रावण के किरदार ने बदली इन सितारों की पहचान: किसी ने पर्दे पर रचा इतिहास, तो किसी ने बटोरी सुर्खियां; कौन बना सबसे यादगार?
रावण के किरदार की जब भी बात होती है तो सबसे पहले अरविंद त्रिवेदी का नाम ही हर किसी की जुबान पर आता है. रावण का किरदार टीवी से लेकर भारतीय सिनेमा तक हमेशा चर्चा में बना रहता है. इन दिनों साउथ सुपरस्टार यश अपने रावण के किरदार को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं.
'रामायण' के 'रावण' रामलीला से लेकर टीवी और भारतीय सिनेमा का ऐसा किरदार है, जिस पर हर किसी की नजरें टिकी होती हैं. इस किरदार में हर दौर के कलाकारों ने अपना एक अलग ही अंदाज पेश किया है. किसी की गरजती आवाज तो किसी के अहंकार ने लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई. कुछ रावण ऐसे भी आए, जिन्होंने मॉडर्न लुक, एक्शन और कॉमेडी से अपना अंदाज बदल दिया. 'रावण' का किरदार ऐसा रहा है, जिसे निभाना सिर्फ एक्टिंग नहीं, बल्कि आवाज और डायलॉग डिलीवरी को पर्दे पर उतारने की चुनौती है. इस किरदार में दशकों से कई कलाकार नजर आए, जिन्होंने अपने ही अंदाज में पर्दे पर अलग छाप छोड़ी है.
फिल्म निर्माता दादा साहब फाल्के की साल 1917 में आई 'लंका दहन' से लेकर नितेश तिवारी की अपकमिंग 'रामायण' तक, श्री राम पर कई फिल्में और टीवी शो बन चुके हैं, जिनमें से एक 'लंकापति रावण' का किरदार है, जिसने दर्शकों के दिलों-दिमाग पर अलग ही छाप छोड़ी है. रावण का किरदार एन.टी. रामाराव से लेकर टीवी के सबसे मशहूर रावण, अरविंद त्रिवेदी तक, कई सितारों ने पर्दे पर निभाया है और इसमें अपनी एक अलग ही जान डाल दी है. दशहरे के मौके पर, जब हम बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाते हैं, ऐसे में हम आपको उन कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने पर्दे पर रावण का किरदार निभाया है.
एन.टी. रामाराव
सिनेमा के सबसे बड़े आइकनों में से एक एन.टी. रामाराव हैं. उन्होंने पर्दे पर कई बार रावण का किरदार निभाया है. पहली बार 1958 में रिलीज हुई फिल्म 'भूकैलास' में उन्होंने रावण का किरदार निभाया. इसके अलावा, साल 1961 में 'सीता राम कल्याणम' में भी रावण बने थे.
अरविंद त्रिवेदी
मशहूर टीवी शो 'रामायण' तो आपने देखा होगा, जिसे रामानंद सागर ने बनाया था. इसमें अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया राम-सीता के किरदार में नजर आए थे. इस मशहूर रामायण में अरविंद त्रिवेदी ने रावण का किरदार निभाया था और इस किरदार से घर-घर में लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी. इतना ही नहीं, उन्हें टीवी का असली रावण कहा जाता था. उनकी भारी आवाज, तीखे हाव-भाव और दमदार डायलॉग डिलीवरी ने किरदार को खास पहचान दी थी. इसकी वजह से आज भी जहां रावण का नाम लिया जाता है, तो सबसे पहले उनका चेहरा ही हर किसी को याद आता है.
नरेंद्र झा
साल 2006 में एक्टर नरेंद्र झा ने 'रावण' नाम के टीवी सीरियल में लंकापति रावण का किरदार निभाया था. यह सीरियल नवंबर 2006 में शुरू हुआ था और करीब दो साल से भी अधिक समय तक चला था. यह दिवंगत अभिनेता के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक माना जाता है.
अखिलेन्द्र मिश्रा
साल 2008 में आई 'रामायण' में अखिलेन्द्र मिश्रा ने रावण का किरदार निभाया था, जिसमें गुरमीत सिंह और देबिना बनर्जी ने राम-सीता का किरदार निभाया था. बताया जाता है कि शुरुआत में अखिलेन्द्र मिश्रा को छह महीने के लिए इस किरदार के लिए साइन किया गया था. उन्होंने रावण के वध का सीन भी शूट कर लिया था और अपना काम पूरा कर लिया था, लेकिन शो को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया की वजह से इसकी शूटिंग आगे बढ़ा दी गई थी.
आर्य बब्बर
एक्टर आर्य बब्बर ने साल 2015 से 2017 तक प्रसारित हुए टीवी शो में रावण का किरदार निभाया था. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने रावण को 'हिंदू पौराणिक कथाओं का सबसे बेहतरीन किरदार' बताया था.
आशुतोष राणा
एक्टर आशुतोष राणा को भी कई रामलीलाओं में रावण के किरदार में देखा गया है. उन्होंने भी मंच पर लंकापति का बेहतरीन किरदार निभाया है. मंच पर उन्हें रावण के किरदार में देखना दर्शकों के लिए एक खास एक्सपीरियंस माना जाता है. आशुतोष राणा की डायलॉग डिलीवरी और अहंकारी रावण के अंदाज को काफी पसंद किया जाता रहा है.
पारस छाबड़ा
सलमान खान के फेमस रियलिटी शो 'बिग बॉस' से मशहूर हुए एक्टर पारस छाबड़ा भी पौराणिक शो 'विघ्नहर्ता गणेश' में रावण का किरदार निभा चुके हैं. हालांकि, यह शो भगवान गणेश पर केंद्रित था, लेकिन रावण का किरदार पारस ने निभाया था. उन्होंने इस किरदार से काफी फेम हासिल किया था.
कबीर सिंह दुहन
ओटीटी (OTT) पर कुकू कोहली के आठ एपिसोड वाले पौराणिक ड्रामा में एक्टर कबीर दुहन सिंह ने दस सिरों वाले राक्षस राजा का किरदार निभाया. साउथ भाषाओं की फिल्मों में अपने काम के लिए पहचाने जाने वाले इस एक्टर ने इंटरव्यू में बताया था कि यह उनका 'ड्रीम रोल' (सपनों का किरदार) था. इस शो की शूटिंग मुख्य रूप से मॉरीशस में हुई थी.
सैफ अली खान
साल 2023 में रिलीज हुई ओम राउत की फिल्म 'आदिपुरुष' में रावण का किरदार सैफ अली खान ने निभाया था. इस किरदार के बारे में बात करते हुए सैफ अली खान ने रावण को 'अहंकार की साक्षात मूरत' बताया था. उन्होंने 'एफसी' (FC) को बताया था कि 'इस लिहाज से वह काफी दमदार है और उसका किरदार निभाने में मजा आता है.' उन्होंने यह भी समझाया था कि कैसे इस किरदार का अहंकार ही उसके हर काम को प्रेरित करता है.
रजनीश दुग्गल
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' भी इसमें शामिल है, जिसका निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है. एक्टर रजनीश दुग्गल ने रावण का किरदार निभाया है. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि 'रावण हमेशा वह राक्षस नहीं होता, जिसे हम दूसरों में देखते हैं. कभी-कभी, वह चुपचाप हमारे भीतर ही हमारे अहंकार, हमारे क्रोध, हमारी इच्छाओं और हमारे भीतर के अंधेरे के रूप में रहता है. असली जीत रावण पर नहीं, बल्कि अपने भीतर के रावण पर पाना है.'
यश
एक्टर यश इन दिनों अपने रावण के किरदार को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. इस किरदार में उन्हें दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है. यश नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' में रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म में रावण का किरदार काफी दमदार रहने वाला है.