UPPSC APO को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द, अब आगे क्या?
UPPSC APO भर्ती 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित उम्मीदवारों को आगे क्या करना होगा?
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट की ओर से यूपीपीएससी एपीओ की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया है. साथ ही स्पष्ट किया है कि अनारक्षित यानी सामान्य वर्ग की सीटें सभी वर्गों के योग्य अभ्यर्थियों के लिए खुली रहेंगी. इसके अलावा चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा. कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने और संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश अनुसार, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की एपीओ प्रारंभिक परीक्षा 2025 के रिजल्ट और 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन, दोनों को रद्द कर दिया गया है.
कब आया था UPPSC APO भर्ती का रिजल्ट?
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अभियोजन अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन 22 मार्च 2026 को किया गया था. इसके बाद UPPSC APO भर्ती 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 30 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था. इस रिजल्ट में कुल 2,856 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की और वो अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए.
क्या है मामला?
इस भर्ती के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम और आयोग के कार्यालय ज्ञापन को लेकर विवाद शुरू हुआ. कुछ अभ्यर्थियों ने इसे इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी. याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों ने बिना किसी अतिरिक्त छूट का लाभ लिए अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए हैं, उन्हें भी अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए.
खबर अपडेट हो रही है...