नवरात्र में नागौरी चाय की दुकान पर चिकन बनाने को लेकर बवाल, दुकानदार से मारपीट का वीडियो वायरल
दिल्ली के गांधी विहार में नवरात्र के दौरान चाय की दुकान पर चिकन बनाने को लेकर विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने जांच और कार्रवाई की मांग की.
उत्तरी दिल्ली के गांधी विहार में नवरात्र के दौरान नागौरी चाय की दुकान पर चिकन बनाने को लेकर जमकर बवाल हो गया. चाय पीने पहुंचे एक युवक ने
दुकान संचालकों पर हमला कर दिया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. स्थानीय लोगों ने धार्मिक आस्था से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र के गांधी विहार की हैं. जहां नवरात्र के पावन दिनों में नागौरी चाय की दुकान पर चिकन बनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 12 बजे एक युवक चाय पीने के लिए दुकान पर पहुंचा था. आरोप है कि चाय लेने के दौरान उसकी नजर दुकान के पास बनाए जा रहे चिकन पर पड़ी.
आपको बता दें कि युवक ने दुकान पर चाय और चिकन बनाने को लेकर सवाल उठाया. जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया. आरोप है कि युवक ने नागौरी चाय बनाने वाले जैनुल खान और महबूब खान के साथ मारपीट कर दी. पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही तिमारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई. हालांकि, इस मामले में पुलिस ने अब तक क्या कानूनी कार्रवाई की है, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. ऐसे में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.
वहीं स्थानीय लोगों ने नवरात्र के दौरान चाय की दुकान पर चिकन बनाए जाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं. लोगों का कहना है कि गांधी विहार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दूर-दराज से आकर किराए के मकानों में रहते हैं. नवरात्र के दौरान कई लोग व्रत रखते हैं और आसपास की दुकानों से चाय या अन्य खाद्य पदार्थ लेते हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसी स्थिति में चाय के साथ मांसाहारी भोजन बनाए जाने से व्रत रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं. हालांकि, विवाद में मारपीट किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने का मामला बन सकती है. स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करे और अगर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.
फिलहाल इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल यही है कि दुकान पर चिकन बनाए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर मारपीट तक कैसे पहुंचा और पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है?
ये भी पढ़ें: दिल्ली की हवा में घुला जहर! 3 दिन में 100 अंक बढ़ा AQI, ITO में 430 के पार
(नसीम अहमद की रिपोर्ट)