SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए पुराने टांके और फ्रैक्चर, क्या मरने से पहले प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक के साथ हुई थी मारपीट?

Rasik Dulari Sharan Death Mystery: प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी की छत से कूदकर हुई मौत का रहस्य 160 घंटे बाद भी बरकरार है. उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुराने टांके और फ्रैक्चर के बारे में पता चला है. तो क्या चौथी मंजिल से कूदने से पहले दीपक के साथ मारपीट हुई थी?

Edited By Devinder Kumar
Published: Oct 01, 2026, 23:54 IST | Updated: Oct 02, 2026, 00:01 IST
Join

Premanand Maharaj Disciple Rasik Dulari Death Mystery: संत श्री प्रेमानंद महाराज के आश्रम में एक सेवादार की हुई मौत का रहस्य गहराता जा रहा है. करीब 160 घंटे हो गए, लेकिन अब तक पता नहीं चला है कि सेवादार रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की असली वजह क्या है? CCTV वीडियो के जरिए दावा किया गया कि दीपक लोधी ने छत से कूदकर जान दे दी. यानी आत्महत्या कर ली. लेकिन परिवारवाले कह रहे हैं- ये आत्महत्या नहीं, हत्या है. उन्हें लगता है कि प्रेमानंद के सेवादार को किसी ने मारा है.

आत्महत्या नहीं, मर्डर हुआ है- दीपक के परिजन

दीपक लोधी के परिवार का आरोप है कि दीपक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या हुई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ऐसे-ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्होंने संदिग्ध मौत की गुत्थी को और उलझा दिया है. पुलिस मामले की जांच तो कर रही है, लेकिन खुलकर कुछ नहीं बोल रही है. प्रेमानंद महाराज के आश्रम की तरफ से इस पर कोई जवाब नहीं आया है. इस चुप्पी ने पूरी गुत्थी को और उलझा दिया है. नई-नई थ्योरी सामने आ रही हैं! जितने लोग, उतनी बातें हो रही हैं. इसलिए आज हम इस संदिग्ध मौत की गुत्थी को डिकोड करेंगे.

पिछले महीने 25 सितंबर को दीपक लोधी ने आश्रम की चार मंजिला इमारत से कूदकर जान दे दी थी. ये बिल्डिंग संत प्रेमानंद जी महाराज के गुरु कृपा कुंज आश्रम के ठीक पीछे है. नीचे गिरने के बाद रसिक दुलारी शरण को बेहद गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो लिखा गया है, उसके बारे में हम आपको सबसे पहले बताना चाहेंगे. इसे बहुत ही ध्यान से पढ़िएगा.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ-साफ लिखा हुआ है कि मृतक के सिर पर पहले से 14 टांके लगा हुआ एक घाव था. मृतक के शरीर के एक और हिस्से में 5 टांके लगे हुए थे. इसके अलावा, सिर के पिछले हिस्से में खून का थक्का जमा हो गया था और सिर की हड्डी में हेयरलाइन फ्रैक्चर था. निचले होंठ पर घाव और ठोड़ी पर टांके लगा हुआ घाव था. टखने से लेकर पैर तक एक घाव था, जिसके नीचे हड्डी टूटी हुई थी. बायां फेफड़ा फटा हुआ था और दोनों फेफड़े पीले पड़ चुके थे.

दीपक लोधी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या आया?

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में लिखा हुआ है कि ऊंचाई से गिरने या चोटों के कारण अत्यधिक खून बह जाने की वजह से शरीर सदमे में चला गया, जिससे रसिक दुलारी शरण यानी दीपक की मृत्यु हो गई. ये बात तो बिल्कुल स्पष्ट है कि चौथी मंजिल से कूदने के कारण हड्डी टूटी होगी. फेफड़ा फटा होगा या फिर सिर में चोट लगी होगी.

सवाल है कि सिर में और शरीर के दूसरे हिस्से में पहले से टांके क्यों लगे हुए थे? सिर में 14 टांके लगने का मतलब क्या है? क्या एक दिन पहले या दो दिन पहले दीपक के साथ मारपीट की गई थी? अगर मारपीट हुई थी, तो किसने की थी? शरीर के दूसरे हिस्से में, जहां टांके लगे हैं, वो खुद गिरने की वजह से संभव नहीं है. दूसरा सवाल, ठोड़ी पर टांके लगा हुआ घाव क्यों था?

ये वो सवाल हैं, जिन्होंने दीपक की कथित आत्महत्या का रहस्य उलझा दिया है. दीपक की मौत की गुत्थी इसलिए भी उलझती जा रही है, क्योंकि उनके छत से कूदने से ठीक पहले का एक वीडियो आया है. इस वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है कि वो बेचैन हैं. वो पहले छत की मुंडेर पर बैठते हैं. फिर नीचे बैठते हैं. फिर लेट जाते हैं और फिर दौड़कर नीचे कूद जाते हैं.

मौत के 7 दिन भी रहस्य बरकरार

उनके कूदते ही एक शख्स दौड़ता हुआ दिखाई देता है. सवाल है कि वो कौन है? वो छत पर क्या कर रहा था? क्या उसे पता था कि दीपक बेचैन हैं और किसी समस्या में हैं? इसीलिए दीपक के परिवार और कुछ साधु-संत..हत्या का शक जता रहे हैं.

25 वर्षीय साल के दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण ने की मौत को 7 दिन बीत चुके हैं. लेकिन इस सवाल का जवाब अभी तक नहीं मिला है कि उन्होंने आत्महत्या की है या फिर मामला कुछ और है. दीपक लोधी मध्यप्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे. जबलपुर में उनका परिवार आत्महत्या की बात मानने को राजी नहीं है.

दीपक लोधी के मामा रघुनाथ पटेल का कहना है कि वो ऐसा कदम नहीं उठा सकता है. इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए.

दीपक के परिवार ने हत्या का शक जताते हुए एक और अहम बात की है. उन्होंने बताया की प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद दीपक कभी घर नहीं लौटे. परिवार ने दो तीन बार मिलने की कोशिश भी की. लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया.

रसिक का प्राइवेट पार्ट कटा हुआ था

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपक की मौत का कारण अत्यधिक ब्लीडिंग बताया गया. रिपोर्ट में ये बताया गया कि उनके एक पैर में एडी से ऊपर की हड्डी टूटी हुई थी. उसके सिर में गहरी चोट थी और प्राइवेट पार्ट कटा हुआ था. इसी रिपोर्ट के सामने आने के बाद वृंदावन के कई संत भी दीपक की मौत के पीछे किसी गहरी साजिश का शक जता रहे हैं.

जिस तरह से साधु नीचे गिरा है उसके बॉडी में मूवमेंट नहीं है. उसकी हत्या की गई. प्राइवेट पार्ट काटा गया है, खून के निशान थे, ग्राइंडर पाया गया है.

संत इंदुलेखा ने कहा, मैं नर्सिंग ऑफिसर रही हूं. ये आत्महत्या नहीं हत्या है. चौथी मंजिल से गिरने के वक्त कोई आवाज नहीं आई. उसे चौथी मंजिल से फेंका गया है. कोई भी इंसान अपना प्राइवेट पार्ट खुद नहीं काट सकता है.

आत्महत्या या हत्या वाले सवालों के बीच कई थ्योरीज सामने आ रही हैं. लेकिन पुलिस प्रशासन इस मामले पर बोलने से बच रहा है. जी मीडिया की टीम ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम से भी उनका पक्ष जानने की कोशिश की. लेकिन आश्रम प्रशासन ने कोई बयान देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में ये दीपक की मौत की गुत्थी और उलझती जा रही है.

परिक्रमा मार्ग पर आश्रम की बिल्डिंग

जब कोई जीवन असामान्य कारणों से समाप्त होता है, तो कानून की जिम्मेदारी होती है कि वह उस मौन के पीछे छिपी आवाज को ढूंढे. बिना पूरी जांच के दिया गया निष्कर्ष न्याय की हत्या कहा जाता है. इसलिए जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कई सवाल उठ रहे हैं, जब दीपक के परिवार वाले सीधे-सीधे हत्या की आशंका जता रहे हैं, तो पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वो सच्चाई की पड़ताल करे. जिस बिल्डिंग में दीपक लोधी रहते थे, जहां से उन्होंने छलांग लगाई थी, वो परिक्रमा मार्ग पर ही है.

ये बिल्डिंग संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम केली कुंज से 300 से 400 मीटर की दूरी पर है. हालांकि प्रेमानंद जी महाराज ने जनवरी 2026 की शुरुआत में ही पुराने केली कुंज को छोड़कर नए एकांतिक स्थान की ओर रुख कर लिया था. वो अब यमुना पार स्थित "यमुना विहार कुंज आश्रम" में रहते हैं.

बिल्डिंग का प्रबंधन केली कुंज के ट्रस्टी गर्वीली शरण के पास है. जिस जगह पर ये हादसा हुआ, वो पूरी गली केली कुंज के साधकों के लिए बनाई गई है. इसी गली के आखिर में प्रेमानंद महाराज के गुरु भी रहते हैं. इस बिल्डिंग में प्रेमानंद महाराज के तमाम सेवादार रहते हैं. जिस वक्त रसिक दुलारी शरण ने छत से छलांग लगाई थी, उस समय भी 24 सेवादार बिल्डिंग में मौजूद थे. लेकिन सिर्फ दो सेवादार उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे. पुलिस को भी दो घंटे के बाद सूचना दी गई थी.

अब सवाल ये है कि जब दीपक ने बिल्डिंग से छलांग लगाई, उस समय जब 24 सेवादार बिल्डिंग में मौजूद थे, तब सिर्फ दो सेवादार उन्हें लेकर अस्पताल क्यों गए? पुलिस को बुलाने में उन्हें दो घंटे का समय क्यों लग गया? जबकि जहां से हादसा हुआ, वहां से सिर्फ 400 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है. ये वो तथ्य हैं, जिन्होंने दीपक के परिवारवालों और दूसरे लोगों के मन में सवाल खड़े कर दिए. हमारे संवाददाता गुरुवार को उस बिल्डिंग के पास गए, जहां पर दीपक की संदिग्ध मौत हुई. उन्होंने आसपास के लोगों से बात की. क्या कुछ पता चला, वो आपको दिखाना और सुनाना चाहेंगे.

दीक्षा लेने के लिए बने 'रसिक दुलारी शरण'

इन सवालों के बीच प्रेमानंद महाराज के आश्रम की तरफ से क्या एक्शन हुआ है. ये हम आपको आगे बताएंगे.लेकिन पहले आपको दीपक लोधी के बारे में संक्षिप्त जानकारी देना चाहेंगे. जैसा कि हमने आपको बताया था कि रसिक दुलारी शरण का असली नाम दीपक लोधी था. दीपक लोधी मध्य प्रदेश के जबलपुर के परसवाड़ा गांव के रहने वाले थे.

दीपक बचपन से ही धार्मिक स्वभाव के थे और नियमित तौर पर दिन में दो बार नर्मदा के दर्शन करते थे. दीपक ने स्कूल की पढ़ाई के बाद स्नातक की डिग्री हासिल की थी. करीब तीन साल पहले नर्मदा परिक्रमा के दौरान उनका संपर्क संत भैया जी सरकार से हुआ, जिसके बाद उनका झुकाव अध्यात्म की ओर और गहरा हो गया. करीब दो साल पहले राधा अष्टमी के अवसर पर वे सांसारिक जीवन छोड़कर वृंदावन पहुंच गए और संत श्री प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली. प्रेमानंद महाराज से गुरु दीक्षा लेने के बाद दीपक लोधी का नाम बदलकर 'रसिक दुलारी शरण' रखा गया था.

कहते हैं..संतों के सानिध्य में बिताया गया एक छोटा-सा क्षण भी मनुष्य के करोड़ों जन्मों के मानसिक विकारों और अपराधों का नाश कर देता है. प्रेमानंद जी महाराज बहुत प्रसिद्ध संत हैं. उनके लाखों-करोड़ों भक्त हैं. देश के बड़े-बड़े लोग, चाहे बॉलीवुड स्टार हों, क्रिकेटर हों, कारोबारी हों या फिर नेता हों, सब संत प्रेमानंद जी महाराज के भक्त हैं. उनके पास आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने के लिए जाते हैं. उनके कई दीक्षित शिष्य हैं, जो सेवादार के रूप में काम करते हैं.

इसी तरह दीपक लोधी भी..पिछले दो सालों से प्रेमानंद जी महाराज के सानिध्य में रह रहे थे.वह आश्रम के एक नियमित साधक बन चुके थे. वह बिजली का काम जानते थे, इसलिए आश्रम में उन्हें इसी सेवा से जोड़ा गया था. वो एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे. लेकिन उनकी आत्महत्या पर कोई जवाब नहीं आया है. गुरुवार को संवाददाता ने जब संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम से इसके बारे में जानने की कोशिश की, तो भी कोई जवाब नहीं मिला.

सेवादारों को अब पीले वस्त्र पहनने की मनाही

सोचिए, जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है? क्या इस तरह सवालों से भागना लोगों का शक और नहीं बढ़ाएगा? सोचिए, प्रेमानंद आश्रम के एक सेवादार की संदिग्ध मौत हुई है और 155 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो कोई लिखित बयान आया, न ही किसी तरह का वीडियो बयान जारी हुआ. लेकिन आश्रम में बदलाव को लेकर निर्देश अवश्य जारी कर दिए गए हैं. अब हम आपको बताते हैं, इस घटना के बाद प्रेमानंद आश्रम में क्या-क्या बदलाव किये गए हैं.

आश्रम में रहने वाले साधकों और सेवादारों को अब पीले वस्त्र पहनने की मनाही कर दी गई है. जो साधिकाएं और साधक आश्रम की व्यवस्था से जुड़े हैं, वो पीला दुपट्टा लगाएंगे. सखियों और अन्य लोगों से रंगीन कपड़े पहनने को कहा गया है. नई व्यवस्था में अब साधकों का फोन आश्रम के बाहर जमा कराया जाएगा.

आश्रम में बदलाव हुआ, अच्छी बात है. लेकिन इसी तरह दीपक लोधी की मौत पर भी बयान जारी किया जाता, तो जिन-जिन लोगों के मन में किसी तरह का भ्रम है, वो भ्रम अवश्य दूर हो जाता. क्योंकि अब ये मामला अदालत तक पहुंच गया है. एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका भी दायर की है, जिसमें ये मांग की गई है कि इस मामले की SIT जाँच करवाई जाए. साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक जाँच के लिए मजिस्ट्रियल जाँच की मांग की गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES