'आदिशक्ति' से दुनिया में मचा तहलका, अवार्ड देते-देते थक नहीं रहे लोग! क्यों इस असमिया फिल्म की हो रही वाहवाही?
असमिया फीचर फिल्म आदिशक्ति ने रिलीज से पहले ही अमेरिका के लास वेगास इंडी अवॉर्ड्स में बेस्ट फिल्म का खिताब जीत लिया है. जानिए इस फिल्म की खास उपलब्धियां और थिएटर रिलीज डेट.
आजकल रीजनल सिनेमा सिर्फ अपने राज्य तक सीमित नहीं रहा बल्कि दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहा है. इसी कड़ी में असमिया फीचर फिल्म आदिशक्ति ने सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही बड़ा कमाल कर दिखाया है. बिटोपन कश्यप के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने नेशनल और इंटरनेशनल दोनों लेवल पर असमिया फिल्म इंडस्ट्री का नाम रोशन किया है.
लास वेगास में जीता बेस्ट फिल्म का खिताब
असमिया फिल्म आदिशक्ति को आयरा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है. न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक, अमेरिका के लास वेगास में हुए लास वेगास इंडी अवॉर्ड्स में इस फिल्म ने प्रतिष्ठित बेस्ट फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किया है. यह अवॉर्ड शो खास तौर पर इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर्स को आगे बढ़ाने और उनके अच्छे काम को पहचान देने के लिए रखा जाता है. इसमें शॉर्ट और फीचर दोनों तरह की फिल्मों को शामिल किया जाता है, जहां आदिशक्ति ने बाकी एंट्रीज को पीछे छोड़ते हुए यह बड़ा सम्मान हासिल किया.
अमेरिका में खास स्क्रीनिंग के लिए भी चुनी गई फिल्म
अवॉर्ड जीतने के साथ ही इस फिल्म के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. आदिशक्ति को अमेरिका के नेवादा स्थित कॉरपोरेट लास वेगास- वर्कस्पेस नियर द स्ट्रिप में ऑफिशियल स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है. वहां इस फिल्म की खास स्क्रीनिंग रखी जाएगी, जो इसके इंटरनेशनल सफर में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है. रिलीज से पहले इस तरह की ग्लोबल पहचान मिलना पूरी टीम के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है.
नई दिल्ली में भी जीत चुकी है तीन बड़े सम्मान
लास वेगास से पहले आदिशक्ति ने देश की राजधानी नई दिल्ली में भी अपनी चमक बिखेरी थी. ग्लोबल सिने कॉन्फ्लुएंस के दौरान जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के मंच पर फिल्म को तीन खास सम्मान मिले थे. इस इवेंट में फिल्म को बेस्ट फिल्म के लिए स्पेशल रिकॉग्निशन दिया गया. इसके अलावा फिल्म में शानदार एक्टिंग के लिए डॉ. अर्शिया महंत को बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जबकि इंद्रानी बरुआ को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी के खिताब से नवाजा गया.
देखें ट्रेलर-
अब असम के सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी
नई दिल्ली में मिली तीन बड़ी कामयाबियों और लास वेगास में बेस्ट फिल्म अवॉर्ड व स्क्रीनिंग सिलेक्शन के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी क्रेज बन गया है. इन सभी नेशनल और इंटरनेशनल उपलब्धियों के साथ अब आदिशक्ति की टीम पूरे असम के दर्शकों के बीच पहुंचने के लिए तैयार है. मेकर्स ने इसकी थिएटर रिलीज का ऐलान भी कर दिया है. यह अवॉर्ड विनिंग फिल्म 4 दिसंबर 2026 को पूरे राज्य के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जहां दर्शक बड़े पर्दे पर इस खास कहानी का मजा ले सकेंगे.