SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मेरी शादी पर झूठी कहानियां बनाना बंद करो! 'अनइक्वल मैरिज' टैग को लेकर ट्रोलर्स पर भड़कीं आलिया भट्ट, पति रणबीर का किया बचाव

रणबीर कपूर संग ‘अनइक्वल मैरिज’ के दावों पर अब आलिया भट्ट ने चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया. उन्होंने इस दौरान अपने रिश्ते की मजबूती का बचाव किया और कहा कि असलियत बिल्कुल अलग है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 19, 2026, 17:23 IST | Updated: Nov 19, 2026, 17:45 IST
Join

सोशल मीडिया का दौर कुछ ऐसा हो गया है कि लोग किसी भी सेलिब्रिटी कपल के छोटे से बयान या हरकत का बाल की खाल निकालने बैठ जाते हैं. बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर कपल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है. साल 2022 में फैमिली और क्लोज फ्रेंड्स की मौजूदगी में सात फेरे लेने वाले इस कपल के रिश्ते को इंटरनेट पर अक्सर अलग-अलग चश्मे से देखा जाता है. कई बार तो सोशल मीडिया यूजर्स ने इस रिश्ते को ‘अनइक्वल’ यानी गैर-बराबरी वाला बताकर आलिया को एक ऐसी महिला के तौर पर पेश करने की कोशिश की, जो किसी दबाव में है.

लंबे समय से चल रही इन अटकलों और ट्रोलिंग पर अब आखिरकार आलिया भट्ट ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है. हाल ही में ‘TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026’ के खास इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने अपनी शादी पर होने वाली इस लगातार छानबीन पर खुलकर बात की. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बाहर बैठे अनजान लोग उनकी शादी की सच्चाई तय नहीं करेंगे.

‘मुझे कमजोर या पीड़ित दिखाना बेहद गलत है’

आलिया ने इन तमाम दावों को बेहद ‘ऑफेंसिव’ यानी अपमानजनक बताते हुए कहा कि वो खुद हमेशा दूसरी महिलाओं को अपने दिल की सुनने और कॉन्फिडेंट बनने की सलाह देती हैं. ऐसे में, उन्हें एक काल्पनिक कहानी का हिस्सा बनाकर कमजोर या पीड़ित दिखाना बहुत बुरा और गलत है. उनके मुताबिक, लोगों को उनका रिश्ता इसलिए अजीब लगता है क्योंकि वो दोनों शादी से जुड़ी पुरानी सोच के दायरे में फिट नहीं बैठते हैं.


आलिया का रणबीर के साथ बॉन्ड

रणबीर कपूर के साथ अपने रिश्ते की असली ताकत बताते हुए आलिया ने बेहद खूबसूरत बात कही. उन्होंने बताया कि किसी भी मजबूत रिश्ते की असली नींव तब पड़ती है, जब आपको अपनी अहमियत साबित करने के लिए कोई अलग से कोशिश न करनी पड़े. आलिया के शब्दों में, रणबीर उनके लिए वही इंसान हैं जिनके साथ उन्हें बिना कुछ कहे सुना और समझा हुआ महसूस होता है. बाहर की दुनिया चाहे जो भी कहानियां गढ़े, लेकिन उन दोनों के बीच का आपसी रिश्ता, सम्मान और दोस्ती ही उनकी असली सच्चाई है, जिसे किसी बाहरी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है.

कहां से शुरू हुआ था ‘लिपस्टिक’ वाला विवाद?

आलिया और रणबीर के रिश्ते पर उंगलियां उठने का ये सिलसिला साल 2023 से ज्यादा तेज हुआ था. उस वक्त एक मैगजीन इंटरव्यू में आलिया ने बड़े ही हल्के-फुल्के अंदाज में बताया था कि रणबीर को उनके होंठों का नेचुरल रंग पसंद है और कई बार वो लिपस्टिक पोंछने के लिए कह देते हैं. बस फिर क्या था, इंटरनेट पर बैठे लोगों ने इस बेहद नॉर्मल-सी बात को पकड़ लिया और रणबीर को ‘कंट्रोलिंग’ और ‘रेड फ्लैग’ तक कह डाला.

हालांकि, बाद में ‘कॉफी विद करण’ शो में भी आलिया ने अपने पति का बचाव करते हुए साफ किया था कि उनकी बात को बेवजह गलत ढंग से पेश किया गया और सोशल मीडिया पर बनाई जा रही इमेज उस असली रणबीर से बिल्कुल अलग है, जिसे वो जानती हैं.

पर्दे पर फिर दिखेगी इस हिट जोड़ी की केमिस्ट्री

पर्सनल लाइफ की इन चर्चाओं से दूर आलिया और रणबीर अपने करियर में भी लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं. एक तरफ जहां रणबीर कपूर अपनी फिल्म ‘रामायण’ की हिस्टोरिकल कामयाबी का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है. ये रियल-लाइफ जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है.

ये कपल मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की अगली बड़ी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में साथ काम कर रहे हैं, जिसमें विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में दिखेंगे. ये मोस्टअवेटेड फिल्म जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES