एकता कपूर को धोखा दिया: Bigg Boss 20 में आम्रपाली के सामने फूटा काजी तौकीर का दर्द, रॉकस्टार रोल ठुकराते ही लोगों ने बनाया विलेन!
Bigg Boss 20: रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' का इस समय लगातार बज बना हुआ है, जो नकुल धुल की एंट्री के बाद काफी बढ़ गया था. लेकिन गुल्लू के साथ उनकी एक फाइट ने महज 2 दिन में ही उन्हें शो से बाहर कर दिया. इस बीच फैंस के फेवरेट काजी तौकीर ने आम्रपाली के सामने अपने पुराने दिनों को यादकर एक खुलासा किया है.
सलमान खान का पॉपुलर रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' इस समय सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है. नकुल धुल और गुल्लू के बीच हुई हाथापाई के बाद इस शो की टीआरपी आसमान छू रही है. वहीं गुरुवार के एपिसोड में कंटेस्टेंट काजी तौकीर ने अपनी जिंदगी के सबसे बड़े पन्नों को आम्रपाली दुबे के सामने खोल दिया. इस दौरान काजी ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया, जब वो 'फेम गुरुकुल' जीतने के बाद शोबिज की दुनिया में कदम रख रहे थे. उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें कई बड़े प्रोजेक्ट्स ऑफर हुए थे, लेकिन कुछ फैसले ऐसे रहे जिन्होंने उनके करियर की दिशा ही बदल दी.
काजी ने आम्रपाली के सामने उस मुलाकात का भी जिक्र किया, जब टीवी की क्वीन एकता कपूर ने खुद उन्हें अपने एक धमाकेदार प्रोजेक्ट के लिए बुलाया था. उस किस्से को याद करते हुए काजी ने बताया कि साल 2005 में एकता कपूर ने खुद उन्हें अपने एक शो की कहानी सुनाई थी. उन्होंने किस्सा शेयर करते हुए कहा,'मैंने फिल्में साइन कीं, वो बनी नहीं, उसमें साल 2 साल निकल गए'.
एकता कपूर ने काजी को सुनाई शो की स्क्रिप्ट!
काजी ने इस बात को आगे बढ़ाते हुए बताया कि 'टीवी मैंने कभी किया नहीं. टीवी का मौका बहुत खराब था. मैं खुशकिस्मत था जिसके लिए एकता कपूर जी साल 2005 में आईं और उन्होंने कहानी सुनाई और मुझे तब समझ नहीं आया, मैं छोटा था सिर्फ 20 साल का मैं सिर्फ उनकी अंगुठियां देख रहा था दोनों हाथों में रॉकस्टार का पूरा किरदार एकता जी मुझे सुना रही थीं'. काजी ने आगे कहा, 'मुझे वो सुना रही थी और मैं क्या सामने बोलूं उनको के मैं नहीं करना चाहता...नहीं बोलूंगा ना'.
प्री-डिसाइड प्रोजेक्ट के चलते किया इनकार
काजी ने बताया कि कम उम्र और नासमझी के चलते वो एकता कपूर के सामने सीधे तौर पर ना नहीं कह पाए. इस मुश्किल से निकलने के लिए उन्होंने अपनी टीम की एक फीमेल मेंबर की मदद ली. काजी ने आगे खुलासा करते हुए बताया कि 'मेरे साथ एक महिला थी अनुपमा, मैंने उनसे कहा, मैडम मैं ये नहीं कर सकता और इतने अच्छे लोग थे ना, उन्होंने कहा, अगर आप नहीं करना चाहते तो कोई बात नहीं. मैंने कहा मैडम, मैं पहले से ही एक फिल्म कर रहा हूं. मेरा कॉन्ट्रैक्ट है, उस पर साइन हो चुके हैं'. उन्होंने अपनी मजबूरी और कॉन्ट्रैक्ट का हवाला देकर उस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली थी.
'काजी ने एकता को दिया धोखा'
काजी ने आगे बताया कि उनके एक छोटे से फैसले ने शोबिज की दुनिया में कैसे बवाल मचा दिया, इसका जिक्र करते हुए काजी का दर्द छलक उठा. उन्होंने बताया कि अगले दिन अखबारों की हेडलाइन्स देखकर उनके होश उड़ गए. काजी ने कहा, 'मैं सुबह नाश्ते में देख रहा हूं, 'काजी ने एकता कपूर को छोड़ दिया. काजी के पास तलने के लिए एक बड़ी मछली है'. उन्होंने आगे बताया कि उस समय अपनी सफाई पेश करने के लिए हमारे पास सोशल मीडिया भी नहीं था. बिना किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उस दौर में उन्हें धोखेबाज के रूप में पेश किया गया, जिससे उन्हें मेंटली काफी कुछ झेलना पड़ा.
किस शो की बात कर रहे हैं काजी?
आपको बता दें कि ये शो कोई और नहीं, बल्कि ब्लॉकबस्टर टीवी सीरियल 'कैसा ये प्यार है' था, जिसका खुलासा काजी ने पहले सिद्धार्थ कन्नन के इंटरव्यू में किया था. एकता कपूर उन्हें इस शो में मुख्य भूमिका यानी रॉकस्टार का किरदार देना चाहती थी, जिसे बाद में एक्टर इकबाल खान ने निभाया और शो रातों-रात सुपरहिट बन गया. दूसरी ओर, काजी तौकीर ने 'फेम गुरुकुल' जीतकर तहलका मचाया था, जिसमें उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर 50 लाख रुपये, एक म्यूजिक कॉन्ट्रैक्ट और एक कार अपने नाम की थी. आज इतने सालों बाद बिग बॉस के मंच पर इस पुराने जख्म के उभरने से एक बार फिर पुरानी यादें ताजा हो गई हैं.