'एक वॉक ने बदल दी अदिति राव हैदरी की पहचान? 20 साल के करियर पर भारी पड़ा 'हीरामंडी' का एक सीन
28 अक्टूबर को बॉलीवुड और साउथ की एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी अपना 40वां बर्थडे सेलिब्रेट करेंगी. उन्होंने अपने 20 साल के करियर में कई फिल्मों और सीरीज में काम किया, लेकिन साल 2024 में आई संजय लीला भंसाली की सीरीज में हसीना की 'गजगामिनी वॉक' ने पहचान ही बदल दी थी. आइए उनके वायरल सीन और पॉप कल्चर पर नजर डालते हैं.
बॉलीवुड और साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी 28 अक्टूबर को अपना 40वां बर्थडे सेलिब्रेट करेंगी. एक्ट्रेस राजघराने से ताल्लुक रखती हैं और आप जानते ही हैं कि भारत में राजघरानों का इतिहास आकर्षण और गौरव का प्रतीक रहा है. शाही परिवारों में जन्मे लोगों का जीवन अक्सर सुख-सुविधाओं और परंपराओं से जुड़ा माना जाता है, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं, जिन्होंने पारिवारिक विरासत से अलग अपनी एक खास पहचान बनाई है. एक्ट्रेस अदिति राव का नाम उन्हीं में शामिल है.
हसीना ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म इंडस्ट्री से की थी और बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई. अपनी फिल्मों के अलावा अदिति अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं. उन्होंने एक्टर सिद्धार्थ से दूसरी शादी की थी. लेकिन उनसे पहले उनके जीवनसाथी सत्यदीप मिश्रा थे.
हसीना ने अपने लिए चुनी एक अलग राह
28 अक्टूबर को हैदराबाद में जन्मी एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी त्याबजी-हैदरी परिवार से ताल्लुक रखती हैं. वह दो शाही परिवारों की वंशज हैं. उनके पिता का नाम एहसान हैदरी था और मां का नाम विद्या राव था. जब अदिति केवल 2 साल की थीं, तब उनके मम्मी-पापा अलग हो गए थे और उनकी मां उन्हें लेकर दिल्ली आ गई थीं. पिता की तरफ से वह असम के पूर्व गवर्नर और हैदराबाद राज्य के पूर्व प्रधानमंत्री सर मुहम्मद सालेह अकबर हैदरी की परपोती हैं और मां की तरफ से वह तेलंगाना के वनापार्थी संस्थान के राजा जे. रामेश्वर राव की नातिन हैं. हालांकि, हसीना ने अपने लिए एक अलग ही राह चुनी.
हीरामंडी सीरीज से मिली पहचान
एक्ट्रेस अदिति राव संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में नजर आई थीं. अगर आप इसे अभी भी देखना चाहते हैं, तो ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. यह एक पीरियड ड्रामा सीरीज है, जिसमें कई कलाकार नजर आए थे. सीरीज में अदिति राव का गाना 'ओ सैंया' था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. यह गाना देखने में जितना बेहतरीन था, इसे बनाने में उतनी ही मेहनत लगी थी.
गाने को बनाने में लगी थी काफी मेहनत
इस गाने के पीछे के किस्से के बारे में बताते हुए एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने खुलासा किया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि 2 मिनट के इस गाने के लिए 10 दिन की मेहनत लगी थी. अनुष्का ने लिखा, 'जहां इस शो को बनाने में दो साल से अधिक का समय लगा था, जिसे लोग एक ही दिन में देख लेते हैं. और अदिति का गाना, जिसे आप दो मिनट में देख लेते हैं, उसे बनाने में हमें 5 दिन की रिहर्सल और 5 दिन की शूटिंग लगी थी. हर दिन सुबह जल्दी आना, नाश्ता करना, 2 घंटे तक मेकअप करने के बाद इस गाने को शूट करना काफी मुश्किल था. संजय लीला भंसाली छोटी-छोटी चीजों पर पैनी नजर रखते हैं.'
इस गाने में अदिति की 'गजगामिनी वॉक' सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी. इस वॉक को लोग बार-बार देख रहे थे. फैशन की दुनिया में 'कैटवॉक' के बारे में तो आपने सुना ही होगा, लेकिन क्या आप 'गजगामिनी वॉक' के बारे में जानते हैं? सालों पहले आचार्य वात्स्यायन ने 'कामसूत्र' लिखा था, जिसमें 'गजगामिनी' चाल का जिक्र किया गया था. हालांकि, आज के जमाने में इसे 'Swan Walk' कहते हैं. सीरीज के गाने 'ओ सैंया' में अदिति राव 'गजगामिनी' अंदाज में चलते हुए नजर आई थीं. आइए जानते हैं, क्या होती है गजगामिनी वॉक?
आखिर क्या होती है गजगामिनी वॉक?
भारत के सबसे पुराने हिंदू पाठों में से एक 'कामसूत्र' है, जो सेक्सुअलिटी, इरोटिसिज्म और अन्य चीजों के बारे में बात करता है. हिंदू शास्त्र में हाथी यानी गज को रॉ सेक्सुअलिटी के प्रतीकों में माना जाता है. कामसूत्र के अनुसार, हस्तिनी या हथिनी को सबसे आदर्श महिला माना जाता है. कामसूत्र में ही हथिनी की चाल को भी काफी कामुक माना गया है. आचार्य वात्स्यायन का कामसूत्र भारतीय सनातन ज्ञान की एक अनूठी विरासत है. इतना ही नहीं, 'गजगामिनी' शब्द का प्रयोग महाभारत में भी हुआ है. देवदत्त पट्टानायक ने अपनी किताब में इसका प्रयोग किया है.