Supreme Court Vacancy: भारत के सर्वोच्च न्यायालय यानी सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट मास्टर बनने का शानदार अवसर आपका इंतजार कर रहा है. यहां पर शॉर्टहैंड पदों पर भर्तियां निकली है जिसके तहत योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. 25 अक्टूबर 2026 से सुप्रीम कोर्ट में शॉर्टहैंड भर्ती के तहत आवेदन विंडो खुली हुई है. योग्य और इच्छुक उम्मीदवार सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार 20 पदों पर कोर्ट मास्टर शॉर्टहैंड वैकेंसी निकली हुई है. जरूरी तारीख से लेकर आवेदन योग्यता, प्रक्रिया समेत अन्य डिटेल्स जानते हैं.
सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट मास्टर शॉर्टहैंड भर्ती के तहत योग्य उम्मीदवार 25 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आखिरी तारीख निकल जाने के बाद उम्मीदवार के पास आवेदन का मौका नहीं होगा. आवेदकों को भर्ती अभियान के तहत परीक्षा में शामिल होना होगा ऑब्जेक्टिव परीक्षा (CBT) का आयोजन 7 दिसंबर 2026 को किया जाएगा. अगले दिन यानी 8 दिसंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट शॉर्टहैंड भर्ती परीक्षा की उत्तर कुंजी को जारी किया जाएगा जिसके तहत 8 और 9 दिसंबर 2026 के बीच ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकेंगे.
सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट मास्टर शॉर्टहैंड भर्ती के लिए सिर्फ शैक्षणिक योग्यता जरूरी नहीं है, बल्कि अनुभव भी होना चाहिए. किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए. हालांकि, प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस की भी मांग की गई है. शॉर्टहैंड भर्ती के तहत उम्मीदवार की अंग्रेजी शॉर्टहैंड में न्यूनतम 120 शब्द प्रति मिनट की स्पीड होनी चाहिए. साथ ही, कंप्यूटर की नॉलेज और अंग्रेजी टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की स्पीड होनी चाहिए. इसके अलावा राइटर या स्टेनोग्राफी क्षेत्र में न्यूनतम 5 साल का अनुभव होना चाहिए.
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम 30 साल और अधिकतम 45 साल उम्र वाले योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. सरकारी नियम के तहत आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. 1 अक्टूबर 2026 तक आयु सीमा की गणना की जाएगी.
सामान्य और अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए प्रति आवेदन फीस 1500 रुपये है, जबकि आरक्षित वर्ग जैसे- SC, ST, दिव्यांग (PwD) और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है.