SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली में गोवर्धन पूजा का मंच बना सियासी अखाड़ा, सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया पाखंडी; BJP कार्यकर्ताओं ने घेरा

दिल्ली में गोवर्धन पूजा महोत्सव के दौरान सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री और BJP पर निशाना साधा. जिसके बाद कार्यक्रम से लौटते वक्त बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 10, 2026, 07:27 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 07:35 PM IST
Image Credit: दिल्ली में गोवर्धन पूजा का मंच बना सियासी अखाड़ा, सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया पाखंडी; BJP कार्यकर्ताओं ने घेरा
Join

दिल्ली के बुराड़ी में गोवर्धन पूजा का मंच उस वक्त सियासी अखाड़ा बन गया, जब सांसद पप्पू यादव ने धर्म, हिंदुत्व और बीजेपी को लेकर एक के बाद एक तीखे हमले बोले. धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी बताया, यादव समाज के अपमान का मुद्दा उठाया और उत्तर प्रदेश चुनाव में एकजुट होने की अपील भी कर दी. मगर कार्यक्रम खत्म होते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव की गाड़ी घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी.

बुराड़ी में गोवर्धन पूजा महाउत्सव में पहुंचे सांसद पप्पू यादव 
बुराड़ी विधानसभा के मुकुंदपुर में विशाल गोवर्धन पूजा महाउत्सव, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और यादव समाज की एकजुटता के नाम पर भव्य मंच सजा. मगर इस धार्मिक आयोजन में उस वक्त सियासी गर्मी बढ़ गई, जब सांसद पप्पू यादव ने माइक संभाला. यादव समाज की तरफ से आयोजित इस महोत्सव में पहुंचे पप्पू यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया. यादव समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया और आरोप लगाया कि आज भी जगह-जगह यादव समाज को प्रताड़ित और अपमानित किया जाता है.

पप्पू यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर वार, मंच से बोले- पाखंडी
आपको बता दें पप्पू यादव के निशाने पर सिर्फ यादव समाज के अपमान का मुद्दा ही नहीं था. उन्होंने खुले मंच से धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी तक कह दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करते हैं. वहीं संगीत रागी विवाद का जिक्र करते हुए यादव समाज के अपमान का मुद्दा भी उठाया. पप्पू यादव यहीं नहीं रुके. बीजेपी सरकार को हिंदुओं की सरकार बताने पर सवाल खड़े किए. बिहारियों को गाली दिए जाने और छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार खुद को हिंदुओं की हितैषी बताती है तो फिर बिहारियों और उनके सबसे बड़े पर्व छठ को लेकर पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

हैरानी की बात ये रही कि जिस मंच को गोवर्धन पूजा जैसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन के लिए तैयार किया गया था, वहां से राजनीतिक संदेश भी खूब दिए गए. पप्पू यादव ने यादव समाज से एकजुट होकर उत्तर प्रदेश चुनाव में भागीदारी करने की अपील तक कर डाली.

पप्पू यादव की गाड़ी को BJP कार्यकर्ताओं घेरा
असली सियासी टकराव कार्यक्रम खत्म होने के बाद देखने को मिला. जैसे ही पप्पू यादव मंच से उतरे और अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना होने लगे, तभी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी घेर ली. बीजेपी जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे. अचानक बढ़े इस तनाव के बीच आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.

फिहलाल सवाल यही है कि गोवर्धन पूजा जैसे धार्मिक आयोजन के मंच से सियासत करना कितना उचित है? भक्ति के मंच पर सियासी बयानबाजी और फिर गाड़ी घेरकर नारेबाजी... मुकुंदपुर का यह गोवर्धन महोत्सव कई राजनीतिक सवाल छोड़ गया.

(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES