एक हफ्ते के लिए होनी थी बंद, 22 दिन हो गए: रिपोर्ट ने रोकी नोएडा एलिवेटेड रोड की मरम्मत? CEO बोले- 15 दिन बाद काम शुरू होगा
सेक्टर 62 से सेक्टर 18 को जोड़ने वाले नोएडा के एलिवेटेड रोड का एक लेन बंद है. इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मरम्मत के लिए केवल एक हफ्ते के लिए इस सड़क के एक लेन को बंद किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत का काम अगले 15 दिनों में शुरू हो पाएगा.
Noida News: नोएडा की प्रमुख सड़कों में शामिल नोएडा एलिवेटेड रोड का एक लेन पिछले 22 दिनों से बंद है. सेक्टर 33 के पास सड़क के बीचोंबीच बने एक गड्ढे के कारण सुरक्षा के लिहाज से एक लेन को बंद कर दिया गया. बताया गया था कि मरम्मत का काम एक हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन पिछले 22 दिनों से सड़क बंद है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है.
ये सड़क सेक्टर 62 को सेक्टर 18 से सीधी जोड़ती है. लगभग 4.8 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड रोड का एक लेन बंद होने से गाड़ियां वैकल्पिक रास्तों से जा रही हैं, जिस कारण आम लोगों को जाम का सामना करना पड़ा रहा है. इस एक गड्ढे ने सरकारी विभागों की हकीकत और कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है. 21 अक्टूबर से बंद ये सड़क कब खुलेगी, इसका जवाब अब अधिकारियों के पास भी नहीं है.
क्यों नहीं हो पा रही सड़क की मरम्मत
इस सड़क की मरम्मत से पहले कुछ सैंपल आईआईटी रुड़की को भेजे गए हैं, जहां से रिपोर्ट आनी बाकी है. इसी रिपोर्ट का इंतजार नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को है, जिसके बाद काम शुरू किया जाएगा. त्योहारों के इस सीजन में रास्ते के बंद होने के कारण लोग जाम में फंसने को मजबूर हैं. 21 अक्टूबर को एलिवेटेड रोड पर गड्ढा होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से सेक्टर 62 की ओर से सेक्टर 18 की ओर आने वाले लेन को बंद कर दिया गया था.
ग्राउंड रिपोर्ट में क्या दिखा
22 दिनों से एलिवेटेड रोड का एक लेन बंद है और यह कब खुलेगा, इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता है. इस बीच ज़ी न्यूज़ के संवाददाता राहुल मिश्रा ने ग्राउंड रियलटी चेक किया. लगभग 4.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क के एक लेन के बीचोंबीच एक बड़ा गड्ढा है, जिसके आसपास बैरिकेड्स लगाए गए हैं. इसी बड़े से गड्ढे के कारण पूरी लेन को बंद कर दिया गया है और अधिकारी IIT की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद काम शुरू होगा.
ऐसे में सवाल है कि जिस सड़क को केवल एक हफ्ते के लिए बंद किया गया था, उसके खुलने का इंतजार नोएडा की जनता कबतक करेगी. हैरान करने वाली बात है कि यह पहली बार नहीं है, जब इस सड़क को बंद किया गया हो, इससे पहले भी दो बार इस सड़क को मरम्मत के नाम पर बंद किया जा चुका है. तो सवाल है कि क्या निर्माण के दौरान जरूरी टेस्टिंग नहीं की गई थी?
सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस सड़क के बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तीन साल में तैयार किए गए इस एलिवेटेड रोड को बनाते समय क्या जरूरी टेस्टिंग नहीं की गई. इससे पहले भी दो बार इस सड़क पर गड्ढे हो चुके हैं. आम लोगों के मन में सवाल है कि जब कभी शहर में वीआईपी मूवमेंट होता है, तो रातोंरात सड़क बिछ जाती है, लेकिन ये काम जब जनता से जुड़ा है और वाहन चालक रोज जाम का झाम झेल रहे हैं, तो इसको ठीक करने में तेजी क्यों नहीं दिखाई जा रही है.
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने Zee News को क्या बताया?
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने ज़ी न्यूज़ को बताया कि स्ट्रक्चर ऑडिट किया गया है, उनसे (IIT रुड़की) से हमने बात की है. इस सड़क को आईआईटी रुड़की ठीक कराएगी. पूरे मामले में आईआईटी रुड़की ने चार से पांच बार दौरा किया है और सैंपल लेकर गए हैं. आईआईटी लगातार काम कर रही है. अगले 15 दिन में काम शूरू हो जाएगा. नोएडा प्राधिकरण ने कहा कि आईआईटी की रिपोर्ट का इंतजार है और इसके आते ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पहले वाले पटाखे तो कीड़े मारते थे! दिवाली पर प्रदूषण के शोर के बीच बोले मोहन भागवत