App

जागरण में गए थे दोनों भाई, पीछे से चोरों ने खंगाल दिए घर, ताला तोड़ उड़ाए लाखों के जेवर

ग्रेनो वेस्ट के एक गांव से चोरी का मामला सामने आया है, जहां दो घरों को निशाना बनाया गया है. यहां दो सगे भाई जागरण के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. ऐसे में चोरों को घर खाली मिला. चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और घर से जेवरात की चोरी की है.

जागरण में गए थे दोनों भाई, पीछे से चोरों ने खंगाल दिए घर, ताला तोड़ उड़ाए लाखों के जेवर
Image Credit: ग्रेनो वेस्ट के जलालपुर गांव में चोरों ने दो सगे भाईयों के घरों को निशाना बना लिया

ग्रेनो वेस्ट के रोजा जलालपुर गांव में चोरों ने एक ही रात दो सगे भाईयों के घरों को निशाना बना लिया. दोनों परिवार जागरण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. इसी दौरान चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए. पीड़ित परिवारों के मुताबिक, दोनों घरों से करीब 4.50 लाख रुपये की नकदी और 15 से 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी हुए हैं. बिसरख कोतवाली पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.

कैसे की चोरी? 

जलालपुर निवासी सोनू ने बताया कि उनके और उनके छोटे भाई के घर में चोरी हुई है. दोनों बड़े भाई के यहां 15 अक्टूबर को आयोजित जागरण में गए थे. घर पर किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. जब उनका छोटा भाई अगले दिन घर वापस पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था और घर से नकदी और जेवरात गायब थे. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

पहले की रेकी

पीड़ितों के अनुसार, घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसमें दो संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास दिखाई दे रहे हैं. दोनों ने चेहरा ढका हुआ था. पीड़ित परिवार को आशंका है कि आरोपियों ने पहले घरों की रेकी की और फिर चोरी की. सीसीटीवी में दिखाई देने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान और चोरी में उनकी भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई

वही, बिसरख पुलिस का कहना है कि प्रकरण के संबंध में वादी की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत की गई है. घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई है. पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर रही है. फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

(ग्रेटर नोएडा से भूपेश प्रताप की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More