UPPCS भर्ती पर हाईकोर्ट का आदेश, प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द; अब फिर बनेगी मेरिट लिस्ट
UPPCS प्रीलिम्स 2025 के रिजल्ट को लेकर चल रहे विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है. कोर्ट ने मौजूदा प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द करते हुए नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है.
UPPCS Prelims Result 2025 Cancelled: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 2025 के परिणाम को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने मौजूदा रिजल्ट रद्द करते हुए नए सिरे से मेरिट लिस्ट जारी करने का आदेश दिया है. ऐसे में संशोधित मेरिट लिस्ट के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
किस मामले को लेकर हुई सुनवाई?
दरअसस, यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 के नतीजे घोषित होने के बाद कुछ उम्मीदवारों की ओर से ये आरोप लगाया गया था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित उम्मीदवारों से ज्यादा अंक होने के बाद भी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दी गई. इस आरोप के साथ आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने याचिका दायर कर ओपन कैटेगरी में माइग्रेशन के लाभ को लेकर मांग की थी.
क्या फिर से होगी UPPSC परीक्षा?
इस याचिका पर जस्टिस मनीष कुमार निगम की बेंच ने सुनवाई करते हुए आदेश जारी किया कि पेपर दोबारा नहीं होगा, पुराने अंकों से ही फिर से एक नई मेरिट तैयार की जाएगी. याचिकर्ताओं के वकील ने बताया कि यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 का पेपर फिर से नहीं किया जाएगा. पहली की परीक्षा के अंकों के आधार पर ही फिर से एक नए रिजल्ट को तैयार किया जाएगा. इसके तहत योग्य उम्मीदवारों को लिस्ट में शामिल किया जाएगा और वो मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.
कोर्ट का अंतिम आदेश
27 नवंबर 2026 को कोर्ट की ओर से यूपीपीएससी प्रारंभिक रिजल्ट को दायर याचिका पर अपना अंतिम फैसला सुनाया है. आदेश के तहत एग्जाम का रिजल्ट रद्द कर दिया गया है. इससे पहले इस मामले में हाईकोर्ट ने 28 सितंबर 2026 को सुनवाई की थी. उस दौरान कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था और उसी तारीख से शुरू हुए UPPCS 2025 के इंटरव्यू को भी जारी रखने की अनुमति दी थी, मगर ये भी कहा था कि अगली सुनवाई तक आयोग द्वारा अंतिम रिजल्ट का ऐलान नहीं किया जाएगा.
क्या है पूरा मामला?
यूपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर 2025 को किया गया था और इस एग्जाम का रिजल्ट 1 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था. इस परीक्षा में कुल 11,727 उम्मीदवार पास हुए हैं जो मेंस एग्जाम के लिए क्वालिफाई हुए थे. हालांकि, प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट के बाद विवाद खड़ा हुआ है, जब आरक्षित वर्ग के उन उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों का नाम कम अंक होने के बाद भी ओपन कैटेगरी की लिस्ट में शामिल किया गया है. इस वजह से वो अधिक नंबर होने के बाद भी मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सके.
इस मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दर्ज की थी और उस पर अब कोर्ट का फैसला आ गया है. कोर्ट ने कहा है कि फिर से मेरिट लिस्ट को तैयार किया जाए.
ये भी पढ़ें- JEE Main 2027: आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका, NTA ने खोली करेक्शन विंडो