App

NDA Written पास करने के बाद असली चुनौती SSB! जानें Interview में किन गुणों की होती है जांच

एनडीए लिखित परीक्षा पास करने के बाद एसएसबी में क्या होता है? जानें एसएसबी के चरण, ग्रुप टास्क, इंटरव्यू में पूछने जाने वाले सवाल और ऑफिसर जैसे गुण यानी अधिकारी जैसे जरूरी गुण.

NDA Written पास करने के बाद असली चुनौती SSB! जानें Interview में किन गुणों की होती है जांच

NDA की लिखित परीक्षा पास करना उम्मीदवार के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसके बाद चयन प्रक्रिया का एक अहम चरण शुरू होता है. लिखित परीक्षा मुख्य रूप से उम्मीदवार के शैक्षणिक ज्ञान और विषयों की समझ को परखती है, जबकि Services Selection Board यानी SSB में उम्मीदवार के व्यक्तित्व और व्यवहार का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है. यहां यह देखा जाता है कि उम्मीदवार में सैन्य अधिकारी की जिम्मेदारियां संभालने के लिए जरूरी गुण कितने विकसित हैं.

SSB चयन प्रक्रिया आम तौर पर करीब पांच दिनों में पूरी होती है. इसमें उम्मीदवार को अलग-अलग मनोवैज्ञानिक, समूह और व्यक्तिगत मूल्यांकन से गुजरना पड़ता है. प्रक्रिया के दौरान केवल यह नहीं देखा जाता कि उम्मीदवार किसी सवाल का सही जवाब देता है या नहीं, बल्कि दबाव में उसका व्यवहार, सोचने का तरीका, टीम के साथ तालमेल और निर्णय लेने की क्षमता कैसी है.

पहले दिन कौन सा टेस्ट होता है?

SSB के शुरुआती चरण में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाती है. इसमें Intelligence Test और Picture Perception and Discussion Test जैसे मूल्यांकन शामिल होते हैं. उम्मीदवार की तस्वीर को समझने, कहानी बनाने और समूह चर्चा में अपने विचार रखने की क्षमता देखी जाती है. स्क्रीनिंग में सफल उम्मीदवार ही आगे की प्रक्रिया में पहुंचते हैं.

आगे कौन-कौन से टेस्ट होते हैं?

अगले चरणों में Psychological Tests, Group Testing और Personal Interview शामिल होते हैं. मनोवैज्ञानिक परीक्षणों के जरिए उम्मीदवार की सोच, प्रतिक्रिया और व्यक्तित्व को समझने की कोशिश की जाती है. वहीं Group Testing में उम्मीदवार को अलग-अलग परिस्थितियों में टीम के साथ काम करने का अवसर दिया जाता है. इन सभी गतिविधियों का मूल्यांकन मिलाकर उम्मीदवार की Officer Like Qualities का आकलन किया जाता है.

Group Tasks में क्या देखा जाता है?

Group Tasks का उद्देश्य यह समझना होता है कि उम्मीदवार टीम के साथ किस तरह काम करता है. इसमें Group Discussion, Group Planning, Progressive Group Task, Group Obstacle Race और अन्य व्यावहारिक गतिविधियां शामिल हो सकती हैं. यहां केवल सबसे ज्यादा बोलने वाले उम्मीदवार को बेहतर नहीं माना जाता. टीम को साथ लेकर चलना, दूसरों की बात सुनना, समस्या का समाधान सुझाना और जरूरत पड़ने पर नेतृत्व करना भी महत्वपूर्ण होता है.

Interview में कैसे सवाल पूछे जाते हैं?

SSB Interview में सवाल उम्मीदवार की पढ़ाई, परिवार, दोस्तों, रुचियों, उपलब्धियों, सामान्य जागरूकता और भविष्य की योजनाओं से जुड़े हो सकते हैं. उम्मीदवार से उसकी दिनचर्या, स्कूल-कॉलेज, पसंद-नापसंद और किसी चुनौती से निपटने के अनुभव के बारे में भी पूछा जा सकता है. इसलिए केवल रटे हुए जवाब तैयार करने के बजाय अपनी प्रोफाइल और अनुभवों की वास्तविक समझ होना जरूरी है.

किन गुणों की होती है जांच?

SSB में Officer Like Qualities (OLQs) को खास महत्व दिया जाता है. इनमें प्रभावी बुद्धिमत्ता, तर्क और समस्या समाधान, सामाजिक अनुकूलन, सहयोग की भावना, जिम्मेदारी, पहल करने की क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, प्रभाव डालने की क्षमता और दृढ़ता जैसे गुण शामिल हैं. उम्मीदवार से यह उम्मीद नहीं की जाती कि वह हर गतिविधि में परफेक्ट हो, बल्कि यह देखा जाता है कि वह परिस्थितियों में किस तरह प्रतिक्रिया करता है.

तैयारी कैसे करें?

SSB की तैयारी केवल किताबें पढ़ने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. उम्मीदवार को नियमित रूप से समाचार पढ़ना, अपनी बात स्पष्ट तरीके से रखना, समूह में चर्चा करना, शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देना और अपने बारे में ईमानदारी से समझ विकसित करनी चाहिए. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उम्मीदवार बनावटी व्यक्तित्व दिखाने के बजाय स्वाभाविक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार व्यवहार करे. यही तैयारी NDA लिखित परीक्षा के बाद SSB की चुनौती को पार करने में मदद कर सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shivam Tiwari

Shivam Tiwari

शिवम तिवारी, जी न्यूज में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं और पत्रकारिता में करीब 2 साल से अधिक का अनुभव रखते हैं. यूपी के प्रयागराज के रहने वाले शिवम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है. खबरों की नब्ज पकड़कर उन्हें आसान और साफ भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में माहिर हैं. शिवम शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों पर खास फोकस रखते हैं. इनमें स्कूल-कॉलेज एडमिशन, बोर्ड परीक्षाएं, प्रवेश परीक्षाएं, सरकारी नौकरियां, रिजल्ट, कॉम्पिटिटिव एग्जाम, करियर टिप्स, करेंट अफेयर्स और जनरल नॉलेज जैसे टॉपिक्स शामिल हैं.इसके अलावा शिवम, टीचर्स, प्रोफेसर्स, एक्सपर्ट्स और करियर काउंसलर्स की सलाह के आधार पर कंटेंट तैयार करते हैं. ये IIT-JEE, NEET, GATE, CLAT और CUET जैसे नेशनल लेवल एंट्रेंस एग्जाम से जुड़े विषयों पर गहराई से काम करते हैं और छात्रों के लिए उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराते हैं. शिवम तिवारीर से संपर्क करने के लिए आप उन्हें shivam.tiwari@india.com पर ईमेल कर सकते हैं.
Read More