इंद्रप्रस्थ से नई दिल्ली तक... सात बार बसी दिल्ली, पुराने किले में छिपे हैं हजारों साल पुराने इतिहास के निशान
दिल्ली के पुराने किले में हो रहा SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम चर्चा में है. ये कार्यक्रम पुराने किले में हो रहा है ये कोई संयोग नहीं है. भारत की तरफ से सोच समझकर इस जगह का चुनाव हुआ है. इस किले को प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जोड़कर देखा जाता है, और यहां हुई खुदाई में करीब 2,500 साल की लगातार बसावट और व्यापारिक गतिविधियों के संकेत मिले हैं.
दिल्ली.. देश की राजधानी. हजारों सालों की सभ्यता को समेटे धरती के इस भू-भाग ने बहुत कुछ देखा. इसी दिल्ली का पुराना किला चर्चा में है. पुराने किले में 20 से 22 नवंबर तक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन हो रहा है. इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा इतिहास, संस्कृति और सभ्यतागत संबंधों को सामने लाना है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया है. कुछ समय पहले इस फोरम का प्रस्ताव भी उन्होंने ही रखा था. संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत 15 देश भागीदारी की पुष्टि कर चुके हैं. पाकिस्तान की तरफ से भी वहां के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शिरकत कर रहे हैं.
आयोजन के लिए पुराने किले को चुनने की कुछ वजहें हैं
इस किले को प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जोड़कर देखा जाता है. यहां की खुदाई में ऐसे व्यापारिक संकेत मिले हैं, जो प्राचीन भारत को आज के SCO देशों वाले क्षेत्रों से जोड़ते हैं. इसी वजह से यह जगह साझा सभ्यतागत विरासत को समझने का जरूरी केंद्र बनकर उभरी है.
वैसे भी दिल्ली का इतिहास मुगलों और अंग्रेजों तक सीमित नहीं है. अलग-अलग दौर में यहां कई शहर बसे और उजड़े. हर शासक ने अपनी जरूरत और सत्ता के हिसाब से नई राजधानी बसाई, और उनके अवशेष आज भी दिल्ली में हैं.
1. दिल्ली कितनी बार बसी? सात शहर कौन-से?
दिल्ली का इतिहास सिर्फ एक शहर का नहीं, बल्कि कई राजधानियों के बसने और उजड़ने का इतिहास है. मध्यकाल की जिन सात दिल्लियों की चर्चा आम तौर पर होती है, उनसे पहले इंद्रप्रस्थ की परंपरा है और उनके बाद नई दिल्ली का उदय.
इंद्रप्रस्थ: महाभारत काल में पांडवों की राजधानी मानी जाती है. इसके अवशेष पुराना किला और आसपास के क्षेत्रों से जोड़े जाते हैं, हालांकि यह पहचान अब भी बहस का विषय है.
ढिल्लिका और तोमर काल: परंपरा के अनुसार तोमर शासकों ने 8वीं सदी के बाद यहां बसावट शुरू की. 11वीं सदी के आसपास अनंगपाल तोमर के समय किलेबंदी आगे बढ़ी.
सात ऐतिहासिक शहर: जो सिलसिलेवार तरीके से बसे और उजड़े
लाल कोट / किला राय पिथौरा: तोमरों का लाल कोट बसाया था. इसे बाद में पृथ्वीराज चौहान के समय विस्तार देकर किला राय पिथौरा कहा गया. यह महरौली क्षेत्र में है.
सीरी: अलाउद्दीन खिलजी ने मंगोल आक्रमणों से बचाव के लिए इसे बसाया.
तुगलकाबाद: 14वीं सदी की शुरुआत में गयासुद्दीन तुगलक ने यहां किला और शहर बसाया.
जहांपनाह: मोहम्मद बिन तुगलक ने बसाया.
फिरोजाबाद (कोटला फिरोजशाह): फिरोजशाह तुगलक ने यमुना किनारे बसाया.
दीनपनाह / शेरगढ़ (पुराना किला): हुमायूं ने नींव रखी, फिर शेरशाह सूरी के काल में इसका निर्माण आगे बढ़ा.
शाहजहांनाबाद: 17वीं सदी में शाहजहां ने परकोटे वाला शहर बसाया, जो आज की पुरानी दिल्ली है.
आधुनिक दिल्ली का उदय: 1911 में ब्रिटिश भारत की राजधानी कलकत्ता से दिल्ली लाने का फैसला हुआ. इसके बाद एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर की योजना में नई दिल्ली बनी, जो आज भारत की राजधानी है.
हर बार नई जगह: ज्यादातर शासकों ने पुराने शहर के बगल में नई जगह चुनी. कारण कभी सुरक्षा था (सीरी मंगोल हमलों से बचाव के लिए), कभी पानी और यमुना का किनारा (फिरोजाबाद), और कभी सत्ता की नई पहचान. इसलिए अवशेष दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में बिखरे हैं.
पुराने शहर कभी पूरी तरह खाली नहीं हुए: कुछ शहर एक-दूसरे के काल में भी आबाद रहे, जैसे जहांपनाह ने लाल कोट और सीरी के बीच के इलाके को जोड़ा.
गिनती पर मतभेद: इतिहासकारों में कोई एक तय सूची नहीं है. कुछ लोग इंद्रप्रस्थ को पहली दिल्ली गिनते हैं, तो कुछ सात में अलग-अलग शहर रखते हैं. इसलिए आम तौर पर इन शहरों को ही इस सूची में रखा जाता है.
2. क्या पुराने किले की जगह ही था इंद्रप्रस्थ? खुदाई में क्या मिला?
परंपरा और पुराने हवाले: इस दावे की जड़ें काफी गहरी हैं. इंद्रप्रस्थ से पुराने किले को जोड़ने की कोशिश कम से कम 16वीं सदी से दिखती है, जिसका प्रमाण अबुल फजल के लेखन में मिलता है. 20वीं सदी की शुरुआत तक पुराना किला "पांडवों का किला" कहलाता था और पूरा परिसर इंद्रपत गांव के नाम से जाना जाता था.
खुदाई का सिलसिला:
- 1954-55: तत्कालीन ASI निदेशक बी.बी. लाल ने यहां पहली खुदाई की. इसमें चित्रित धूसर मृदभांड (PGW) के टुकड़े मिले.
- 1969-73: लाल के नेतृत्व में दूसरी बार खुदाई हुई.
- 2013-14 और 2017-18: वसंत कुमार स्वर्णकार की अगुवाई में ASI की खुदाई हुई.
- 2023: तीसरे सत्र में पूर्व की खाइयों को उजागर और संरक्षित करने पर जोर रहा.
PGW को लेकर क्या कहा जाता है?
PGW एक महीन, चिकना, धूसर रंग का मृदभांड है. लाल ने हस्तिनापुर, तिलपत और कुरुक्षेत्र जैसे महाभारत से जुड़े स्थलों पर भी खुदाई की थी, और वहां PGW सबसे निचली सांस्कृतिक परत में मिला. इसी आधार पर पुराने किले में PGW की मौजूदगी को महाभारत काल से जोड़ा जाता है
भारत में सिविल सर्विस की तयारी कराने वाली लोकप्रिय कोचिंग दृष्टि आईएएस की एक रिसर्च में ये बताया गया कि इसकी तारीख को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आते हैं. संस्कृति मंत्रालय के बयान में इसे करीब 900 ईसा पूर्व का बताया गया. पर खुदाई के निष्कर्षों पर एक रिपोर्ट में इसकी अवधि 1200 से 600 ईसा पूर्व बताई गई है.
इसके टाइम को लेकर अभी इस पर बहस जारी है.
- ऑर्गनाइजर की एक रिपोर्ट के मुताबिक रिटायर्ड ASI संयुक्त महानिदेशक बिष्ट और मौजूदा महानिदेशक वाई.एस. रावत इस जुड़ाव पर एकमत नहीं हैं.
- उसी रिपोर्ट में कहा गया कि ये टुकड़े अपनी मूल परत (स्ट्रैटिग्राफिक संदर्भ) से बाहर मिले थे, इसलिए इनका महत्व अनिश्चित रहा.
- 2022 में शेर मंडल के पास हुई खुदाई में मौर्य काल के प्रमाण मिले, पर उन्हें इंद्रप्रस्थ या महाभारत से निर्णायक रूप से नहीं जोड़ा जा सका.
गौर करने वाली बात है कि कुछ समय पहले ASI ने कुंती मंदिर के आसपास अगले चरण की खुदाई की योजना बनाई थी, जिसमें लिडार सर्वे की मदद ली जानी थी. निदेशक स्वर्णकार ने इस खुदाई से इंद्रप्रस्थ पर नई जानकारी मिलने की उम्मीद जताई थी. यानी पुराना किला इंद्रप्रस्थ ही था, यह अब भी परंपरा और संकेतों पर टिका दावा है.
3. किला किसने बनवाया? हुमायूं और शेरशाह की भूमिका
हुमायूं ने 1533 के आसपास दीनपनाह की नींव रखी. 1540 में शेरशाह सूरी ने उन्हें हराकर इसे आगे बढ़ाया और नाम दिया शेरगढ़. किले में शेरशाह के समय की किला-ए-कुहना मस्जिद और शेर मंडल हैं. हुमायूं ने 1555 में दिल्ली वापस ली, और शेर मंडल की सीढ़ियों से गिरकर 1556 में उनकी मृत्यु हुई.
4. खुदाई में किस काल के अवशेष मिले?
ASI की खुदाई से करीब 2,500 साल की लगातार मानव बसावट का संकेत मिला है. यहां पूर्व-मौर्य, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्त, उत्तर-गुप्त, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल की नौ सांस्कृतिक परतें सामने आई हैं.
- मौर्य काल: करीब 2,500 साल पुराना मिट्टी का रिंग वेल (कुआं), मनके और मुहरें.
- शुंग-कुषाण काल: चार कमरों वाला सुव्यवस्थित परिसर.
- कुषाण काल: तीलियों वाला तांबे का पहिया, ईंटों का चबूतरा और भट्ठी.
- गुप्त काल: गजलक्ष्मी की मिट्टी की पट्टिका.
- राजपूत काल: करीब 900 साल पुरानी वैकुंठ विष्णु की मूर्ति और तीर की नोक.
- अन्य: गणेश की प्रतिमा, मिट्टी की मानव और पशु आकृतियां, हड्डी की सुई और अलग-अलग पत्थरों के मनके.
5. हजारों साल पहले व्यापारिक संबंध और SCO देशों से जुड़ाव
ये इस पूरे आयोजन का हाइलाइट है. क्या खुदाई में व्यापार के संकेत मिले हैं. तत्कालीन संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 2023 में खुदाई स्थल का दौरा कर बताया था कि एक छोटे से खुदाई क्षेत्र से 136 से ज्यादा सिक्के और 35 मुहरें व सीलिंग मिली हैं, जो इस स्थल के व्यापारिक केंद्र होने की ओर इशारा करती हैं
ASI के स्वर्णकार के मुताबिक मौर्य काल की कुछ वस्तुओं पर उस दौर के प्रतीक तो हैं, पर लिखावट नहीं. इसलिए उनसे यह तय नहीं हो सका कि वे किस शासक से जुड़ी थीं
SCO क्षेत्र से कड़ी कैसे जुड़ती है
हालांकि ASI ने पुराने किले की किसी विशिष्ट वस्तु को किसी खास SCO सदस्य देश से नहीं जोड़ा है. लेकिन मौर्य से गुप्त तक का समय वह दौर था जब भारत के व्यापारिक रास्ते उत्तर-पश्चिम में आज के पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रास्ते मध्य एशिया तक जाते थे. कुषाण साम्राज्य का विस्तार भी इसी इलाके तक था. यूनेस्को की सिल्क रोड सामग्री में प्रकाशित ओसमंड बोपेराची के शोध के मुताबिक अफगानिस्तान और पाकिस्तान में मिले हजारों सिक्के इस क्षेत्र के पूर्व-कुषाण इतिहास के संकेत हैं. पुराने किले में मिले सिक्के, मुहरें और मनके इसी विशाल व्यापारिक नेटवर्क की कड़ी माने जा रहे हैं.
इन सबके बावजूद पुराने के बारे में कुछ ऐसी बातें हैं जिनको सदस्य देशों से कनेक्ट किया जा रहा है.
उज्बेकिस्तान और मध्य एशिया (कुषाण और मुगल काल): पुराना किला की खुदाई में कुषाण काल (पहली से तीसरी शताब्दी ईस्वी) की बस्तियां, सिक्के और चार कमरों वाले आवासीय परिसर के अवशेष मिले हैं. कुषाण साम्राज्य मध्य एशिया (आज के उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान) से लेकर उत्तर भारत तक फैला था. इसके अलावा, 16वीं शताब्दी में इस किले का पुनर्निर्माण ('दीनपनाह' के रूप में) मुगल शासक हुमायूं ने करवाया था, जिनकी जड़ें मध्य एशिया (फरगना/समरकंद, उज्बेकिस्तान) से जुड़ी थीं.
प्राचीन व्यापारिक मार्ग (सिल्क रूट और उत्तरापथ): ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के अनुसार, खुदाई में मिले व्यापारियों के सिक्के और कलाकृतियां दर्शाती हैं कि प्राचीन काल में इस क्षेत्र के उन इलाकों के साथ सक्रिय व्यापारिक संबंध थे, जो आज SCO के सदस्य देश हैं.
ईरान (फारसी वास्तुकला और संस्कृति): किले के भीतर स्थित शेर मंडल और किला-ए-कुहना मस्जिद की वास्तुकला में भारतीय और फारसी (ईरानी) शैलियों का स्पष्ट संगम दिखता है. मुगल दरबार और हुमायूं के ईरान (सफवी साम्राज्य) के साथ गहरे सांस्कृतिक संबंध रहे थे.
चीन (बौद्ध यात्री और आदान-प्रदान): प्राचीन काल में फाह्यान और ह्वेनसांग जैसे चीनी यात्री मध्य एशिया के रास्ते भारत आए थे. पुराना किला के गुप्त और उत्तर-गुप्त काल के स्तर उसी युग के सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान के साक्षी रहे हैं, जिस पर इस मंच में 'मठवासी परंपराओं' (Monastic Trails) के तहत चर्चा हो रही है.
पाकिस्तान (साझी प्राचीन विरासत): ये तो खैर सबको पता है कि पाकिस्तान कभी भारत का ही अंग था. मगर यहां मिले 1200–600 ईसा पूर्व के चित्रित धूसर मृदभांड (Painted Grey Ware) और मौर्य-कुषाण काल के अवशेष उत्तर-पश्चिमी भारतीय उपमहाद्वीप (वर्तमान पाकिस्तान के तक्षशिला और सिंधु क्षेत्र) की साझा पुरातात्विक और व्यापारिक श्रृंखला का हिस्सा रहे हैं
6. पुराने शहरों के अवशेष आज कहां?
- महरौली: लाल कोट और किला राय पिथौरा की प्राचीरें
- सीरी फोर्ट इलाका: अलाउद्दीन खिलजी के शहर की दीवारें
- तुगलकाबाद: विशाल किला
- बेगमपुर और विजय मंडल: जहांपनाह के निशान
- फिरोजशाह कोटला: फिरोजाबाद का हिस्सा, जिसमें अशोक स्तंभ भी है
- पुराना किला: दीनपनाह और शेरगढ़
- पुरानी दिल्ली: शाहजहांनाबाद, यानी लाल किला और जामा मस्जिद
इसे भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन, क्या बढ़ेगा प्रदूषण? इन 11 इलाकों में AQI 300 के पार