SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, KBC के मंच से दी श्रद्धांजलि; याद किया वो खास एपिसोड

Amitabh Bachchan Tribute to Nana Patekar: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर ने 8 अक्टूबर की सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया. इस बीच अमिताभ बच्चन ने केबीसी के सेट से उन्हें श्रद्धांजलि दी. बिग बी ने नाना को याद करते हुए केबीसी के उस एपिसोड को भी याद किया, जब वे शो में बतौर कंटेस्टेंट आए थे.

Written By Kajol Gupta
Published: Oct 08, 2026, 10:48 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 10:52 PM IST
Image Credit: अमिताभ बच्चन ने किया नाना पाटेकर को याद
Join

Amitabh Bachchan Tribute to Nana Patekar: हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर की गुरुवार सुबह आई निधन की खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया. नाना ने 75 साल की उम्र में गोवा में कार्डियक अरेस्ट की वजह से दुनिया को अलविदा कह दिया. एक्टर के निधन के बाद से सोशल मीडिया पर फैंस, उनके अपने और पूरी फिल्म इंडस्ट्री ने उनके लिए दुख जताया और उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं. अब अमिताभ बच्चन ने भी एक वीडियो शेयर करते हुए नाना पाटेकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है.

अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर को याद करते हुए केबीसी के उस एपिसोड को याद किया, जिसमें एक्टर बतौर कंटेस्टेंट पहुंचे थे. इस एपिसोड में जीती हुई सारी राशि नाना पाटेकर ने समाज सेवा के लिए दान कर दी थी. अमिताभ ने उन्हें याद करते हुए उस यादगार शाम के बारे में बातें की हैं.

अमिताभ बच्चन ने किया नाना पाटेकर को याद

अमिताभ बच्चन वीडियो में बोलते हैं, 'देवियों और सज्जनों, नाना पाटेकर जी का अचानक आज सुबह निधन हो गया. एक अद्वितीय कलाकार, मित्र, शुभचिंतक और एक उत्कृष्ट समाजसेवी आज हमारे बीच नहीं रहे. ये न केवल भारतीय फिल्म उद्योग के लिए, बल्कि व्यक्तिगत तौर पर जिनका भी उनके साथ संपर्क हुआ, उन सबको स्तब्ध कर गया. उनकी बेबाकी, उनकी सादगी और सच को सच कहने का उनका साहस, ये सारी बातें उनको सबसे अलग बनाती थीं. कुछ लोग हमारे जीवन से चले जाते हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनका परोपकार, उनकी सिखाई हुई सीख हमारे भीतर रह जाती है. आपको नाना, व्यक्तिगत रूप से मेरा नमन और आपकी उस कला को प्रणाम, जिसे आपने पूरी ईमानदारी से जिया और हम सबको समर्पित किया. केबीसी के इस मंच पर हमारे विशेष कार्यक्रम में एक अतिथि के रूप में उनका आगमन हुआ था, वो यादगार शाम सदा हमारे साथ रहेगी.'

यह भी पढ़ें- ‘जिसने हमारे घर में लक्ष्मी लाई, वो चला गया...’ नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुई महिला, एक्टर ने बदली थी जिंदगी

नाना ने जीती हुई धनराशि को किया था समर्पित- अमिताभ बच्चन

नाना पाटेकर को याद करते हुए अमिताभ बच्चन ने आगे कहा, 'उनकी बातों ने न केवल हमें प्रभावित किया, बल्कि जिस नेक काम के लिए उन्होंने जीती हुई धनराशि को समर्पित किया, वो उनकी समाज सेवा का उदाहरण है. महाराष्ट्र के उन गांवों में, जो वर्षा के अभाव से पीड़ित थे, उन्होंने वहां के किसानों के साथ संपर्क किया और व्यक्तिगत रूप से उनकी सेवा की. केबीसी परिवार की ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि.'

हेमा मालिनी को लगा नाना पाटेकर के जाने से सदमा

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर, मशहूर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने कहा, 'यह जानकर मुझे बहुत दुख और सदमा लगा कि इतने महान अभिनेता अचानक हमारे बीच नहीं रहे. जन्म और मृत्यु तो तय है, लेकिन हम कभी भी ऐसी अचानक हुई घटना की उम्मीद नहीं करते. वह एक शानदार कलाकार थे. अपने आप में एक्टिंग की एक मिसाल, जिनका एक्टिंग का अंदाज और आवाज बहुत ही बेहतरीन थी. वह हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री में एक बहुत बड़ी हस्ती थे. मैं उनकी एक्टिंग की बहुत तारीफ करती थी. मैंने हाल ही में उनकी वेब सीरीज 'संकल्प' देखी. मैंने उन्हें फोन करके बताया कि यह कितनी शानदार थी और मुझे यह कितनी पसंद आई. यह सुनकर उन्हें बहुत खुशी हुई. इसके अलावा, वह सच में एक समर्पित समाज-सेवक भी थे. उन्होंने 'नाम फाउंडेशन' शुरू किया, जिसके ज़रिए उन्होंने अनगिनत किसानों और जरूरतमंद लोगों की मदद की. उन्होंने साबित कर दिया कि एक फिल्मी हस्ती के तौर पर उनकी पहचान से भी कहीं बड़ा उनका दिल था.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES