)
'हक' एक्ट्रेस यामी गौतम के जन्मदिन के खास मौके पर निर्देशक और उनके पति आदित्य धर ने सोशल मीडिया के जरिए उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया है. उन्होंने यामी को अपना घर और जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए एक इमोशनल नोट शेयर किया, जिसमें उनके समर्पण और मुस्कान की दिल खोलकर तारीफ की गई है. इसी बीच आदित्य धर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और रणवीर सिंह के साथ उनकी पॉपुलर फिल्म फ्रेंचाइजी को लेकर भी इंडस्ट्री में नई गॉसिप्स सुनने को मिल रही हैं.
इंस्टाग्राम पर फोटोज शेयर करते हुए आदित्य धर ने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे यामी, सबसे खूबसूरत औरत जिसे मैंने कभी जाना है. तुम्हारी मुस्कान न सिर्फ एक कमरे को बल्कि मेरी पूरी दुनिया को रोशन कर देती है. तुम मेरा घर हो, मेरी सबसे बड़ी ताकत हो, मेरी सबसे पक्की सपोर्टर हो और वो इंसान हो जिसने मुझे आज वो बनने के लिए इंस्पायर किया जो मैं हूं'.
सोशल मीडिया पर शेयर की गईं तस्वीरों में दोनों की छुट्टियों के खास पल नजर आए और दो फोटोज में ये जोड़ी एक स्टोर से बाहर निकलती दिखी. उन्होंने आगे कहा, 'जिस तरह से आप हमारे परिवार में इतना प्यार भरते हैं और जो भी करते हैं उसमें अपना सब कुछ लगा देते हैं, वो मुझे हर दिन हैरान कर देता है. मुझे नहीं पता कि आप ये सब कैसे कर लेते हैं और फिर भी मेरा साथ देते हैं'.
आदित्य ने आगे कहा, 'जिंदगी आपको हमारे परिवार में जितनी खुशियां, प्यार और आशीर्वाद लाती है, उससे हजार गुना ज्यादा वापस दे. कभी सपने देखना बंद न करें, कभी चमकना बंद न करें और कभी न भूलें कि आप कितने खास हैं.' आखिर में उन्होंने लिखा, 'ये जिंदगी भर आपका हाथ थामने, आपको हिम्मत देने और आपसे बार-बार प्यार करने का मौका है. #YamiPaglu'
निर्देशक आदित्य धर और एक्टर रणवीर सिंह की जोड़ी ने 'धुरंधर' सीरीज के जरिए बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी हासिल की थी. खबरों के मुताबिक ये जोड़ी एक बार फिर किसी बड़े प्रोजेक्ट पर हाथ मिला सकती है, जिसकी शूटिंग 2027 की शुरुआत में और रिलीज 2028 में होने की बात कही जा रही है, हालांकि दोनों में से किसी ने भी इस खबर की ऑफिशियल पुष्टि नहीं की है.
सोर्स के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार फिलहाल किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर फाइनल मुहर नहीं लगी है. हालांकि ये जरूर कहा जा रहा है कि आदित्य धर लंबे समय से एक नए विचार पर काम कर रहे हैं और रणवीर सिंह का नाम ऑप्शन में आगे चल रहा है, जबकि कहानी और दूसरे किरदार को भी अभी छुपाकर रखा है.

आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार शामिल थे. इस फ्रेंचाइजी की पहला पार्ट दिसंबर 2025 में और दूसरी मार्च 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था.