App

आज PM मोदी का IIT खड़गपुर दौरा, कभी यहां कैद थे क्रांतिकारी, कैसे रखी गई देश के पहले IIT की नींव?

IIT Kharagpur History: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी IIT खड़गपुर पहुंच रहे हैं. क्या आप जानते हैं कि देश का ये पहला IIT कभी अंग्रेजों के एक डिटेंशन कैंप की जमीन पर शुरू हुआ था? आइए इस ऐतिहासिक संस्थान का रोचक सफर जानते हैं.

आज PM मोदी का IIT खड़गपुर दौरा, कभी यहां कैद थे क्रांतिकारी, कैसे रखी गई देश के पहले IIT की नींव?

IIT Kharagpur History: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल स्थित IIT खड़गपुर का दौरा करेंगे. इस दौरान वो संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे और छात्रों से संवाद भी करेंगे. देश के पहले प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) के रूप में पहचान रखने वाला ये संस्थान इन दिनों एक बार फिर चर्चा में है. इसकी खासियत सिर्फ तकनीकी शिक्षा और शोध तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका इतिहास भी बेहद दिलचस्प है. एक समय था, जब इस परिसर में छात्रों की चहल-पहल नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों की आवाजें गूंजती थीं. 

दरअसल, आजादी से पहले यहां हिजली डिटेंशन कैंप हुआ करता था, जहां ब्रिटिश शासन के दौरान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को कैद रखा जाता था. समय बदला और इसी ऐतिहासिक जमीन पर भारत के पहले IIT की स्थापना हुई. आइए IIT खड़गपुर का दिलचस्प इतिहास और इससे जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं. 

संघर्ष की जमीन से तकनीकी संस्थान तक का सफर 

देश के पहले IIT के तौर पर पहचान रखने वाले IIT खड़गपुर का इतिहास हिजली डिटेंशन कैंप से जुड़ा हुआ है. जिस परिसर में आज तकनीकी शिक्षा और शोध का काम होता है, वहां कभी ब्रिटिश शासन का हिजली डिटेंशन कैंप हुआ करता था. अंग्रेजी हुकूमत यहां स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को कैद रखती थी. 

आजादी के बाद इसी ऐतिहासिक परिसर में भारत के पहले IIT की शुरुआत हुई. इस तरह हिजली डिटेंशन कैंप की पहचान समय के साथ बदल गई, संघर्ष और बलिदान से जुड़ी ये जमीन देश में तकनीकी शिक्षा के एक नए अध्याय की गवाह बनी.

जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी इसके नए भवन की नींव

IIT खड़गपुर की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इस संस्थान की शुरुआत मई 1950 में हुई थी. शुरुआत में संस्थान कोलकाता के एस्प्लेनेड ईस्ट से संचालित हुआ और सितंबर 1950 में हिजली परिसर में स्थानांतरित हो गया. 18 अगस्त 1951 को तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद ने इसका औपचारिक उद्घाटन किया. इसके बाद मार्च 1952 में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने संस्थान के नए भवन की नींव रखी थी.

IIT खड़गपुर को कब मिला राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा?

आईआईटी खड़गपुर को 15 सितंबर 1956 को 'राष्ट्रीय महत्व के संस्थान' का दर्जा मिला था. उस दिन संसद ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (खड़गपुर) एक्ट, 1956 पारित किया, जिसके साथ ये विशेष संवैधानिक और प्रशासनिक दर्जा पाने वाला देश का पहला संस्थान बन गया.

IIT खड़गपुर के पहले बैच में कितने छात्र थे? 

हिजली डिटेंशन कैंप की विशाल जमीन पर बनी इमारतों में ही नए संस्थान की शुरुआत हुई थी. अगस्त 1951 में IIT खड़गपुर का पहला शैक्षणिक सत्र 224 छात्रों और 42 शिक्षकों के साथ शुरू हुआ. इसी ऐतिहासिक इमारत में संस्थान की शुरुआती कक्षाएं, प्रयोगशालाएं और प्रशासनिक कार्यालय संचालित किए गए. 

संस्थान के पहले निदेशक प्रख्यात वैज्ञानिक सर जे.सी. घोष बने, जबकि पहले बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. बी.सी. रॉय थे. मार्च 1952 में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा नए भवन की आधारशिला रखे जाने के बाद कैंपस के विस्तार और इमारतों के डिजाइन की रूपरेखा तैयार की गई. ये काम स्विस वास्तुकार डॉ. वर्नर एम. मोजर के मार्गदर्शन में हुआ.

IIT खड़गपुर में क्या-क्या पढ़ाया जाता है? 

भारत के पहले आईआईटी यानी आईआईटी खड़गपुर में सिर्फ इंजीनियरिंग की पढ़ाई नहीं करवाई जाती है, बल्कि ये संस्थान कई अन्य कोर्स से संबंधित पढ़ाई के लिए भी जाना जाता है. यहां पर विज्ञान, आर्किटेक्चर, मैनेजमेंट, कानून और मेडिकल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों की पढ़ाई भी होती है. एआई संबंधित कोर्स भी करवाए जाते हैं. अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और रिसर्च संबंधित कोर्स होते हैं.

स्नातक स्तर की पढ़ाई के तहत संस्थान की ओर से बी.टेक, इंटीग्रेटेड बी.टेक-एम.टेक, बी.आर्क और इंटीग्रेटेड एमएससी जैसे कोर्स शामिल हैं. पोस्टपोस्ट के एम.टेक, एमएससी, एलएलएम, एमबीए, एमएचआरएम, एलएलबी और अन्य स्पेशल कोर्स शामिल हैं. रिसर्च के एमएस और पीएचडी कोर्स करवाए जाते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Simran Singh

Simran Singh

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More