"दिल की चोट को कोई नहीं भर सकता..." मैरी कॉम ने बिग बॉस के घर में खोले जिंदगी के राज, ईशा रिखी और आम्रपाली ने भी बयां किया दर्द
बिग बॉस के घर में मैरी कॉम ने अपने पति से अलग होने और असली नाम 'मांगते चुंगनेइजैंग' पर बड़ा खुलासा किया. वहीं ईशा रिखी और आम्रपाली दुबे ने भी अपने रिश्ते का दर्द बयां किया.
बिग बॉस के 20वें सीजन के घर में इस बार सिर्फ लड़ाई-झगड़े ही नहीं बल्कि दिल टूटने और रिश्तों के दर्द की कहानियां भी सामने आ रही हैं. घर के अंदर मैरी कॉम, ईशा रिखी और आम्रपाली दुबे ने अपनी पर्सनल लाइफ और टूटे रिश्तों पर ऐसे-ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्हें सुनकर फैंस भी हैरान रह गए हैं. बॉक्सिंग रिंग में बड़े-बड़े धुरंधरों को धूल चटाने वाली मैरी कॉम बिग बॉस के घर में काफी इमोशनल नजर आईं. टीवी एक्ट्रेस माही विज से बात करते हुए मैरी कॉम ने अपनी उम्र और अपनी जिंदगी के सबसे बुरे दौर के बारे में खुलकर बात की.
मैरी कॉम ने कहा कि उनकी उम्र 42 साल है. उन्हें बॉडी में कई इंजरी हुई हैं लेकिन उनके दिल की चोट को कोई भी नहीं हरा सकता. जब माही विज ने उनसे मजाक में पूछा कि क्या उनका पति उनसे डरता होगा, तो मैरी कॉम ने साफ कहा कि वो तो बोलता ही नहीं है. इसके बाद मैरी कॉम ने अपनी शादी टूटने और अलग होने के पूरे प्रोसेस पर बात की.
2 साल तक झेले झूठे आरोप
मैरी कॉम ने अपने रिश्ते के खत्म होने पर गहरा दुख जताया. उन्होंने बताया कि इंसान अक्सर यह सोचता है कि उसने दूसरों के लिए कितना अच्छा किया. अपने पार्टनर के लिए हमेशा अच्छा ही सोचा और कभी किसी की बुराई नहीं की, लेकिन इसके बावजूद इतने ज्यादा झूठे आरोप लगे कि उनके लिए सब कुछ बर्दाश्त करना बेहद मुश्किल हो गया था. मैरी कॉम ने बताया कि इस रिश्ते से अलग होने में उन्हें पूरे दो साल का लंबा वक्त लग गया. हालांकि अब वो सबकुछ भूलकर जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं.
काजी तौकीर को बताया अपना असली नाम
इसी बातचीत के दौरान जब सिंगर काजी अहमद तौकीर ने मैरी कॉम से उनके असली नाम के बारे में पूछा तो उन्होंने एक बहुत ही दिलचस्प खुलासा किया. मैरी कॉम ने बताया कि उनका असली और पूरा नाम 'मांगते चुंगनेइजैंग' है. मैरी कॉम ने बताया कि दुनिया उन्हें मैरी कॉम के नाम से जानती है लेकिन उनका यह नाम उनकी असली पहचान और उनकी जड़ों से जुड़ा हुआ है.
ईशा रिखी ने शादी पर बोलीं ये बात
रैपर बादशाह से अलग होने के बाद ईशा रिखी ने बिग बॉस के घर में एंट्री ली है. घर के अंदर भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे से बात करते हुए ईशा ने अपने दिल का हाल बयां किया. ईशा ने कहा कि अब वो जिंदगी भर सिंगल ही रहना चाहती हैं. अब उनका किसी भी पार्टनर के साथ रहने का बिल्कुल मन नहीं करता. उन्होंने अपने बचपन का एक किस्सा शेयर करते हुए बताया कि उन्हें शादी करने का इतना ज्यादा शौक था कि वो सोचती थीं कि जैसे ही वो 18 साल की होंगी, तुरंत शादी कर लेंगी. लेकिन जिंदगी के कड़वे अनुभवों ने अब उनकी सोच पूरी तरह से बदल दी है.
आम्रपाली दुबे का छलका दर्द
ईशा रिखी की बातें सुनकर भोजपुरी क्वीन आम्रपाली दुबे भी अपने इमोशंस पर कंट्रोल नहीं रख पाईं. आम्रपाली ने अपने पास्ट रिलेशनशिप का खौफनाक सच बताया. उन्होंने कहा कि अब वो किसी भी इंसान पर आसानी से भरोसा नहीं कर पाती हैं. एक गलत रिश्ते की वजह से उनकी पर्सनल लाइफ, उनकी इज्जत, उनके मां-बाप और उनके इमोशंस सब कुछ पूरी तरह से टूट चुके हैं. टॉक्सिक रिलेशनशिप का असर उनकी मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर भी बहुत बुरा पड़ा है.
आम्रपाली ने बताया कि उस बुरे रिश्ते के स्ट्रेस की वजह से उनके शरीर में बहुत ज्यादा हार्मोनल बदलाव आ गए. तनाव की वजह से उनका वजन काफी बढ़ गया और उनके चेहरे पर ब्रेकआउट्स आने लगे. वो मेंटली इतनी परेशान हो गई थीं कि खुद को पागल जैसा महसूस करने लगी थीं. उन्होंने कहा कि एक गलत इंसान के चक्कर में उनकी पूरी लाइफ खराब हो गई. अब उन्हें किसी भी लड़के की जरूरत नहीं है. आम्रपाली ने तंज कसते हुए कहा कि अब अगर उनकी लाइफ में कोई 'ग्रीन फ्लैग' या पूरा 'ग्रीन फॉरेस्ट' भी आ जाए तो भी उन्हें कोई रिश्ता नहीं चाहिए.