबूत हैं.'
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'मैं तुम्हारे भाइयों के लिए जीती रहूंगी और आगे बढ़ती रहूंगी, तुम चारों को अपने दिल में संजोए रखूंगी.' इसके बाद उन्होंने याद किया कि आज ही के दिन शमशेर का जन्म उसके भाई अर्थू के साथ हुआ था. उन्होंने कहा, 'आज ही के दिन तुम्हारा जन्म अर्थू के साथ हुआ था. तुम हमें इतनी जल्दी छोड़कर चले गए, लेकिन तुमने मुझे कभी नहीं छोड़ा.'
बेटे के भाई की आंखों में भी दिखा दर्द
सेलिना ने अपने पोस्ट में ये भी बताया लिखा कि उन्होंने अर्थू की आंखों में अपने दिवंगत भाई शमशेर के लिए तड़प महसूस की है. एक मां के लिए शायद इससे ज्यादा इमोशनल पल कुछ नहीं हो सकता कि उसके बच्चे को अपने खोए हुए भाई की कमी महसूस हो. सेलिना ने लिखा, 'मैंने अर्थू की आंखों में तुम्हारे लिए तड़प देखी है और उसके शब्दों में भी सुनी है. मुझे विश्वास है कि तुम उस पर नजर रखते हो और किसी न किसी तरह, इन सब के बीच, मुझे लगता है कि तुम मुझ पर भी नजर रखते हो.'उनके शब्दों से लगता है कि वो शमशेर को आज भी अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं और उसकी मौजूदगी को अपने आसपास महसूस करती हैं.
परिवार के लिए सब कुछ छोड़ने की बात
सेलिना ने अपनी जिंदगी के उस हिस्से का भी जिक्र किया, जब उन्होंने परिवार के साथ जीवन बसाने के लिए अपना देश, माता-पिता, काम और अपनी जानी-पहचानी दुनिया तक पीछे छोड़ दी. उन्होंने कहा, 'मैंने अपना देश, अपने माता-पिता, अपना काम और अपनी हर जानी-पहचानी चीज छोड़कर अपने परिवार के साथ जीवन बसाया.'
एक्ट्रेस ने बताया कि 'आज कभी-कभी मुझे ऐसा लगता है कि मुझे शब्दों और दस्तावेजों के माध्यम से ये समझाना होगा कि मां बनने के बाद से मेरे हर सांस में क्या समाया हुआ है. एक मां अपने जीवन भर के प्यार को अदालत के सामने कैसे रख सकती है?' इस हिस्से में सेलिना ने एक मां के तौर पर अपने स्ट्रगल और इमोशनल फीलिंग्स को बेहद खुलकर सामने रखा.
रिकॉर्डिंग से कही दिल की बात
सेलिना ने शमशेर से ये भी कहा कि उन्हें अफसोस है कि वो अपनी बात सीधे उसके भाइयों तक नहीं पहुंचा पाईं और उन्हें रिकॉर्डिंग से अपनी भावनाएं जाहिर करनी पड़ीं. उन्होंने लिखा,'मुझे खेद है, मेरे प्यारे, कि मुझे ये बात रिकॉर्डिंग की मदद से कहनी पड़ रही है. काश मैं तुम्हारे भाइयों से सीधे बात कर पाती और उन्हें खुद याद दिला पाती कि मम्मी हमेशा तुम्हारे साथ हैं. मेरा प्यार तुमसे कभी दूर नहीं हुआ. तुम्हें इसे पाने के लिए कुछ भी करने की जरूरत नहीं है. ये हमेशा तुम्हारा है. जन्मदिन मुबारक हो, मेरे प्यारे शमशेर और मेरे प्यारे अर्थू'.
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'मैं हमेशा उन दोनों बच्चों की मां रहूंगी जिन्हें मैंने उस दिन इस दुनिया में लाया था. विंस्टन, विराज और अर्थू, मेरे बेटे, का ख्याल रखना, जबकि मम्मी आगे बढ़ने की शक्ति जुटाती रहती हैं. फिर मिलेंगे, मेरे प्यारे शमशेर. फिर मिलेंगे. हमेशा तुम्हारी मम्मी'. सेलिना की इन बातों में अपने बच्चों के लिए उनका प्यार और बिछड़ने का दर्द दोनों साफ नजर आता है.
शमशेर के जन्म की कहानी
सेलिना जेटली की शादी ऑस्ट्रियाई बिजनेसमेन और होटल व्यवसायी पीटर हाग से हुई है. दोनों ने मार्च 2012 में जुड़वां बेटों का वेलकम किया था. इसके करीब पांच साल बाद, साल 2017 में परिवार में फिर खुशियां आईं और सेलिना ने जुड़वां बेटों को जन्म दिया. हालांकि, इस खुशी के बीच परिवार को एक बड़ा सदमा भी झेलना पड़ा. उनके बच्चों में से एक, शमशेर, जन्म के कुछ समय बाद ही हार्ट से जुड़ी बीमारी के कारण इस दुनिया को छोड़ गया. तब से शमशेर की याद सेलिना और उनके परिवार के जीवन का बेहद इमोशनल हिस्सा बनी हुई है.
पति के खिलाफ दर्ज कराया कानूनी मामला
नवंबर, साल 2025 में सेलिना जेटली ने मुंबई की एक अदालत में अपने पति पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था. उन्होंने इमोशनल,फिजिकल ,सैक्सुअल हैरेसमेंट और गाली-गलौज देने के आरोप लगाए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने करीब 50 करोड़ रुपये के हर्जाने, 10 लाख रुपये महीना भरण-पोषण और बच्चों की कस्टडी की मांग भी की थी. इन कानूनी मामलों के बीच सेलिना की पर्सनल लाइफ लगातार सुर्खियों में रही है. हालांकि, उनके हालिया पोस्ट का मतलब किसी कानूनी विवाद से ज्यादा अपने दिवंगत बेटे के लिए उनका प्यार और एक मां का दर्द था.
भाई के मामले में भी खटखटाया था अदालत का दरवाजा
सेलिना अपने परिवार से जुड़े एक और गंभीर कानूनी मामले को लेकर भी अदालत का रुख कर चुकी हैं. उनके भाई मेजर (सेवानिवृत्त) विक्रांत जेटली को कथित नेशनल सिक्योरिटी मामले के सिलसिले में सितंबर, साल 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद सेलिना ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. नवंबर, साल 2025 में अदालत ने विदेश मंत्रालय को उनके भाई को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. ऐसे में देखा जाए तो सेलिना की जिंदगी पिछले कुछ सालों में दुख, परिवार की जिम्मेदारियों और कानूनी लड़ाइयों से गुजरती रही है.