App

बदलेगा एंटरटेनमेंट का अंदाज: आमिर-फरहान ला रहे नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म, मोबाइल पर मिनटों में मिलेगा फिल्मों जैसा मजा

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान और फरहान अख्तर अब सिनेमा प्रेमियों के लिए एंटरटेनमेंट का नया ठिकाना लाने की तैयारी कर रहे हैं. दोनों के प्रोडक्शन हाउस मिलकर एक खास माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने वाले हैं, जहां मोबाइल पर ही बेहद कम समय में फिल्मों और वेब सीरीज जैसी दमदार कहानियां देखने को मिलेंगी.

बदलेगा एंटरटेनमेंट का अंदाज: आमिर-फरहान ला रहे नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म, मोबाइल पर मिनटों में मिलेगा फिल्मों जैसा मजा
Image Credit: नए प्रोजेक्ट के लिए साथ आए आमिर खान और फरहान अख्तर

बॉलीवुड के दो बड़े सितारे आमिर खान और फरहान अख्तर अब ऑडियंस के एंटरटेनमेंट का तरीका बदलने के लिए साथ आ गए हैं. ANI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों की कंपनियां ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ और ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ मिलकर एक नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म शुरू करने वाली हैं. इस खास डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोग अपने फोन में ही छोटी-छोटी और मजेदार कहानियां देख पाएंगे. आजकल के बिजी शेड्यूल में ये आइडिया लोगों को खूब पसंद आ रहा है, क्योंकि इसमें कम समय में अच्छा एंटरटेनमेंट मिलेगा. ‘दिल चाहता है’ और ‘तलाश’ जैसी शानदार फिल्मों के बाद, इन दोनों की ये नई पार्टनरशिप फैंस के बीच काफी चर्चा में है.

इस नए प्रोजेक्ट की सबसे बडी बात ये है कि यहां दिखाई जाने वाली छोटी कहानियों को भी बडी फिल्मों और शानदार वेब सीरीज की तरह ही दमदार तरीके से बनाया जाएगा. ANI की खबर के मुताबिक, इस खास प्रोजेक्ट पर पर्दे के पीछे काफी समय से लगातार काम चल रहा है. इस प्लेटफॉर्म पर लोगों को पुरानी सुपरहिट फिल्मों और यादगार किस्सों से जुडा खास कंटेंट देखने को मिलेगा. इसके अलावा, आज के दौर की ऑडियंस की पसंद को देखते हुए एकदम नई कहानियां भी तैयार की जा रही हैं. कुल मिलाकर, इस एक ही प्लेटफॉर्म पर पुरानी यादों के साथ-साथ बिल्कुल नया और ताजा एंटरटेनमेंट भी भरपूर देखने को मिलेगा, जो काफी मजेदार होगा.

Aamir Khan And Farhan Akhtar

सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी मिलेगा बड़ा मंच

इस नए प्लेटफॉर्म की सबसे मजेदार बात ये है कि यहां पर ऑडियंस को सिर्फ आमिर खान और फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस की फिल्में या शो ही देखने को नहीं मिलेंगे. बल्कि इसके लिए देश के जाने-माने सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी खास तौर पर साथ जोड़ा जा रहा है, ताकि वे इस प्लेटफॉर्म के लिए बिल्कुल नया और अलग कंटेंट बना सकें. इस अलग शुरुआत से इंटरनेट की दुनिया के उभरते सितारों को अपनी कला दिखाने के लिए एक बहुत बड़ा मंच मिल जाएगा. दूसरी ओर, आम लोगों को भी एक ही जगह पर अलग-अलग स्वाद और ढेर सारी वैरायटी वाली कहानियां देखने का बढ़िया मौका मिलेगा, जो इसे बाकी ऐप्स से पूरी तरह हटकर बनाएगा.

रील्स और शॉर्ट्स से कितना अलग होगा यह प्लेटफॉर्म

आजकल के दौर में हर इंसान के हाथ में स्मार्टफोन है और फुर्सत मिलते ही लोग इंस्टाग्राम रील्स या यूट्यूब शॉर्ट्स स्क्रॉल करने लगते हैं. हालांकि, आमिर खान और फरहान अख्तर जो नया प्लेटफॉर्म लेकर आ रहे हैं, वे इन आम सोशल मीडिया ऐप्स से एकदम जुदा होगा. इस नए मंच पर आपको महज टाइमपास वाले छोटे वीडियो नहीं दिखेंगे, बल्कि हर क्लिप अपने आप में एक पूरी कहानी समेटे होगी. इन शॉर्ट फिल्मों को मंझे हुए कलाकारों, रियल लोकेशन और बेहतरीन क्वालिटी के साथ शूट किया जाएगा. मेकर्स का मकसद यही है कि ऑडियंस को कम समय में भी किसी बड़ी फिल्म या वेब सीरीज जैसा भरपूर एंटरटेनमेंट और थ्रिल महसूस हो सके.

Microdrama Platform

आखिर क्या होता है ये माइक्रोड्रामा?

सीधे और आसान शब्दों में इसे समझे तो माइक्रोड्रामा छोटी कहानियों वाली एक नई तरह की सीरीज है. इसका हर एक एपिसोड बस कुछ ही मिनटों का होता है और कहानी बिना किसी देरी के तेजी से आगे बढ़ती है. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास घंटों बैठकर लंबी फिल्में देखने का वक्त नहीं है. ऐसे में कम समय में पूरा एंटरटेनमेंट देने वाला ये ‘माइक्रोड्रामा’ लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. इन्हें खास तौर पर मोबाइल फोन की स्क्रीन के हिसाब से ही तैयार किया जाता है. कम समय में ज्यादा मजा देने की वजह से अब भारत में भी इस नए अंदाज की कहानियों को लेकर लोगों की दिलचस्पी काफी तेजी से बढ़ रही है.

जल्द हो सकता है प्लेटफॉर्म के नाम का ऐलान

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आमिर खान और फरहान अख्तर के इस नए प्लेटफॉर्म को लेकर बहुत जल्द कोई बड़ा ऑफिशियल ऐलान हो सकता है. फिलहाल फैंस के मन में इस प्रोजेक्ट को लेकर कई तरह के सवाल हैं, लेकिन अभी तक इस प्लेटफॉर्म का नाम और इसके लॉन्च होने की पक्की तारीख सामने नहीं आई है. इसके अलावा, ऑडियंस को इस प्लेटफॉर्म पर कहानियां देखने के लिए पैसे खर्च करने होंगे या ये बिल्कुल मुफ्त होगा, इस बारे में भी अभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है. फिर भी, बॉलीवुड के इन दो बड़े नामों के साथ आने से इतना तो तय है कि लोगों को जल्द ही एंटरटेनमेंट की दुनिया में कुछ बहुत ही शानदार देखने को मिलने वाला है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More