नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर यूनियन बैंक के ATM में लगी आग, दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर बने यूनियन बैंक के ATM में आग लग गई. मौके पर दमकल की 3 गाड़ियां पहुंची हैं. थोड़ी देर पहले ही दमकल को आग लगने की जानकारी मिली.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित यूनियन बैंक के ATM में 23 नवंबर सोमवार को आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और मौके पर तीन दमकल गाड़ियों को भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक, दमकल विभाग को कुछ देर पहले ही ATM में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं. फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
दिल्ली के करोल बाग में लगी थी आग, बिल्डिंग में मची थी अफरा-तफरी
इससे पहले दिल्ली में आग की घटना 20 नवंबर शुक्रवार की रात घटी थी. करोल बाग में पूसा रोड के पास एक बिल्डिंग में आग लग गई थी. आग इतनी भयानक थी कि बिल्डिंग से निकल रही लपटें देखकर स्थानीय लोग में हड़कंप मच गया था.
दिल्ली के लाजपत नगर में 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी थी आग
वहीं, 19 नवंबर गुरुवार को सॉउथ ईस्ट दिल्ली के लाजपत नगर-2 स्थित एक 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में को आग लगने का मामला सामने आया था. हादसे में एक 23 वर्षीय युवक की जलकर मौत हो गई थी. आग दोपहर 1 बजे जी-5 इमारत में लगी थी. इमारत के बेसमेंट में एक कार्यालय था. मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो ऑफिस के कर्मचारी था. वहीं, 38 वर्षीय परमजीत शर्मा 30 फीसदी झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है.
महज 3 से 5 मिनट में जानलेवा बन रही घरों की आग!
बता दें कि दिल्ली में आज के वक्त अगर आग लगती है, तो महज 3 से 5 मिनट में जानलेवा रुख अख्तियार सकते हैं. इतना ही नहीं, लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल पाता है. हालांकि, करीब 25 से 30 साल पहले बने घरों में आग लगने पर लोगों को बाहर निकलने और संभलने के लिए कहीं ज्यादा वक्त मिल जाता है. वहीं, दिल्ली में आग की घटनाओं को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की रिपोर्ट को जानना बेहद जरूरी हो जाता है.
दरअसल, पिछले महीने दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में गंभीर चिंता जताई गई. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा समय में बन रहे घरों को अधिक आकर्षक और आरामदायक बनाने के लिए मॉडर्न कंस्ट्रक्शन, इंटीरियर डिजाइन और साज-सज्जा के नए-नए विकल्प इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जो आग के खतरे को कई गुना बढ़ा रहे हैं. इन बदलावों ने घरों को देखने में सुंदर तो बना दिया है, लेकिन आग लगने की स्थिति में ये घर कहीं अधिक खतरनाक हो सकते हैं.
रिपोर्ट: जय कुमार