SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

3 सुपरस्टार, 3 ब्लॉकबस्टर और फिर अलविदा! आमिर, सलमान और अक्षय की हीरोइन ने करियर के पीक पर क्यों चुनी गुमनामी?

सलमान, आमिर, अक्षय और सूर्या जैसे दिग्गजों संग ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाली असिन थोट्टूमकल आज अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं. 'गजनी' की यादों में बसी 'कल्पना' ने पीक करियर में शोबिज छोड़ दिया. आज भी उनके लाखों फैंस बस एक ही आस लगाए बैठे हैं कि वो कब सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करेंगी.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 26, 2026, 07:58 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 08:29 AM IST
Image Credit: सलमान खान की हीरोइन
Join

ग्लैमर और शोबिज की चकाचौंध से भरी दुनिया में जहां सितारे दशकों तक अपनी उम्र और स्टारडम को बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, वहीं एक ऐसी भी एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपनी कामयाबी के सबसे ऊंचे शिखर पर पहुंचकर फिल्म इंडस्ट्री को हमेशा के लिए टाटा-बाय-बाय कह दिया. महज 15 साल की उम्र में एक्टिंग जर्नी शुरू करने वाली इस एक्ट्रेस ने 30 साल की उम्र से पहले ही वो मुकाम हासिल कर लिया था, जिसे पाने में कई कलाकारों को पूरा जीवन लग जाता है. जब हर कोई उनकी अगली हिट का इंतजार कर रहा था, तब उन्होंने चुपचाप पर्दे के पीछे अपनी एक नई और अलग दुनिया बसाने का फैसला ले लिया था.

आज हम जिस अदाकार की बात कर रहे हैं वो कोई और नहीं. बल्कि पैन-इंडिया स्टार असिन थोट्टूमकल हैं, जिन्होंने साल 2008 में फिल्म 'गजनी' से बॉलीवुड में अपना कदम रखा और रातों-रात सारी लाइमलाइट लूट ली. हालांकि इस फिल्म में ज्यादातर चर्चा में आमिर खान के बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और बदले की कहानी रही, लेकिन 'कल्पना' के रोल में असिन की मासूमियत और जिंदादिली ने फैंस का दिल जीत लिया.

आमिर की 100 करोड़ी 'कल्पना'

फिल्म 'गजनी' इंडियन सिनेमा के इतिहास की पहली ऐसी फिल्म थी, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था. साउथ सिनेमा की पहले से ही जानी-मानी स्टार असिन, इस एक फिल्म के बाद पूरे देश की फेवरेट बन गई थीं.  बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही असिन साउथ इंडियन सिनेमा में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी थीं. उन्होंने तमिल में सूर्या के साथ ओरिजनल 'गजनी' और 'पेराझगन', विजय के साथ 'पोक्किरी' और 'शिवकाशी', तेलुगु में महेश बाबू और पवन कल्याण जैसे दिग्गजों संग बैक-टू-बैक सुपरहिट फिल्में दीं.

एलीट एक्ट्रेस में हुईं शामिल

बॉलीवुड में कदम रखने के बाद भी उनका स्टारडम और हिट फिल्में देने का सिलसिला जारी रहा. उन्होंने सलमान खान के साथ 'रेडी', अक्षय कुमार के साथ 'हाउसफुल 2' और 'खिलाड़ी 786' और अजय देवगन के साथ 'बोल बच्चन' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की झड़ी लगा दी. वो उस दौर की सबसे भरोसेमंद और एलीट एक्ट्रेस में शुमार हो गईं. ज्यादातर कलाकार तब तक काम करते रहते हैं, जब तक उन्हें अच्छी स्क्रिप्ट मिलती रहती हैं, लेकिन असिन की सोच दूसरों से अलग थी.

करियर के पीक पर छोड़ा शोबिज

साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'ऑल इज वेल' एक्ट्रेस के करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई. जब वो कमर्शियल सफलता के चरम पर थीं, तभी उन्होंने अपनी जिंदगी का अगला हिस्सा लिखने की प्लानिंग बना ली थी. सिर्फ 30 साल की उम्र में, जब उनका करियर ढलान पर नहीं, बल्कि पीक पर था, तब उन्होंने पूरी तरह से एक्टिंग और पैपराजी कल्चर से दूरी बना ली, जो उनके लाखों फैंस के लिए काफी हैरान कर देने वाला फैसला था.

'खिलाड़ी' बने मैचमेकर और शुरू हुई लव स्टोरी

असिन की इस नई जिंदगी को शुरू करने में ज्यादा बड़ा हाथ बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' यानी अक्षय कुमार का था. अक्षय ने ही असिन की मुलाकात माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर और बिजनेसमैन राहुल शर्मा से करवाई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और जनवरी, 2016 में उन्होंने हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाजों से शादी रचाई. शादी के बाद असिन ने अपनी प्रायोरिटीस पूरी तरह बदल लीं. साल 2017 में बेटी एरिन रेन के आने के बाद वो पूरी तरह से फैमिली लाइफ में बिजी हो गईं. साल 2026 में अपनी शादी की 10वीं सालगिरह पर राहुल शर्मा ने असिन के लिए एक बेहद इमोशनल मैसेज भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने असिन को अपने दिल और घर की असली 'को-फाउंडर' बताया.

चकाचौंध से दूर एक शांत और मुकम्मल जिंदगी

आज के समय में जब हर सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर हर पल अपडेट रहता है, असिन बहुत ही शांत और प्राइवेसी से भरी जिंदगी जीती हैं. उनके पति राहुल शर्मा की नेट वर्थ आज लगभग 1,300 करोड़ की है और असिन लाइमलाइट की भागदौड़ से दूर अपनी पर्सनल लाइफ में बेहद खुश हैं. लेकिन फैंस के मन में आज भी ये सवाल उठता है कि क्या असिन कभी सिल्वर स्क्रीन पर वापसी करेंगी, लेकिन उनकी ये प्राइवेसी बताती है कि उन्होंने जो रास्ता चुना है, वो उससे पूरी तरह खुश हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES