SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DNA: फिलीपींस दौरे पर PM मोदी: आसियान, ईस्ट एशिया और क्वाड समिट में चीन को घेरने की तैयारी, भारत को होने वाले 4 फायदे क्या हैं?

फिलीपींस की राजधानी मनीला में होने वाले आसियान, ईस्ट एशिया और क्वाड समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी से चीन की टेंशन क्यों बढ़ी है? आज के DNA में इस सवाल को डिकोड करिया गया है...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 16, 2026, 23:00 IST | Updated: Nov 16, 2026, 23:11 IST
Image Credit: DNA
Join

राहुल गांधी अमेरिका जा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच चुके हैं. जहां पर उनको कल भारत-आसियान समिट में हिस्सा लेना है. देश और पूरी दुनिया के लिहाज से ये नया सप्ताह बहुत महत्वपूर्ण है. इस हफ्ते दुनिया के ताकतवर और महत्वपूर्ण देश अलग-अलग बैठकों में मिलेंगे और दुनिया को प्रभावित करने वाले फैसलों पर मंथन करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मनीला में तीन महत्वपूर्ण समिट में हिस्सा लेंगे.

आज आपको जानना चाहिए भारत इन बैठकों के दौरान वैश्विक नेताओं के साथ किन-किन मुद्दों पर मंथन करने जा रहा है, जिसका असर इस पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा. आज आपको समझना चाहिए, फिलीपींस की राजधानी मनीला के अलावा चीन में ऐसा कौन सा अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर है और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन जाने से पहले मनीला में चीन के खिलाफ कौन सा कूटनीतिक दांव खेलने वाले हैं, लेकिन सबसे पहले आपको मनीला से लेकर चीन तक होने वाली बैठकों के बारे में जानना चाहिए, जो एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं और ग्लोबल पॉलिटिक्स पर बड़ा असर डालने वाली हैं.

मनीला से शेनझेन तक कौन-कौन सी बड़ी बैठकें होने जा रही हैं?

  1. 15 नवंबर से मनीला में आसियान समिट की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें आसियान यानी Association of Southeast Asian Nations के 11 देश मिलकर चुनौतियों से निपटने और आपसी सहयोग पर मंथन कर रहे हैं. 
  2. कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, इसमें भारत और आसियान देशों के प्रमुख हिस्सा लेंगे. 
  3. इसके बाद मनीला में ही ईस्ट एशिया समिट होगी जिसमें आसियान देशों और भारत के साथ अमेरिका, चीन, जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड के नेता हिस्सा लेंगे. कल ही मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन भी प्रस्तावित है, जिसमें अमेरिका, जापान, भारत और ऑस्ट्रेलिया के नेता हिस्सा लेंगे. 
  4. इसके बाद अगले ही दिन यानी 18-19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में 33वां एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी APEC शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अमेरिका.. चीन.. रूस समेत 21 सदस्य देश शामिल होंगे.

चीन में ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की 'परमाणु समिट' में क्या होगा?

चीन के शेनझेन में ही अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्ष अलग से भी बैठक करने वाले हैं. इस त्रिपक्षीय बैठक का मुख्य मुद्दा परमाणु हथियार होंगे. इसीलिए इसे अनौपचारिक रूप से परमाणु समिट भी कहा जा रहा है और सारी दुनिया की नजर ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की होने वाली मुलाकात पर भी टिकी है. यानी अगले कुछ दिन ग्लोबल पॉलिटिक्स के हिसाब से बहुत अहम साबित होने वाले हैं.

PM मोदी के लिए भारत-आसियान समिट इतना खास क्यों है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई महत्वपूर्ण बैठकें करने वाले हैं. ये बैठकें भारत के लिहाज से क्यों महत्वपूर्ण हैं. प्रधानमंत्री मोदी कल सबसे पहले जिस भारत-आसियान समिट में हिस्सा लेंगे, उसका महत्व भी आज आपको जानना चाहिए. भारत और आसियान वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं. वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच राजनयिक संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे.

आसियान.. 11 देशों का संगठन है. आसियान के 11 सदस्य देशों की भौगोलिक स्थिति बहुत महत्वपूर्ण है. यह पूरा क्षेत्र हिंद महासागर और प्रशांत महासागर को जोड़ने वाले बेहद अहम समुद्री रास्तों के बीच स्थित है. आसियान समूह में इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, ब्रुनेई और तिमोर-लेस्ते समेत 11 देश शामिल हैं.

दक्षिण चीन सागर में चीन की दादागीरी से कौन से देश परेशान हैं?

दक्षिण चीन सागर में चीन के समुद्री दावों से चार आसियान देश सीधे तौर पर प्रभावित हैं. फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया और ब्रुनेई इसके अलावा इंडोनेशिया का नातुना क्षेत्र भी चीन के समुद्री दावों से प्रभावित होता है और इसीलिए इन देशों से भारत का संबंध महत्वपूर्ण हो जाता है. हालांकि इन देशों से भारत के रणनीतिक हितों के साथ-साथ आर्थिक हित भी जुड़े हैं.

भारत और आसियान के बीच व्यापार और रक्षा सहयोग का एजेंडा क्या है?

आज आपको भारत-आसियान के साझा हितों और भारत-आसियान समिट के एजेंडे को एक साथ समझना चाहिए. भारत और ASEAN के बीच 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 107 अरब डॉलर था. भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 128 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया है. भारत-आसियान मीटिंग में व्यापार को और बढ़ाने की नीतियों पर मंथन होगा. इसके अलावा आसियान और भारत के बीच सीमा शुल्क के नियमों को आसान बनाने पर चर्चा होगी, ताकि कारोबारियों को दोनों बाजारों तक आसानी से पहुंच मिल सके.

दक्षिण-पूर्व एशिया में चीन का आर्थिक और सामरिक प्रभाव काफी बड़ा है. भारत ASEAN देशों के साथ मजबूत संबंध बनाकर क्षेत्र में अपनी आर्थिक और रणनीतिक मौजूदगी बढ़ाना चाहता है. आसियान देशों से रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर मंथन किया जाएगा. भारत-फिलीपींस ब्रह्मोस समझौता मजबूत होते भारत-आसियान रक्षा सहयोग का उदाहरण है.

मलक्का स्ट्रेट और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स पर क्या चर्चा होगी?

इसी क्षेत्र में स्थित मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्तों में से एक है, जो हिंद महासागर को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ता है. भारत का अधिकतर व्यापार और ऊर्जा संसाधन इसी रास्ते से आते-जाते हैं, इसलिए यह भारत की आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद अहम है. इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने और आपसी जानकारी का आदान-प्रदान करने के लिए भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी मंथन होगा.

भारत म्यांमार और थाईलैंड के रास्ते अपने पूर्वोत्तर राज्यों को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ना चाहता है. इसके लिए भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग और कलादान मल्टीमॉडल परियोजना अहम हैं. शिखर सम्मेलन में इन परियोजनाओं के काम में तेजी लाने और आ रही बाधाओं को दूर करने पर रणनीतिक चर्चा होगी. इसके अलावा भारत और आसियान के बीच डिजिटल अर्थव्यवस्था और AI में सहयोग पर बात होगी. इस शिखर सम्मेलन में अगले 5 साल के लिए भारत और आसियान देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का एक नया रोडमैप तैयार किया जाएगा.

फिलीपींस ने बिना नाम लिए चीन को क्यों दी नसीहत?

इस क्षेत्र में चीन को काउंटर करने के लिए भारत, आसियान देशों से संबंध को और मजबूत कर रहा है और आसियान देशों को भी चीन के खिलाफ भारत में एक विश्वसनीय सहयोगी नजर आता है. चीन अक्सर समंदर में फिलीपींस और वियतनाम जैसे देशों से दादागीरी करता है. इस समिट में भी चीन और आसियान देशों के बीच समझौता होना था, लेकिन चीन के रुख की वजह से कोई समझौता नहीं हो पाया. इस दौरान समिट की मेजबानी कर रहे फिलीपींस ने बिना नाम लिए चीन को बड़ी नसीहत दी है.

ईस्ट एशिया समिट में 20 साल से किस नियम पर फंसा है पेंच?

क्वाड समिट में ट्रंप की एंट्री से चीन की टेंशन क्यों बढ़ी है?

20 साल की कोशिश के बावजूद अगर दक्षिण चीन सागर में विवादों को सुलझाने वाले नियम नहीं बन पाए हैं तो इसका मतलब यही है चीन इन विवादों को सुलझाना ही नहीं चाहता और क्षेत्र के देशों के विरोध का चीन पर कोई खास असर भी नहीं पड़ता, लेकिन कल ही मनीला में एक और समिट होने वाली है, जिससे चीन को सबसे ज्यादा फर्क पड़ता है.

ये है भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली क्वाड समिट, जिसे चीन हमेशा संदेह की नजर से देखता है. व्हाइट हाउस ने भी डोनाल्ड ट्रंप के क्वाड समिट में शामिल होने की पुष्टि कर दी है. डोनाल्ड ट्रंप का प्रोग्राम तय होने के बाद अब क्वाड समिट का समय भी जारी कर दिया गया है. मनीला में QUAD शिखर सम्मेलन भारतीय समय के मुताबिक शाम 4 बजे शुरू होगा. QUAD के चार सदस्य देशों के शीर्ष नेता बैठक में शामिल होंगे. ट्रंप मनीला आने के बाद सबसे पहले क्वाड नेताओं से मुलाकात करेंगे. क्वाड नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत होगी. ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में क्वाड का ये पहला शिखर सम्मेलन है. ऐसा पहली बार होगा जब क्वाड शिखर सम्मेलन किसी सदस्य देश में आयोजित नहीं हो रहा है.

क्या क्वाड कमजोर हो रहा है? 

ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में क्वाड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने बहुत उत्साह नहीं दिखाया जिसके बाद क्वाड के भविष्य और प्रासंगिकता को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन मनीला में होने जा रहे क्वाड शिखर सम्मेलन से कई सवालों के जवाब मिल गए हैं. आज आपको क्वाड समिट पर मनीला से हमारी ग्राउंड रिपोर्ट देखनी चाहिए. क्वाड के सदस्य देशों में शामिल भारत.. जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता मनीला पहुंच चुके हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कल मनीला पहुंचेंगे. मनीला पहुंचते ही ट्रंप सबसे पहले उन नेताओं से मुलाकात करेंगे जिन्हें एक साथ देखना चीन कभी पसंद नहीं करता. क्वाड शिखर सम्मेलन सबसे महत्वपूर्ण होने वाला है जब उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. डोनाल्ड ट्रंप चुनाव में हार के बाद अब वैश्विक कूटनीति में जीत हासिल करना चाहते हैं और यही वजह है डोनाल्ड ट्रंप के दौरे से पहले व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने QUAD के कमजोर होने की खबर का खंडन किया है.

अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी डायलन जॉनसन ने कहा, यह बेहद हास्यास्पद और बेतुका आकलन है. विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड के चारों देशों के विदेश मंत्रियों के साथ औपचारिक रूप से पांच बार बैठक कर चुके हैं. इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं. क्वाड के कमजोर होने की बात फेक न्यूज है.

चीन जाने से पहले ट्रंप क्वाड नेताओं से क्यों मिल रहे हैं?

व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं इस बार मनीला में क्वाड से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं. दो साल बाद क्वाड समिट में डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की टाइमिंग भी बहुत खास है.. क्योंकि इसका सीधा कनेक्शन चीन से है. डोनाल्ड ट्रंप चाइना भी जाएंगे.. जहां पर उनकी मुलाकात चीन और रूस के राष्ट्रपति से होगी. ये भी महत्वपूर्ण बैठक है जो इस हफ्ते होने वाली है. दो साल बाद QUAD नेताओं की पहली बैठक उस वक्त हो रही है.. जब अमेरिका में चीन की महिला जासूस का मुद्दा गरम है... ताइवान पर जिनपिंग ने नई धमकी दी है. और क्वाड की बैठक के बाद ट्रंप को सीधे चीन जाना है.

क्वाड समिट के एजेंडे में कौन से 4 बड़े मुद्दे शामिल हैं?

यही वजह है... QUAD समिट में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया मुख्य रूप से चार बातों पर चर्चा करने वाले हैं... जो चीन से जुड़ी हैं. क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच... समुद्री रास्तों, ऊर्जा आपूर्ति, महत्वपूर्ण खनिजों और नई तकनीक की सुरक्षा को सुनिश्चित करने पर मंथन होगा.

क्वाड के एजेंडे में हिंद-प्रशांत और दक्षिण चीन सागर में सुरक्षित समुद्री आवागमन सुनिश्चित करना है. व्यापारिक जहाजों पर हमलों और समुद्री रास्तों में बाधाओं से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाना है. क्रिटिकल मिनरल्स पर इस समिट में सबसे अहम चर्चा होगी. चारों देश मिलकर लिथियम, कोबाल्ट जैसे रेयर अर्थ की सप्लाई चेन मजबूत करने पर मंथन करेंगे. क्वाड की योजना चीन पर निर्भरता घटाकर भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया में वैकल्पिक उत्पादन और प्रोसेसिंग बढ़ाना है.

क्वाड में शामिल देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और उभरती तकनीकों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. बैठक के बाद डेटा सेंटर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं.

मनीला की इस बैठक से भारत को कौन से 4 बड़े फायदे होंगे?

मतलब साफ है... QUAD की मनीला बैठक में सिर्फ चीन की चुनौती पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि दुनिया की अगली आर्थिक और तकनीकी ताकत की लड़ाई का रोडमैप भी तैयार हो सकता है.  यहां इस बात का रोडमैप तैयार किया जा सकता है कि आने वाले वर्षों में दुनिया के रेयर अर्थ मिनरल्स, सेमीकंडक्टर, AI और समुद्री व्यापार पर किसका कितना नियंत्रण होगा. यही वजह है... भारत के लिए QUAD सिर्फ चीन से मुकाबले का मंच नहीं है. इसके भारत को चार बड़े फायदे हो सकते हैं.

  1. हिंद महासागर में भारत की निगरानी और रणनीतिक क्षमता बढ़ेगी. 
  2. अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ तकनीकी सहयोग मजबूत होगा.
  3. भारत को खनिज, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स की सप्लाई चेन में अधिक अवसर मिल सकते हैं. 
  4. अमेरिका.. जापान और ऑस्ट्रेलिया के सहयोग से हिंद-प्रशांत में भारत की भूमिका और प्रभाव बढ़ सकता है. 

यही वजह है... मनीला में कल दिन भर होने वाली घोषणाओं और नेताओं की बॉडी लैंग्वेज पर दुनिया के साथ-साथ भारतीयों की नजर भी रहेगी.

बुशरा बीबी की जेल बनी जहन्नुम: सेल से मिले 7 सांप, चूहे और कॉकरोच, इस्लामाबाद हाई कोर्ट पहुंचा मामला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES