SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ट्रंप की पार्टी की हार से एलन मस्क को 10 लाख करोड़ का झटका, कैसे एक राजनीतिक दांव ने डुबो दी अरबों की दौलत?

अमेरिका के मिड टर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी बुरी तरह हारी और इस हार से जितना बड़ा झटका डॉनल्ड ट्रंप को लगा, उतना की बड़ा शॉक एलन मस्क को भी झेलना पड़ रहा है. उनकी कंपनियों के शेयर भी धड़ाम हो गए, जिससे अरबों डॉलर का नुकसान हो गया.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 05, 2026, 10:31 PM IST | Updated: Nov 05, 2026, 10:39 PM IST
Image Credit: यूएस में हुए मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप की पार्टी की हार से एलन मस्क दोनों तरीके से डूब गए
Join

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के एलान के फौरन बाद मस्क की दौलत 10 लाख करोड़ से ज्यादा कैसे कम हो गई. मस्क के एक गलत फैसले ने उनके साथ साथ कितनी बड़ी संख्या में लोगों का नुकसान करवा दिया है. एलन मस्क ने इस चुनाव में सबसे ज्यादा दौलत टेक्सास राज्य में रि​पब्लिकंस की सत्ता को बचाने के लिए खर्च की थी. आज आपको जानना चाहिए इस राज्य से मस्क का कौन सा हित जुड़ा था और ट्रंप की पार्टी के चुनाव हारने के बाद टेक्सास में उन पर विपत्तियों के कौन कौन से पहाड़ टूट सकते हैं.

इस चुनाव में ज्यादातर सर्वे बता रहे थे कि डोनल्ड ट्रंप चुनाव हारेंगे. कई विशेषज्ञों ने मस्क को चुनाव से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी . लेकिन मस्क नहीं माने. मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए लगभग 500 मिलियन डॉलर यानी 4 हजार 450 करोड़ रुपये की फंडिंग की थी. इसमें आधी से ज्यादा रकम एलन मस्क ने अमेरिका के टेक्सास राज्य में ​रिपब्लिकंस को सत्ता में बनाए रखने के लिए खर्च की.

इसके बावजूद डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा कर लिया यानी सीनेट और प्रतिनिधि सभा दोनों में डेमोक्रेट्स बहुमत में आ गए. इसके अलावा डेमाक्रेटिक उम्मीदवार जीन हिनोजोसा ने रिपब्लिकन ग्रेग एबॉट को हराकर टेक्सास का गवर्नर चुनाव जीत लिया. यानी जिस राज्य को बचाने के लिए मस्क ने सबसे ज्यादा दौलत खर्च की, ट्रंप का वो किला भी ढह गया.

एकदम से 5 प्रतिशत गिर गए स्पेसेक्स के शेयर

ट्रंप की पार्टी के हारने से मस्क द्वारा चुनाव में खर्च की गई पूरी रकम तो डूब ही गई. इस हार का सीधा असर मस्क की कंपनियों के शेयर्स पर भी पड़ा. रिपब्लिकन पार्टी के चुनाव हारते ही स्पेसएक्स के शेयरों में 5.5 फीसदी और टेस्ला के शेयरों में 5.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

इस गिरावट से चुनाव नतीजों के फौरन बाद यानि बुधवार की दोपहर तक टेस्ला और स्पेसएक्स की कुल बाजार कीमत में 120 अरब डॉलर यानी 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट आ गई. सोचिए, एक गलत फैसले की कीमत 10 लाख करोड़ रुपये. ये कीमत सिर्फ मस्क ने नहीं चुकाई उन लाखों निवेशकों ने चुकाई, जिन्होंने मस्क के रुतबे, कनेक्शन और उनकी कंपनियों के प्रदर्शन को देखते हुए करोड़ों डॉलर इनवेस्ट किए थे.

मस्क के रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन में खड़े होने से उनकी कंपनियों की वैल्यू जितनी कम हुई है. वो पाकिस्तान के सालाना बजट से दोगुनी है. यानी पाकिस्तान इस रकम से दो साल तक चल जाता. लेकिन एलन मस्क के ऊपर से खतरा अभी टला नहीं है. टेक्सास में नए गवर्नर और अमेरिका में नई संसद के काम संभालने के बाद उन पर और बड़ी बिजली गिर सकती है.

असल में, टेक्सास वो राज्य है जहां पर मस्क की टेस्ला और स्पेसएक्स दोनों बड़ी कंपनियों का हेड ऑफिस स्थित है. अब इसी टेक्सास की गवर्नर डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा बनने जा रही हैं. जिन्हें हराने के लिए मस्क ने 220 मिलियन डॉलर खर्च किए थे. गवर्नर चुने जाने के पहले ही हिनोजोसा, मस्क को दी गई टैक्स छूट और सरकारी रियायतों का विरोध कर चुकी हैं.

उन्होंने बोका चिका में सरकारी जमीन SpaceX को बेचने की संभावित योजना पर भी आपत्ति जताई है. मस्क को जमीन देने का विरोध करते हुए हिनोजोसा ने कहा था टेक्सास बिकाऊ नहीं है. अब उनके गवर्नर बनने के बाद इस योजना का क्या होगा ये बात मस्क को भी पता है.

मस्क को अब सता रहा खामियाजे का डर

इसके अलावा टेक्सास में स्पेसएक्स के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटरों का तेजी से विस्तार हो रहा है. डेमोक्रेटिक पार्टी पहले से बिजली की भारी खपत, पर्यावरण और स्थानीय जनता के विरोध को देखते हुए नए डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स पर रोक लगाने की मांग कर रही थी. सत्ता संभालने के बाद वो फौरन इस पर रोक लगा सकती है.

ये भी पढ़ें- ट्रंप की हार की बौखलाहट: ईरान को लेकर दी खुली चेतावनी, तेल कारोबार में मदद के आरोप में भारतीय कंपनियों पर बैन!

राज्य के अलावा मस्क को अमेरिकी सरकार से मिल रही रियायतें भी जांच के घेरे में आएंगी. मस्क की कंपनियों को सरकार से जो अरबों डॉलर के ठेके मिले हैं, अब उन पर भी सवाल उठेंगे. यूक्रेन युद्ध के दौरान मस्क के सैटेलाइट कम्युनिकेशन Starlink के इस्तेमाल की समीक्षा की जाएगी. ट्रंप ने 2024 का चुनाव जीतने के बाद मस्क को
सरकारी दक्षता विभाग की जिम्मेदारी दी थी. इसके जरिए सरकारी नौकरियों में बड़ी कटौतियां की गईं. अब कांग्रेस में बहुमत के बाद डेमोक्रेट्स उनकी जांच करवाने की तैयारी में हैं.

मिडटर्म इलेक्शन जीतने वाले डेमोक्रेटिक पार्टी ट्रंप और मस्क के गठबंधन पर पहले भी सवाल खड़ा करती रही है. एक तरफ डेमोक्रेटिक नेता मस्क की फंडिंग पर नाराज थे. दूसरी तरफ एलन मस्क सीधे डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों पर हमला कर रहे थे. मस्क और उनके समर्थकों ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टेलारिको को वामपंथी, मानसिक रूप से विक्षिप्त और शैतान तक कह दिया.

मस्क, ट्रंप के बयानों और पोस्ट को लगातार शेयर करके अपने करोड़ों फॉलोअर्स तक पहुंचाते रहे. चुनाव वाले दिन तो एलन मस्क ने सीधे रिपब्लिकन उम्मीदवार को वोट देने की अपील कर डाली. मस्क ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया Vote red today! यानी रिपब्लिकन पार्टी को वोट दें. हालांकि, जब चुनाव के नतीजे डेमोक्रेट्स के पक्ष में आए और रिपब्लिकन बुरी तरह हार गए, तो मस्क अब रिपब्लिकन के पक्ष में की गई पोस्ट डिलीट कर रहे हैं. उनको भी पता है कि आने वाले वक्त में उनको इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है. जिसके संकेत उनके सोशल मीडिया पोस्ट से भी मिल रहा है.

'अब अंतरिक्ष में डेटा सेंटर काफी आकर्षक लग रहे'

मस्क ने टेक्सास में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद पोस्ट किया- अब अंतरिक्ष में डेटा सेंटर काफी आकर्षक लग रहे हैं. मस्क ने इसके जरिए कटाक्ष किया कि अगर टेक्सास में नई डेमोक्रेटिक गवर्नर और स्थानीय प्रशासन उनके AI डेटा सेंटर्स पर रोक लगाने और कड़े नियम थोपने की कोशिश करेंगे. यानी धरती पर उन पर नियमों का शिकंजा कसा गया, तो वे अपने प्रोजेक्ट्स अंतरिक्ष में ले जाएंगे. मस्क ने भले ही कटाक्ष किया हो लेकिन डेमोक्रेटिक नेताओं के तेवर बता रहे हैं, मस्क के साथ ऐसी स्थिति आ सकती है.

प्रसिद्ध दार्शनिक और लेखक निकोल मैकियावेली ने कहा था कि जो व्यक्ति अपनी ताकत और धन के बल पर सत्ता के भाग्य को पलटने की कोशिश करता है, वह अक्सर उस आग में खुद को झुलसा बैठता है जो उसने दूसरों को झुलसाने के लिए जलाई थी.

एलन मस्क का 2026 के मिडटर्म चुनाव में किया गया निवेश इसी राजनीतिक जुए की सबसे सटीक मिसाल है. अपनी कंपनियों के भविष्य और टैक्स रियायतों को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने अपनी तिजोरी खोलने का दांव चला. लेकिन मस्क का ये दांव खोटा सिक्का साबित हुआ. सत्ता के इस खेल में मस्क यह भूल गए कि जब पलड़े के एक तरफ आम लोगों के बिजली के बिल और पेट की आग रखी हो. तो दूसरी तरफ रखे गए अरबों डॉलर भी हल्के पड़ जाते हैं.

ट्रंप का साथ मिला तो खरबपति हो गए एलन मस्क

एलन मस्क मिडटर्म इलेक्शन में इसलिए ट्रंप की पार्टी के साथ खड़े रहे. वो आजमाए हुए फॉर्मूले से लाभ कमाना चाहते थे. ये फॉर्मूला है- पहले सरकार बनाने के लिए पैसा खर्च करो. फिर उसी सरकार से मिलने वाली रियायतों का इस्तेमाल करके और ज्यादा लाभ कमाओ. इसकी शुरुआत मस्क ने अमेरिका में 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से की. अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए मस्क ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में अमेरिका पैक के जरिए ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को जिताने के लिए लगभग 300 मिलियन डॉलर खर्च किए थे.

अमेरिका में पैक ऐसे संगठन होते हैं जो चुनावों में राजनीतिक उम्मीदवारों और उनके अभियानों का समर्थन करने के लिए पैसा जुटाते और खर्च करते हैं. एलन मस्क ने अमेरिका पैक के जरिए डॉनल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान चलाया. मस्क ने ट्रंप के साथ कभी मंच साझा किया. कभी अकेले घूम घूम कर ट्रंप को वोट देने की अपील की. इसके बदले ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद मस्क को दौलत और ताकत दोनों मिली. ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में जनवरी 2025 से लेकर अब तक मस्क की दौलत काफी बढ़ी है.

वर्ष 2024 के आसपास उनकी नेटवर्थ 200 से 450 बिलियन डॉलर के बीच थी. जून 2026 में SpaceX के आईपीओ के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए. इस दौरान उनकी दौलत सबसे ज्यादा 1.45 ट्रिलियन डॉलर के पास पहुंच गई. ये रकम कितनी ज्यादा है उसे आप इस तरह समझ सकते हैं कि दुनिया के 195 देशों की अर्थव्यवस्थाओं में से 174 की GDP एक ट्रिलियन डॉलर से कम है. सोचिए ट्रंप के राज में मस्क ने कितनी दौलत इकट्ठी की. आज आपको जानना चाहिए मस्क ने ये दौलत कैसे इकट्ठा की.

जब नाराजगी पड़ी भारी, 34 बिलियन डॉलर का हुआ नुकसान

2024 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद ट्रंप से नजदीकी की वजह से टेस्ला के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई. मस्क ने इसी दौरान स्पेसएक्स का आईपीओ भी लॉन्च किया. इसके अलावा सरकार से मिलने वाले अरबों डॉलर के नए ठेके, और नियमों में ढील मिलने से उनकी तिजोरी भर गई.

हालांकि इस दौरान कुछ समय के लिए टेस्ला की बिक्री घटने और ट्रंप के साथ मनमुटाव की वजह से मस्क को एक दिन में 34 बिलियन डॉलर का झटका भी लगा था. यानी ट्रंप का साथ मिला तो मस्क ट्रिलेनियर बन गए और ट्रंप नाराज हुए तो कई बिलियन डॉलर का नुकसान हो गया. लेकिन इस बार मामला ज्यादा बिगड़ गया है क्योंकि अपने नफे के लिए ट्रंप की पार्टी पर पैसा बरसाने वाले मस्क को अब बड़े नुकसान का डर लग रहा है. डेमोक्रेट्स, अमेरिकी कांग्रेस और टेक्सास में ताकतवर होने के बाद उनसे गिन गिन कर बदला ले सकते हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES