App

IIT Exam Cheating: आईआईटी गोवा की भर्ती परीक्षा में हाई-टेक नकल का भंडाफोड़! ब्लूटूथ से हो रही थी धांधली, दो संदिग्ध गिरफ्तार

IIT Goa Recruitment Exam: IIT गोवा की एक भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ और हाई-टेक गैजेट्स के जरिए नकल का सनसनीखेज मामला सामने आया है. CISF और पुलिस की मुस्तैदी से एयरपोर्ट पर दो संदिग्ध धरे गए हैं. आइए पूरा मामला जानते हैं.

IIT Exam Cheating: आईआईटी गोवा की भर्ती परीक्षा में हाई-टेक नकल का भंडाफोड़! ब्लूटूथ से हो रही थी धांधली, दो संदिग्ध गिरफ्तार

IIT Goa Recruitment Exam: क्या आपने 'मुन्ना भाई MBBS' फिल्म देखी है? उसमें अभिनेता संजय दत्त द्वारा निभाया गया मुन्ना भाई का किरदार एग्जाम के दौरान कान में ब्लूटूथ लगाकर नकल करता है. हाई-टेक नकल करने का ये तरीका अब असल जिंदगी में भी देखने को मिला है, लेकिन फर्क सिर्फ इतना है कि ये किसी मेडिकल की परीक्षा नहीं बल्कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गोवा की भर्ती परीक्षा का मामला है, जहां परीक्षा में धांधली करते हुए आरोपियों को धर दबोचा गया है.

पकड़े गए दो संदिग्धों में से एक को ब्लूटूथ ईयरपीस, सिम कार्ड और एडमिट कार्ड के साथ दबोचा गया, जबकि दूसरे व्यक्ति पर किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह परीक्षा (प्रॉक्सी एग्जाम) देने का गंभीर आरोप है.

एयरपोर्ट पर ऐसे खुला हाई-टेक नकल का राज

ये मामला 10 अक्टूबर 2026 को IIT गोवा में गैर-शिक्षण पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा से जुड़ा हुआ है. एग्जाम खत्म होने के बाद दोपहर के समय एक संदिग्ध यात्री गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे से दिल्ली जाने की फिराक में था. हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सतर्क जवानों ने उसे पकड़ लिया. दरअसल, जब उसके हैंड बैग की चेकिंग हुई और उसमें कुछ संदिग्ध चीजें मिली तो बैग की गहराई से तलाशी ली गई, तो उसमें 3 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 2 सिम कार्ड और 3 ब्लूटूथ ईयरपीस बरामद हुए.

कड़ी पूछताछ के बाद कबूला जुर्म

सीआईएसएफ अधिकारियों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध यात्री से जब कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने जानकारी दी कि उसने इन हाई-टेक गैजेट्स का इस्तेमाल आईआईटी गोवा की भर्ती परीक्षा में नकल करने के लिए किया था. साथ ही ये भी बताया कि उसका एक और साथ ही जो फ्लाइट में सवार हो चुका है.

फ्लाइट में सवार दूसरे आरोपी को भी दबोचा

इसके बाद सीआईएसएफ के जवानों ने एयरलाइन कर्मचारियों की मदद से विमान में सवार हो चुके दूसरे यात्री को भी नीचे उतारकर धर दबोचा. जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके सामान से दो ब्लूटूथ ईयरपीस, एक सिम कार्ड और प्रशासनिक सहायक पद का एडमिट कार्ड बरामद हुआ.  इसके अलावा, एयरपोर्ट के सुरक्षा जांच क्षेत्र से दो अन्य व्यक्तियों के पहचान पत्र भी लावारिस हालत में मिले हैं. पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि इन लावारिस दस्तावेजों का इस पूरे सिंडिकेट से क्या संबंध है.

नाकाम हुई आरोपियों की भागने की साजिश

सीआईएसएफ और खुफिया एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ के बाद दोनों संदिग्धों को डाबोलिम हवाई अड्डा पुलिस के हवाले कर दिया गया. दरअसल, परीक्षा केंद्र पोंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पोंडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. सीआईएसएफ जवानों की मुस्तैदी के चलते परीक्षा में धोखाधड़ी करने वाले इन शातिर आरोपियों को गोवा से बाहर भागने में नाकामी मिली.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Simran Singh

Simran Singh

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More