भूत-प्रेत नहीं, इस बार अक्षय कुमार के निशाने पर है 'एलियन', समुक के मोशन पोस्टर ने खोले राज; कास्ट का भी खुलासा
अक्षय कुमार और निर्माता विपुल अमृतलाल शाह पूरे 13 साल बाद एक साथ लौट रहे हैं. उनकी नई साइंस-फिक्शन और सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म 'समुक' का खौफनाक मोशन पोस्टर रिलीज हो चुका है, जो 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है.
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार हमेशा कुछ नया और अलग करने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी आने वाली एक बेहद रोमांचक और अनोखी फिल्म का ऐलान किया है, जिसे लेकर इंटरनेट पर हलचल तेज हो गई है. आम फिल्मों से हटकर इस बार मामला पूरी तरह से एलियन और इंसानों के बीच छिड़ने वाली जंग का है.
बॉलीवुड गलियारों में इस वक्त जिस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है 'समुक'. इस फिल्म के जरिए सुपरस्टार अक्षय कुमार और मशहूर निर्माता विपुल अमृतलाल शाह पूरे 13 साल बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं. दोनों ने पहले 'नमस्ते लंदन' और 'वक्त' जैसी कई शानदार फिल्में दी हैं. ऐसे में फैंस की उम्मीदें इस नए प्रोजेक्ट से काफी ज्यादा बढ़ गई हैं.
क्या है फिल्म का प्लॉट और थीम?
अक्षय कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस फिल्म का एक धांसू मोशन पोस्टर शेयर किया है. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है कि दुश्मन इंसान नहीं है, लेकिन लड़ाई इंसानियत के लिए है और पीछे हटना कोई ऑप्शन नहीं है.
मोशन पोस्टर में एक भयानक और विशालकाय जीव का हाथ नजर आ रहा है, जो यह इशारा करता है कि फिल्म में जबरदस्त साइंस-फिक्शन और सर्वाइवल का तड़का देखने को मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के जरिए भारतीय सिनेमा में कुछ ऐसा दिखाया जाएगा जो पहले कभी नहीं देखा गया.
दमदार स्टारकास्ट और रिलीज डेट
इस बड़े बजट की साइंस-फिक्शन फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, बनिता संधू, रजत कपूर और स्वानंद किरकिरे जैसे बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं, जबकि इसके सह-निर्माता आशिन ए शाह हैं. मेकर्स ने यह साफ कर दिया है कि यह फिल्म 28 मई 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी.