SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिवाली से पहले नोएडा में खाद्य विभाग का छापा, बिग बास्केट-ब्लिंकिट समेत 16 स्टोरों को नोटिस

ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की गई है. साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर 16 स्टोरों को नोटिस जारी किए गए. पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं.

Edited By Gaurav Pandey
Published: Oct 27, 2026, 11:38 AM IST | Updated: Oct 27, 2026, 11:40 AM IST
Image Credit: कई पदार्थों के नमूनों को प्रयोगशाला भी भेजा गया है. सांकेतिक तस्वीर एआई
Join

दिवाली से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर अलर्ट जारी है. इसी कड़ी में इनकी बिक्री रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापे मारे हैं. जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों का निरीक्षण किया.

साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी

इस दौरान कई जगह साफ-सफाई की व्यवस्था में कमी मिली. वहीं कुछ प्रतिष्ठानों पर जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे. इन कमियों को देखते हुए विभाग ने 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए. जांच के दौरान पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीन नमूने भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया. यहां साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने और जरूरी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए. इसके अलावा जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई. दादरी में स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. यहां जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया. 

जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन

विभाग का उद्देश्य खाद्य सामग्री के भंडारण से लेकर उपभोक्ताओं तक उसकी डिलीवरी होने तक जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है. विभागीय टीमों ने सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की भी जांच की. इन स्थानों पर साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किए गए.

सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दानों का नमूना लिया गया. वहीं, ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना एकत्र किया गया. पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीनों नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है. इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में कोल्ड रूम के अंदर गंदगी और अव्यवस्था मिली. इस पर विभाग ने जरूरी सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया. मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया. इसके अलावा पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियोमार्ट, पी-3 स्थित केवी एंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विगी स्टोर), शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर का भी निरीक्षण किया गया.

जांच के दौरान कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे दस्तावेजों की उपलब्धता भी देखी गई. सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिवाली के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है और आगे भी निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें.
(रिपोर्ट जी टीवी)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES