बॉक्स ऑफिस पर महासंग्राम! एडवांस बुकिंग में एक-दूसरे को जबरदस्त टक्कर दे रही Avengers Doomsday और Dune 3; जानें किसने मारी बाजी
दिसंबर में सिनेमाघरों के अंदर साल का सबसे बड़ा मुकाबला होने वाला है. एक तरफ रॉबर्ट डाउनी जूनियर की एवेंजर्स डूम्सडे है तो दूसरी ओर टिमोथी चालमेट की ड्यून पार्ट थ्री. रिलीज से तीन हफ्ते पहले ही टिकटों की एडवांस बुकिंग ने तहलका मचा दिया है. चलिए बताते हैं बॉक्स ऑफिस की इस रेस में कौन किस पर भारी पड़ रहा है.
इस बार क्रिसमस की छुट्टियों में एंटरटेनमेंट का डोज डबल होने वाला है, क्योंकि हॉलीवुड की दो सबसे बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर आपस में टकराने जा रही हैं. सिर्फ 24 घंटे के अंतर पर रिलीज हो रही ये दोनों फिल्में दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाने का दम रखती हैं. एक तरफ मार्वल की ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ है, जिसने ‘एवेंजर्स एंडगेम’ के बाद दूर हो चुके पुराने फैंस को भी फिर से एक्साइटेड कर दिया है. वहीं, दूसरी तरफ डायरेक्टर डेनिस विलेन्यूवे की जबरदस्त साइंस-फिक्शन फिल्म ‘ड्यून पार्ट थ्री’ है. दोनों फिल्मों का बजट और स्केल काफी बड़ा है, ऐसे में सबकी नजर इसी बात पर टिकी है कि टिकट खिड़की पर किसकी जीत होती है.
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती रुझानों को देखें तो एक फिल्म ने रिलीज से पहले ही जबरदस्त एडवांस बुकिंग हासिल की. डेडलाइन की ताजा रिपोर्ट में नेशनल रिसर्च ग्रुप के हवाले से ये दावा किया गया है कि ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ नॉर्थ अमेरिका में 270 मिलियन डॉलर से ज्यादा की शानदार ओपनिंग कर सकती है. इतना ही नहीं, जानकारों का तो ये भी मानना है कि ये कमाई 300 मिलियन डॉलर के बड़े आंकड़े को भी आसानी से पार कर सकती है. दूसरी तरफ, ‘ड्यून पार्ट थ्री’ की पहले दिन की कमाई 75 से 80 मिलियन डॉलर के आसपास रहने की उम्मीद है. भले ही ये अभी शुरुआती आंकड़े हैं, लेकिन ये अंतर बताता है कि बड़े पर्दे पर किस फिल्म का ज्यादा क्रेज है.
भारत में एडवांस बुकिंग का तूफान
भारत के थिएटर्स में भी इस मुकाबले का तगड़ा असर दिख रहा है और यहां तो फर्क और भी साफ नजर आ रहा है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के हिसाब से, रिलीज से 21 दिन पहले ही ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ ने एडवांस बुकिंग के जरिए 65.21 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, जिसमें ब्लॉक सीटें भी जुड़ी हुई हैं.
अगर ब्लॉक सीटों को हटा दें, तो भी फिल्म की कमाई 56.87 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. पूरे देश में अब तक इसके 10.29 लाख टिकट बिक गए हैं, जिनमें से 9.02 लाख टिकट सीधे ओपन बुकिंग से बिके हैं. हाल ये है कि प्रीमियम फॉर्मेट की सबसे महंगी सीटें तो बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों के अंदर पूरी तरह से फुल हो रही हैं.
नहीं थम रही Ramayana की सुनामी! 22 दिन में रचा इतिहास, अब 1000 करोड़ क्लब से एक कदम दूर
‘ड्यून 3’ और पीवीआर आईनॉक्स के आंकड़े
‘ड्यून पार्ट थ्री’ की भारत में एडवांस बुकिंग के अलग से पूरे आंकड़े अभी तक सामने नहीं आए हैं, लेकिन देश की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर आईनॉक्स ने हाल ही में ये जानकारी दी है कि इन दोनों बड़ी फिल्मों ने मिलकर उनके सिनेमाघरों में 4.5 लाख से ज्यादा एडवांस टिकट बेच दिए हैं.
कंपनी ने ये साफ नहीं किया है कि इसमें किस फिल्म के कितने टिकट बिके हैं, पर इतना तो पक्का है कि दिसंबर में आने वाली इन फिल्मों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. हालांकि, शुरुआती रुझानों को देखें तो मार्वल की फिल्म का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है और ये बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई नए रिकॉर्ड बना सकती है.
विलेन बनकर लौटेंगे आयरन मैन
मार्वल की अगली बड़ी फिल्म ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ को लेकर फैंस के बीच गजब का क्रेज है. साल 2019 की ब्लॉकबस्टर ‘एंडगेम’ के बाद एक बार फिर एंथनी और जो रूसो इस फ्रेंचाइजी को डायरेक्ट कर रहे हैं. इस बार कहानी में बड़ा ट्विस्ट ये है कि आयरन मैन बनकर दिल जीतने वाले रॉबर्ट डाउनी जूनियर इस फिल्म में सबसे खूंखार विलेन ‘डॉक्टर डूम’ का रोल प्ले कर रहे हैं.
फिल्म में एवेंजर्स के साथ एक्स मेन और फैंटास्टिक फोर के सुपरहीरो मिलकर इस नए खतरे से भिड़ेंगे. इसमें क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड और फ्लोरेंस प्यू जैसे बड़े सितारे दिखेंगे. भारत में ये फिल्म 17 दिसंबर को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी, जबकि 18 दिसबंर को दुनियाभर में रिलीज होगी.
‘ड्यून 3’ की विरासत और मार्वल का दबदबा
वहीं दूसरी तरफ बात करें तो ‘ड्यून पार्ट थ्री’ की कहानी पॉल एटराइड्स के राजा बनने के करीब बीस साल बाद से शुरू होती है. इस बार साम्राज्य के अंदर नए खतरे और बगावत के सुर उठने लगे हैं. फिल्म में टिमोथी चालमेट, जेंडाया, रेबेका फर्ग्यूसन, जेसन मोमोआ और रॉबर्ट पैटिनसन जैसे बड़े सितारे दिखेंगे और ये 18 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगी.
इसके पहले पार्ट ने 402 मिलियन डॉलर और दूसरे ने 715 मिलियन डॉलर कमाए थे, जिससे मेकर्स को काफी उम्मीदें हैं. उधर ‘एवेंजर्स एंडगेम’ 2.9 बिलियन डॉलर के साथ अब भी सबसे कमाऊ फिल्म बनी हुई है. ‘स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे’ भी इसका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, इसलिए अब मार्वल को ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ से वैसी ही बड़ी कमाई की आस है.