Analysis: एक तरफ पाकिस्तानी ड्रामों की फैन फॉलोइंग, दूसरी तरफ बैन की मांग; क्या चाहते हैं भारतीय दर्शक?
भारत में पाकिस्तानी ड्रामों की लोकप्रियता लगातार चर्चा में है. एक तरफ भारतीय दर्शक इनकी कहानियों और किरदारों को पसंद कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ बैन की मांग उठ रही है. ऐसे में सवाल है कि आखिर दर्शक क्या चाहते हैं और इस बहस के पीछे की वजह क्या है?
इन दिनों कई पाकिस्तानी ड्रामा भारत में खूब पॉपुलर हो रहे हैं. आए दिन उनके डायलॉग और सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव का असर भी साफ दिख रहा है. जिसके चलते इन शोज को भारत में दिखाने का विरोध भी तेज हो रहा है. इन दिनों पाकिस्तानी ड्रामा दर-ए-निजात (Dar-e-Nijaat) को लेकर खूब बवाल चल रहा है. इस ड्रामा के लिए दिल्ली में हुई वॉच पार्टी और बेंगलुरु में प्रस्तावित स्क्रीनिंग रद्द होने की खबरों ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के इस मुद्दे की फिर हवा दे दी. जबकि दूसरी ओर फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज को लेकर भी विवाद सामने आया है.
इन सब को देखकर ऐसा लगता है, जैसे एक तरफ दर्शक हैं, जो पाकिस्तानी ड्रामों की कहानियों और स्टार्स को पसंद करते हैं. जबकि, दूसरी ओर कुछ संगठन और यूजर्स इन सीरियल्स को भारत में दिखाए जाने के खिलाफ हैं. ऐसे में कौन-सा ड्रामा ज्यादा पॉपुलर है के साथ ये भी है कि भारतीय दर्शक इस पूरे मामले को किस नजर से देख रहे हैं?
पाकिस्तानी ड्रामों को लेकर भारत में बंटी हुई है राय
इसके लिए सबसे ताजा उदाहरण 'दर-ए-निजात' से जुड़ी दो घटनाएं हैं. दरअसल, 22 नवंबर को इस सीरियल के फैंस के लिए दिल्ली में एक वॉच पार्टी रखी गई थी. इस कार्यक्रम में लगभग 45 लोगों तक को शामिल होना था. लेकिन आयोजकों की मानें तो यहां आने को लेकर इससे कहीं ज्यादा लोगों ने पूछताछ की. वॉच पार्टी के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर विरोध भी शुरू हो गया.
वहीं, इसके लिए बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को दो स्क्रीनिंग प्रस्तावित थीं. लेकिन ऑनलाइन विरोध के बाद आयोजकों ने दोनों कार्यक्रम रद्द कर दिए. साथ ही पुलिस ने बताया कि इन आयोजनों के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी. इन दोनों घटनाओं से यह तो साफ है कि एक ही शो को लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं हैं. एक तरफ लोग इसे साथ बैठकर देखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. जबकि दूसरी ओर पब्लिक आयोजन पर आपत्ति भी जता रहे हैं.
पाकिस्तानी सीरियल्स पसंद करने वाले दर्शक क्या कहते हैं?
जिन लोगों को पाकिस्तानी ड्रामा देखना पसंद है, उनकी राय अलग है. दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक स्टूडेंट कलश गुसाई ने कहा, 'किसी स्टार की एक्टिंग या किसी कहानी को पसंद करना उस देश की सरकार या उसकी नीतियों का समर्थन करना नहीं है. मेरे लिए सीरियल मनोरंजन का जरिया है. मैं कोई भी शो कहानी, किरदारों की बनावट और कलाकारों की एक्टिंग के आधार पर देखती हूं.'
Dar-E-Nijaat: न महंगे तोहफे, न बड़े वादे और न दिखावा; क्यों भारतीय लड़कियों के दिलों पर राज कर रहा पाकिस्तानी ड्रामे का अबू बकर?
वहीं, हाउसमेकर मोनिका चौहान का कहना है कि किसी पाकिस्तानी कलाकार की एक्टिंग पसंद करने का मतलब पाकिस्तान की सरकार या उसकी नीतियों का समर्थन करना नहीं है. उन्होंने कहा, 'किसी कलाकार के काम की तारीफ और राजनीतिक मुद्दों पर राय रखना दो अलग-अलग बातें हैं. कला और राजनीति को अलग-अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए.' साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दर्शकों को यह तय करने की आजादी होनी चाहिए कि वे किस तरह का कंटेंट देखना चाहते हैं.
प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले सुकांत तोमर कहते हैं कि पाकिस्तानी ड्रामों की कहानियों में परिवार, प्यार, शादी, भरोसा और सामाजिक दबाव जैसे विषय अक्सर देखने को मिलते हैं. उन्होंने कहा, 'ये ऐसे मुद्दे हैं, जिनसे भारतीय दर्शक भी आसानी से जुड़ पाते हैं. दोनों देशों में भाषा और सामाजिक परिवेश की कई समानताएं हैं. इन कहानियों के भाव और किरदार यहां के दर्शकों को भी अपने करीब लगते हैं.'
'तेरे बिन' से 'दर-ए-निजात' तक, इन किरदारों की क्यों हो रही चर्चा?
भारत में पाकिस्तानी ड्रामों की पॉपुलैरिटी ऐसे अचानक शुरू नहीं हुई है. इससे पहले 'तेरे बिन' में युमना जैदी और वहाज अली की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था. वहीं, 'कभी मैं कभी तुम' में हानिया आमिर और फहाद मुस्तफा की केमिस्ट्री भी भारतीय दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी. इसके पहले मेरे हमसफर में फरहान सईद और हानिया आमिर को भी काफी पॉपुलैरिटी मिली.
इन दोनों अब 'दर-ए-निजात' के अबू बकर और जरयाब जैसे किरदार सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. खासतौर पर लड़कियों के बीच अबू बकर पॉपुलर हुए हैं, वो 'ग्रीन फारेस्ट' कहे जा रहे हैं. इस ड्रामा में उसका शांत स्वभाव, रिश्तों को लेकर गंभीरता और महिलाओं के प्रति सम्मान जैसे पहलू दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है. हालांकि, भारत में ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें ये सीरियल पसंद नहीं आते या जो इन्हें देखने के खिलाफ हैं.
पाकिस्तानी कंटेंट का विरोध करने वालों की क्या दलील है?
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कुनाल सिंह का कहना है कि पाकिस्तानी ड्रामों का विरोध करने वालों का तर्क मौजूदा राजनीतिक हालात और दोनों देशों के रिश्तों से जुड़ा है. उन्होंने कहा, 'भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है. ऐसे में पाकिस्तान में बने मनोरंजन कंटेंट को भारतीय प्लेटफॉर्म्स पर जगह देने पर सवाल उठना स्वाभाविक है.' इसके अलावा दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा कृषिका पाटिल ने कहा, 'राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की भावनाओं को मनोरंजन या व्यावसायिक हितों से ऊपर रखा जाना चाहिए.'
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी. इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया. इसके बाद पाकिस्तानी कलाकारों और वहां बने कंटेंट को भारत में दिखाने का विरोध करने वालों की आवाज भी तेज हुई.
पाकिस्तानी कंटेंट पर सरकार की एडवाइजरी में क्या कहा गया था?
बता दें कि पहलगाम हमले के बाद 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी हुई थी. मंत्रालय ने OTT प्लेटफॉर्म्स, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और इंटरनेट मध्यस्थों को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट के मामले में निर्देश दिए थे. एडवाइजरी में पाकिस्तान में बने कंटेंट को प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद नहीं कराने की बात कही गई थी. इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल कंटेंट शामिल थे. मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की संप्रभुता और दूसरे देशों के साथ संबंधों से जुड़े प्रावधानों का भी उल्लेख किया था.
इसके बाद नवंबर 2026 में यह मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आया है. जब नेटफ्लिक्स ने फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर जारी करते हुए इसकी ग्लोबल रिलीज की तारीख 4 दिसंबर घोषित की. इसके बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज को भारत में रिलीज नहीं करने की मांग की. संगठन ने पाकिस्तानी कंटेंट पर स्थायी रोक लगाने के लिए कानून बनाने की मांग भी उठाई.
26/11 की कहानी दिखाने में कहां चूक रहा था बॉलीवुड? 'धुरंधर' और 'प्रहार' ने बदला नजरिया
इसके बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई यानी FWICE ने भी इस सीरीज के भारत में प्रसारण पर आपत्ति जताई. इसके बाद 26 नवंबर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक बार फिर नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 की एडवाइजरी की याद दिलाई और पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में स्ट्रीम नहीं करने की बात कही.
क्या मनोरंजन और राष्ट्रीय भावनाओं को अलग रखा जा सकता है?
पाकिस्तानी ड्रामों को लेकर जारी बहस का सबसे अहम सवाल यही है. एक पक्ष कहता है कि किसी सीरियल की कहानी पसंद करना या किसी कलाकार की तारीफ करना देश के खिलाफ होना नहीं है. दर्शक किसी किरदार के व्यवहार और कलाकार के अभिनय को पसंद कर सकता है, जबकि भारत-पाकिस्तान के राजनीतिक हालात पर उसकी राय अलग हो सकती है.
दूसरी ओर, विरोध करने वालों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में पाकिस्तानी कंटेंट को सामान्य मनोरंजन की तरह नहीं देखा जाना चाहिए. उनके लिए यह राष्ट्रीय भावनाओं और सुरक्षा से जुड़ा विषय है. इस तरह बहस अब किसी एक सीरियल या कलाकार तक नहीं रह गई है. इसमें OTT प्लेटफॉर्म्स की जिम्मेदारी, कलाकारों की भूमिका, दर्शकों की पसंद और दोनों देशों के रिश्ते जैसे कई पहलू जुड़ गए हैं.
बैन होने के बाद भी कैसे देख पा रहे हैं भारतीय दर्शक?
सोशल मीडिया पर इस विवाद को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. 'दर-ए-निजात' की वॉच पार्टी में शामिल कुछ लोगों को ऑनलाइन आलोचना का सामना करना पड़ा. इंडिया टुडे से बातचीत में एक महिला दर्शक ने बताया था कि शो देखने की वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर 'गद्दार' तक कहा गया. वहीं, सीरियल के फैंस का कहना है कि किसी शो को पसंद करने के लिए दर्शकों को निशाना बनाना ठीक नहीं है.
भारत में पाकिस्तानी ड्रामों को देखने के लिए कई दर्शक VPN का सहारा लेते हैं. इसका फायदा पाकिस्तान के उन चैनलों को भी मिल रहा है, जिनके शोज यहां पसंद किए जाते हैं. 'दर-ए-निजात' बनाने वाले चैनल ARY Digital के लिए भी भारतीय दर्शक अहम हैं. ARY Entertainment के प्रमुख जर्जीस सेजा का दावा है कि पाकिस्तानी चैनलों को मिलने वाले कुल व्यूज में 30 से 35 फीसदी हिस्सेदारी भारत की है.