SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली में कमर्शियल वाहनों को जाम से मिलेगी राहत! MCD ला रहा स्मार्ट टोल सिस्टम

दिल्ली में MCD टोल टैक्स वसूली को हाईटेक बनाने की तैयारी कर रही है. ANPR कैमरों से वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन होगी और FASTag से टैक्स कटेगा. पहले चरण में 20 प्रमुख बॉर्डर शामिल होंगे, जबकि कुल 154 एंट्री पॉइंट्स स्मार्ट बनाए जाएंगे.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 29, 2026, 19:37 IST | Updated: Nov 29, 2026, 19:38 IST
Image Credit: Delhi MCD Toll Tax (AI Generated Image)
Join

दिल्ली में कमर्शियल वाहनों को अब MCD का टोल टैक्स चुकाने के लिए लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा. दिल्ली नगर निगम (MCD) टोल टैक्स वसूली की पुरानी व्यवस्था को बदलकर हाईटेक सिस्टम लाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत दिल्ली के बॉर्डर पर स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे, जो वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे. इसके बाद FASTag के जरिए टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा. इस व्यवस्था से वाहन चालकों को टोल के लिए रुकने की जरूरत नहीं होगी और बॉर्डर पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है.

रजोकरी बॉर्डर से बदलेगी टोल टैक्स की व्यवस्था

दिल्ली के रजोकरी बॉर्डर से रोजाना बड़ी संख्या में कमर्शियल वाहन राजधानी में प्रवेश करते हैं. फिलहाल यहां टोल टैक्स चुकाने के लिए वाहन चालकों को कतार में लगना पड़ता है. कई बार वाहनों की लंबी लाइन के कारण बॉर्डर पर जाम की स्थिति बन जाती है.

अब MCD इस व्यवस्था को बदलने की तैयारी कर रहा है. नई तकनीक लागू होने के बाद वाहनों को टोल टैक्स देने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. कैमरे और सेंसर वाहन की पहचान कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेंगे.

ANPR कैमरे स्कैन करेंगे नंबर प्लेट

नई व्यवस्था में हाई-स्पीड ANPR कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. ये कैमरे गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को स्कैन कर उनकी पहचान करेंगे. इसके बाद FASTag तकनीक के माध्यम से टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा.

इस पूरे सिस्टम को मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) नाम दिया गया है. इसका मकसद टोल वसूली के दौरान वाहनों को रोके बिना भुगतान की प्रक्रिया पूरी करना है. इससे कमर्शियल वाहन चालकों का समय बचेगा और टोल पॉइंट पर भीड़ कम होने की उम्मीद है.

दिल्ली के 154 एंट्री पॉइंट होंगे स्मार्ट

MCD की योजना दिल्ली के कुल 154 एंट्री पॉइंट्स पर इस आधुनिक तकनीक को लागू करने की है. पहले चरण में 20 प्रमुख बॉर्डर को शामिल किया गया है. इनमें गाजीपुर, रजोकरी, बदरपुर, द्वारका, आया नगर और दिल्ली-गुरुग्राम कॉरिडोर जैसे स्थान शामिल हैं.

स्मार्ट कार्ड के लिए 235 रुपये खर्च करने होंगे

नई व्यवस्था से जुड़ने के लिए कमर्शियल वाहन चालकों के स्मार्ट कार्ड की भी जानकारी सामने आई है. जिन वाहन चालकों के पास निर्धारित स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उनके लिए करीब 235 रुपये में कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

कुल मिलाकर MCD की इस योजना का उद्देश्य दिल्ली के बॉर्डर पर टोल टैक्स वसूली को आसान और तेज बनाना है. अब देखना होगा कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद कमर्शियल वाहन चालकों को जाम और लंबी कतारों से कितनी राहत मिलती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES