तिहाड़ जेल की कड़ी सुरक्षा, फिर कैसे अंदर पहुंचा नशे का सामान? जेल नंबर-1 से 11 किलो तंबाकू बरामद! कैदियों को होनी थी सप्लाई
तिहाड़ जेल की जेल नंबर-1 से रेड में करीब 11 किलो तंबाकू बरामद होने, उसे एक सुरक्षित जगह छिपाकर रखे जाने और कैदियों को सप्लाई किए जाने की तैयारी पर सवाल उठने लगा है.
दिल्ली की तिहाड़ जेल की जेल नंबर-1 में छापेमारी के दौरान करीब 11 किलो तंबाकू बरामद होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. तिहाड़ जेल सूत्रों के मुताबिक, जब्त किया गया प्रतिबंधित सामान एक सुरक्षित जगह छिपाकर रखा गया था और आगे कैदियों को सप्लाई किया जाना था. इस बरामदगी के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और 11 किलोग्राम तंबाकू अंदर कैसे पहुंचा जेल प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक जेल प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
इसके बाद सवाल उठने लगा है कि सख्त निगरानी और जांच के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू के तिहाड़ जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा. शुरुआती जांच में जेल के कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदेह के घेरे में बताई जा रही है. हालांकि, अभी प्रशासन तंबाकू की सप्लाई और संभावित मिलीभगत को लेकर जांच कर रहा है.
जेल प्रशासन ने जब्त किया तंबाकू
जेल प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसके बाद तंबाकू की बरामद किया गया. जेल प्रशासन ने बरामद तंबाकू को जब्त कर लिया है और एक कमिटी बनाकर इस मामले की छानबीन भी करवाई जा रही है. तिहाड़ जेल सूत्रों के मुताबिक, तंबाकू की यह खेप कैदियों के सोने वाले फट्टे के साथ छुपाकर रखी गई थी. जिस वॉर्ड से तंबाकू बरामद किया गया है, उस वार्ड से कुछ समय पहले ही एक कैदी को मंडोली जेल ट्रांसफर किया गया था.
जेल नंबर-1 में कई विचारधीन कैदी
तिहाड़ जेल की जेल नंबर-1 में ज्यादातर विचाराधीन कैदियों को रखा जाता है. इसके अलावा इसमें कई बड़े गैंगस्टर भी इसी जेल में बंद हैं. ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में तंबाकू मिलने को जेल की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है. हालांकि, अब तक इस बरामदगी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और जेल प्रशासन ने इसके सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रहा है.
कैदियों को होनी थी तंबाकू की सप्लाई
जेल प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, बदामद किए गए तंबाकू को आगे कैदियों को सप्लाई किया जाना था. जेल प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि तंबाकू जेल के भीतर किन रास्तों से पहुंचा और इसका पूरा चेन क्या है. इसके साथ ही किन कैदियों के बीच इसका इस्तेमाल या वितरण होना था. (इनपुट- नीरज गौड़)